नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। असम में इस वर्ष मार्च-अप्रैल के बीच विधानसभा का चुनाव होने की संभावना है और इसी संदर्भ में सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म्स पर एक हिंदी न्यूज चैनल का ब्रेकिंग बुलेटिन वीडियो शेयर हो रहा है, जिसमें दावा किया गया है कि आगामी विधानसभा चुनाव से पहले लीक हुई असम की ‘इंटेलिजेंस रिपोर्ट’ में राज्य में बीजेपी को होने वाले भारी नुकसान की आशंका जताई गई है।
विश्वास न्यूज ने अपनी जांच में इस दावे को फेक पाया। ऐसी कोई रिपोर्ट सामने नहीं आई है और इस दावे के साथ वायरल वीडियो में जिस ‘इंटेलिजेंस रिपोर्ट’ के लीक होने का दावा किया जा रहा है, वह ऑडियो एआई क्रिएटेड है।
क्या है वायरल?
सोशल मीडिया यूजर ‘sourav_kundu14’ ने वायरल वीडियो (आर्काइव लिंक) शेयर करते हुए लिखा है, “Intelligence report says that there is a major electoral threat to BJP in Assam; A change in leadership for CM is being considered as a final damage-control move. Himanta Biswa Sarma might be changed!!” (“खुफिया रिपोर्ट के मुताबिक, असम में बीजेपी को चुनाव में बड़ा खतरा है; आखिरी डैमेज-कंट्रोल कदम के तौर पर मुख्यमंत्री के लिए नेतृत्व में बदलाव पर विचार किया जा रहा है। हिमंत बिस्वा सरमा को बदला जा सकता है!!”)
इंडिया विद कांग्रेस नाम के आधिकारिक एक्स हैंडल (आर्काइव लिंक) से भी इस वीडियो बुलेटिन को शेयर किया गया है।
पड़ताल
वायरल वीडियो में आज तक की न्यूज रिपोर्ट में एक लीक ‘इंटेलिजेंस रिपोर्ट’ के हवाले से दावा किया गया है कि असम विधानसभा चुनाव में बीजेपी को भारी नुकसान हो सकता है। न्यूज सर्च में हमें आज तक की ऐसी कोई रिपोर्ट नहीं मिली, जिससे इसके डीपफेक होने का संदेह पैदा होता है।
इसलिए हमने इस ऑडियो को अलग-अलग डीपफेक डिटेक्शन की मदद से चेक किया। स्विस डीपटेक कंपनी ऑरिजिन.एआई की एनालिसिस में इस वीडियो में यूज किया गया पूरा 40 सेकेंड का ऑडियो ट्रैक 100 फीसदी के कॉन्फिडेंस स्कोर के साथ एआई क्रिएटेड निकला।
अतिरिक्त पुष्टि के लिए हमने हमारे सहयोगी टीआईए (पूर्व में एमसीए) की पहल डीपफेक्स एनालिसिस यूनिट (डीएयू) से संपर्क किया। उन्होंने हमारे साथ कई अन्य डिटेक्शन टूल्स की एनालिसिस को शेयर किया, जिसमें इस मल्टीमीडिया में इस्तेमाल किए गए ऑडियो के एआई क्रिएटेड होने की संभावना की पुष्टि होती है।
हाइव ऑडियो की डिटेक्शन एनालिसिस इस वीडियो में इस्तेमाल किए गए पूरे ऑडियो के एआई क्रिएटेड होने की संभावना की पुष्टि करता है। वहीं, एक अन्य टूल हिया भी इस ऑडियो के एआई क्रिएटेड होने की संभावना की पुष्टि करता है।
हमारी जांच से स्पष्ट है कि वायरल वीडियो में इस्तेमाल किया गया ऑडियो एआई क्रिएटेड है, जिसे हिंदी न्यूज चैनल आज तक के एंकर राजीव धौंडियाल के किसी शो के विजुअल के साथ छेड़छाड़ कर उसमें जोड़ दिया गया है। वायरल वीडियो को शेयर करने वाले यूजर को इंस्टाग्राम पर करीब एक हजार से अधिक लोग फॉलो करते हैं।
गौरतलब है कि असम विधानसभा का मौजूदा कार्यकाल मई 2026 में समाप्त हो रहा है, इसलिए इससे पहले ही चुनावी प्रक्रिया को पूरा कर लिया जाएगा। असम में कुल 126 सीटें हैं और अलग-अलग रिपोर्ट्स और मुख्यमंत्री के बयानों के मुताबिक, चुनाव की तारीखों का एलान फरवरी अंत और मार्च की शुरुआत में किया जा सकता है।
निष्कर्ष: असम के आगामी विधानसभा चुनाव से पहले लीक हुई ‘इंटेलिजेंस रिपोर्ट’ के आधार पर बीजेपी को होने वाले भारी नुकसान की आशंका का दावा फेक है। इस दावे के साथ वायरल हो रहा आज तक का न्यूज बुलेटिन डीपफेक है, जिसमें इस्तेमाल किया गया ऑडियो एआई क्रिएटेड है। इस फेक और क्रिएटेड ऑडियो को न्यूज चैनल के बुलेटिन के वीडियो के साथ जोड़कर फेक दावा किया जा रहा है।
The post Fact Check: असम के आगामी चुनाव में BJP की हार का दावा करती वायरल इंटेलिजेंस रिपोर्ट वाला न्यूज बुलेटिन डीपफेक है appeared first on Vishvas News.
0 Comments