What's Hot

6/recent/ticker-posts

Fact Check: त्रिपुरा में सांप्रदायिक हिंसा से जोड़कर 2021 में हुई झड़प का वीडियो किया जा रहा वायरल

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। त्रिपुरा के उनाकोटी जिले में हुए सांप्रदायिक संघर्ष में करीब 10 लोग घायल हुए हैं। इससे जोड़कर सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें कारों में लगी आग को देखा जा सकता है। कुछ यूजर्स वीडियो को हालिया हिंसा से जोड़कर शेयर कर रहे हैं।

विश्वास न्यूज ने इसकी जांच की तो पता चला कि वायरल वीडियो सितंबर 2021 में दो दलों के समर्थकों के बीच हुई झड़प के दौरान है। हालांकि, 10 जनवरी को उनाकोटी में मंदिर का चंदा लेने को लेकर सांप्रदायिक हिंसा भड़क उठी थी। फिलहाल अब वहां स्थिति काबू में है।

क्या है वायरल पोस्ट?

इंस्टाग्राम यूजर durga00up55 ने 11 जनवरी 2026 को वीडियो को शेयर (आर्काइव लिंक) करते हुए लिखा है, “त्रिपुरा में भड़की सांप्रदायिक हिंसा, कई घरों में आगजनी; हालात तनावपूर्ण, इंटरनेट सेवाएं बंद
त्रिपुरा में एक बार फिर सांप्रदायिक हिंसा भड़क उठी है। देर रात कुछ इलाकों में गुस्साई भीड़ ने कई घरों को निशाना बनाते हुए आगजनी की, जिससे इलाके में दहशत फैल गई। हिंसा की खबर मिलते ही प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में करने की कोशिश शुरू की। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने एहतियातन प्रभावित इलाकों में इंटरनेट सेवाएं अस्थायी रूप से बंद कर दी हैं, ताकि अफवाहों और भड़काऊ संदेशों को फैलने से रोका जा सके। भारी संख्या में पुलिस और अर्धसैनिक बल तैनात किए गए हैं, वहीं संवेदनशील इलाकों में गश्त बढ़ा दी गई है। प्रशासन का कहना है कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन तनाव बना हुआ है। आगजनी में हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। हिंसा के पीछे के कारणों की जांच जारी है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया गया है। लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की गई है।

tripura unokoti news

पड़ताल

वायरल दावे की जांच के लिए हमने सबसे पहले कीवर्ड से इस बारे में गूगल पर सर्च किया। इंडिया टुडे एनई की वेबसाइट पर 12 जनवरी को पीटीआई के हवाले से छपी खबर के अनुसार, “10 जनवरी को त्रिपुरा के उनाकोटी जिले में हुए सांप्रदायिक हिंसा के मामले में 10 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। हिंसा कुमारघाट सब-डिवीजन के सैदरपार में मंदिर के लिए चंदा लेने को लेकर भड़की थी। स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है। इंटरनेट सेवाएं निलंबित हैं। स्थिति की समीक्षा की जाएगी और उसी के अनुसार प्रतिबंधों में ढील देने का फैसला लिया जाएगा। झड़पों के दौरान चार पुलिसकर्मी और छह नागरिक घायल हुए हैं।”

tripura unokoti news

इसके बाद हमने वायरल वीडियो का कीफ्रेम निकालकर उसे गूगल लेंस से सर्च किया। न्यूज 18 की वेबसाइट पर 8 सितंबर 2021 को छपी खबर में वायरल वीडियो के कीफ्रेम का इस्तेमाल किया गया है। खबर के अनुसार, “त्रिपुरा के सोनमुरा, उदयपुर और बिशालगढ़ समेत कई जगहों पर बड़ी हिंसा हुई। लेफ्ट पार्टी के अनुसार, भाजपा के कार्यकर्ताओं ने उदयपुर और बिशालगढ़ में कई जगहों पर उनके पार्टी ऑफिस में तोड़फोड़ की। वहीं, बीजेपी ने आरोप लगाया है कि हमला लेफ्ट की तरफ से हुआ था। सुष्मिता देव के नेतृत्व में TMC की टीम हालात का जायजा लेने के लिए मौके पर पहुंची और CPI(M) पार्टी ऑफिस भी गई।” फोटो के कैप्शन में लिखा है, “8 सितंबर को अगरतला में भाजपा और CPI(M) समर्थकों के बीच झड़प के बाद जलती हुई गाड़ियां।”

tripura unokoti news

वायरल वीडियो के कीफ्रेम और न्यूज 18 की वेबसाइट पर अपलोड तस्वीर के कोलाज को यहां देखा जा सकता है।

tripura unokoti news

इंडियन एक्सप्रेस की वेबसाइट पर 8 सितंबर 2021 को छपी खबर में इस वीडियो के कीफ्रेम को देखा जा सकता है। इसमें भी मामला भाजपा और विपक्षी CPM के कार्यकर्ताओं के बीच हुई झड़प का बताया गया।

tripura unokoti news

इस बारे में हमने त्रिपुरा के स्थानीय न्यूज पोर्टल त्रिपुरा इन्फो डॉट कॉम के संपादक जयंता देबनाथ से संपर्क कर उनको वायरल वीडियो भेजा। उन्होंने कहा, हालिया हिंसा में दो कारें जलाई गई हैं, लेकिन वायरल वीडियो इस मामले का नहीं है। अब वहां शांति है।

पुराने वीडियो को हालिया हिंसा से जोड़कर शेयर करने वाले इंस्टा यूजर की प्रोफाइल को हमने स्कैन किया। यूजर के करीब 1500 फॉलोअर्स हैं।

The post Fact Check: त्रिपुरा में सांप्रदायिक हिंसा से जोड़कर 2021 में हुई झड़प का वीडियो किया जा रहा वायरल appeared first on Vishvas News.

Post a Comment

0 Comments