What's Hot

6/recent/ticker-posts

Fact Check: यूपी पुलिस की कार्रवाई का बताकर हैदराबाद का पुराना वीडियो फिर से किया जा रहा वायरल

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर उत्तर प्रदेश पुलिस की कार्रवाई का बताकर एक बार फिर से एक वीडियो शेयर किया जा रहा है। इसमें पुलिस को कुछ युवकों की पिटाई करते हुए देखा जा सकता है। दावा किया जा रहा है कि यूपी में धर्म विशेष के लोगों ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) और भाजपा के खिलाफ रैली निकाली थी। जिसके बाद योगी आदित्‍यनाथ की पुलिस ने इनके खिलाफ एक्‍शन लिया।

विश्‍वास न्‍यूज एक बार पहले भी इस वीडियो की सच्‍चाई सामने ला चुका है। दरअसल, वायरल वीडियो हैदराबाद का है। वहां वर्ष 2022 में पुलिस ने पैगंबर मोहम्मद पर विवादास्पद टिप्पणी किए जाने के मामले में प्रदर्शन कर रहे करीब 200 से अधिक प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया था। उसी वक्‍त के वीडियो को अब यूपी का बताकर भ्रम फैलाया जा रहा है।

क्‍या हो रहा है वायरल

फेसबुक यूजर ‘रणजीत सिंह’ ने 9 जनवरी को एक वीडियो को पोस्‍ट करते हुए आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग करते हुए लिखा, “दोपहर 12:00 बजे रैली निकाली। RSS-BJP को काट डालो और शाम 7:00 बजे योगी सरकार ने पिछवाड़ा तोड़ दीया।”

विश्‍वास न्‍यूज ने आपत्तिजनक शब्‍दों को हटाते हुए वायरल पोस्‍ट के कंटेंट को यहां ज्‍यों का त्‍यों लिखा है। इसका आर्काइव वर्जन यहां देखा जा सकता है।

पड़ताल

विश्‍वास न्‍यूज एक बार पहले भी वायरल वीडियो की जांच कर चुका है। उस वक्‍त वायरल वीडियो के की-फ्रेम्स को गूगल रिवर्स इमेज सर्च करने पर ‘Gulbarga 24 News’ के यू-ट्यूब चैनल पर एक वीडियो बुलेटिन मिला, जो वायरल वीडियो से मेल खाता है। 25 अगस्‍त 2022 को इसे अपलोड किया गया था।

वीडियो में बताया गया कि हैदराबाद पुलिस ने शालिबांदा इलाके में कार्रवाई करते हुए कई लोगों को हिरासत में लिया था।

पड़ताल के दौरान की-वर्ड्स से सर्च करने पर द हिंदू की पुरानी रिपोर्ट मिली थी, जिससे वीडियो बुलेटिन में दी गई सूचना की पुष्टि हुई। इसमें बताया गया कि पैगंबर मोहम्मद पर विवादास्पद टिप्पणी के मामले में बीजेपी के निलंबित विधायक टी राजा सिंह के खिलाफ प्रदर्शन के मामले में 24 अगस्त 2022 को हैदराबाद पुलिस ने सैकड़ों प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया था।

पिछली पड़ताल के दौरान टीवी9 हैदराबाद के क्राइम रिपोर्टर मोहम्मद नूर ने विश्‍वास न्‍यूज को बताया था कि वायरल वीडियो हैदराबाद में हुई पुलिस की कार्रवाई का है।

वर्ष 2022 की पड़ताल को विस्‍तार से यहां पढ़ा जा सकता है।

निष्‍कर्ष : विश्‍वास न्‍यूज की जांच में यूपी के नाम पर वायरल वीडियो हैदराबाद का साबित हुआ। वर्ष 2022 में हैदराबाद पुलिस ने एक प्रदर्शन के मामले में सैकड़ों प्रदर्शनकारियों को अरेस्‍ट किया था। उसी वीडियो को अब फिर से यूपी का बताकर वायरल किया जा रहा है।

The post Fact Check: यूपी पुलिस की कार्रवाई का बताकर हैदराबाद का पुराना वीडियो फिर से किया जा रहा वायरल appeared first on Vishvas News.

Post a Comment

0 Comments