What's Hot

6/recent/ticker-posts

Fact Check: पीएम मोदी ने सिर पर मुकुट और राजसी वेशभूषा नहीं पहनी, AI से बनाई गई तस्‍वीर की जा रही वायरल

नई दिल्‍ली (विश्‍वास न्‍यूज)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 11 जनवरी 2026 को आयोजित सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के मौके पर गुजरात के सोमनाथ मंदिर पहुंचे थे। यह पर्व वर्ष 1026 में महमूद गजनवी द्वारा सोमनाथ मंदिर पर किए गए पहले आक्रमण के 1000 वर्ष पूरे होने पर आयोजित किया गया था। अब इसी से जोड़ते हुए पीएम की एक तस्‍वीर वायरल की जा रही है। इसमें पीएम मोदी को सिर पर मुकुट और राजसी वेशभूषा में दिखाया गया है।

पीएम मोदी की वायरल तस्‍वीर की पड़ताल करने पर हमें पता चला कि यह एआई की मदद से बनाई गई है। 10 जनवरी 2026 को पीएम मोदी गुजरात के सोमनाथ में थे। वहीं की एक तस्‍वीर को एआई की मदद से छेड़छाड़ करके वायरल तस्‍वीर को तैयार किया गया है। विश्‍वास न्‍यूज की जांच में वायरल तस्‍वीर फर्जी साबित हुई।

क्‍या हो रहा है वायरल

फेसबुक यूजर ‘रवि गुप्‍ता’ ने 12 जनवरी 2026 को पीएम मोदी की फर्जी तस्‍वीर को शेयर करते हुए लिखा, “मोदी जी का जनता को संदेश : अब आ गया है महादेव का अवतार। अब चलेगा त्रिशूल अपराधियों और भ्रष्टाचारियों के खिलाफ। एक नए अवतार का जन्म। एक और.संदेश जनता के नाम कि अब बस. केवल डमरू ही बजाऔ।”

विश्‍वास न्‍यूज ने वायरल पोस्‍ट के कंटेंट को यहां ज्‍यों का त्‍यों लिखा है। इसका आर्काइव वर्जन यहां देखा जा सकता है।

पड़ताल

विश्‍वास न्‍यूज ने पीएम मोदी की वायरल तस्‍वीर की सच्‍चाई जानने के लिए सबसे पहले उनके आधिकारिक यूट्यूब चैनल को खंगालना शुरू किया। हमें 11 जनवरी 2026 को अपलोड एक वीडियो मिला। इसमें 10वें सेकंड के बाद पीएम मोदी को हाथों में त्रिशूल उठाए हुए देखा जा सकता है। यह वीडियो गुजरात के सोमनाथ मंदिर का है।

पीएम मोदी के ही यूट्यूब चैनल पर हमें 11 जनवरी 2026 को सोमनाथ में हुए ड्रोन शो का लाइव वीडियो मिला। इसमें 11:43 मिनट की टाइम लाइन पर पीएम मोदी को त्रिशूल के साथ देखा जा सकता है।

इसी तरह हमें भाजपा गुजरात के इंस्‍टाग्राम पर असली तस्‍वीर मिली। इसे भी 11 जनवरी 2026 को पोस्‍ट करते हुए सोमनाथ मंदिर का बताया गया।

विश्‍वास न्‍यूज ने पीएम मोदी की असली तस्‍वीर और वायरल तस्‍वीर का तुलनात्‍मक अध्‍ययन किया। इसमें हमें कई समानाताएं नजर आईं। दोनों तस्‍वीरों के बीच बैकग्राउंड एक ही है। इसी तरह त्रिशूल और उसके पीछे फूल से बनी डिजाइन भी एक ही जैसी नजर आई।

अब तक की जांच से यह तय हो चुका था कि पीएम मोदी की जिस तस्‍वीर को वायरल किया जा रहा है, वह फेक है। इसके बाद विश्‍वास न्‍यूज ने जांच को आगे बढ़ाते हुए एआई कंटेंट चेक करने वाले टूल्‍स की मदद ली। सबसे पहले हमने हाइव मॉडरेशन टूल की मदद से वायरल तस्‍वीर को चेक किया। इस टूल के नतीजों में बताया गया कि पीएम मोदी की वायरल तस्‍वीर 99.9% एआई संभावित है।

इसी तरह दूसरे एआई टूल की मदद से हमने तस्‍वीर को चेक किया । एआई इमेज डिटेक्शन टूल ट्रुथ स्कैन ने इस तस्वीर को 97 फीसदी एआई संभावित बताया।

विश्‍वास न्‍यूज ने जांच को आगे बढ़ाते हुए एआई एक्‍सपर्ट एसके साहिद से संपर्क किया। उनके साथ वायरल तस्‍वीर को साझा किया। उन्‍होंने बताया कि पीएम मोदी की तस्‍वीर एआई निर्मित है।

जांच के दौरान हमने भाजपा की सोशल मीडिया टीम के मेंबर शशि कुमार से भी बात की । उन्‍होंने भी बताया कि वायरल तस्‍वीर फर्जी है। पीएम मोदी की सोमनाथ दौरे की असली तस्‍वीर के साथ छेड़छाड़ करके एआई की मदद से वायरल तस्‍वीर को तैयार किया गया है।

जांच के अंत में हमने पीएम मोदी की फर्जी तस्‍वीर शेयर करने वाले फेसबुक यूजर की जांच की । रवि गुप्‍ता नाम के इस यूजर को फेसबुक पर छह सौ से ज्‍यादा लोग फॉलो करते हैं। यूजर राजस्‍थान के जयपुर का रहने वाला है।

निष्‍कर्ष: विश्‍वास न्‍यूज की पड़ताल में पीएम मोदी की वायरल तस्‍वीर फर्जी साबित हुई। इसे एआई टूल की मदद से बनाया गया है। असली तस्‍वीर में पीएम मोदी ने राजसी ड्रेस और मुकुट नहीं पहना था।

The post Fact Check: पीएम मोदी ने सिर पर मुकुट और राजसी वेशभूषा नहीं पहनी, AI से बनाई गई तस्‍वीर की जा रही वायरल appeared first on Vishvas News.

Post a Comment

0 Comments