What's Hot

6/recent/ticker-posts

Fact Check : मुंबई के मीरा-भायंदर पुल पर फंसी बस की वायरल तस्वीर AI निर्मित है

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। मुंबई का मीरा-भायंदर पुल अपनी डिजाइन को लेकर चर्चा में है। इससे जोड़कर सोशल मीडिया पर एक तस्वीर वायरल हो रही है। इसमें पुल पर फंसी हुई बस को देखा जा सकता है। कुछ यूजर्स इस फोटो को बिहार के सोनपुर मं​डल का बताकर भी शेयर कर रहे हैं।

विश्वास न्यूज ने इसकी जांच की तो पता चला कि मीरा-भायंदर पुल की डिजाइन कुछ ऐसी है, जिस कारण वह चार से अचानक दो लेन का हो जाता है। यह पुल अपनी डिजाइन के कारण चर्चा में है। हालांकि, पुल अभी चालू नहीं हुआ है और यहां फंसी हुई बस की वायरल तस्वीर एआई टूल की मदद से बनाई गई है।

क्या है वायरल पोस्ट?

एक्स यूजर Congress Kerala ने 28 जनवरी 2026 को तस्वीर को पोस्ट (आर्काइव लिंक) करते हुए लिखा है, “एक समाज तब महान बनता है, जब बुजुर्ग ऐसे पेड़ लगाते हैं, जिनकी छांव में वे कभी नहीं बैठ पाएंगे। एक समाज तब रुक जाता है, जब वे ऐसे पुल बनाते हैं, जिनसे एक बस भी नहीं गुजर सकती। भ्रष्टाचार गरीबों पर एक टैक्स है, लेकिन नाकाबिलियत हर किसी पर एक टैक्स है।” (अनुवाद)

फेसबुक यूजर ‘खगड़िया जंक्शन’ ने इस तस्वीर (आर्काइव लिंक) को सोनपुर मंडल का बताते हुए शेयर किया है।

Mumbai Mira bhayandar flyover

पड़ताल

वायरल दावे की जांच के लिए हमने पहले तस्वीर को गूगल लेंस से सर्च किया। इससे मिलती-जुलती तस्वीर हमें एक्स यूजर Manoj Arora की पोस्ट में मिली, जिसे 29 जनवरी को पोस्ट किया गया है। तस्वीर में पुल तो वही है, लेकिन इसमें बस नहीं है।

ऐसी ही तस्वीर हमें हिन्दुस्तान टाइम्स और मुंबई लाइव की वेबसाइट पर प्रकाशित खबरों में भी मिली। इनमें भी बस नहीं दिख रही है।

कोलाज में वायरल और एक्स यूजर की पोस्ट की गई तस्वीर में अंतर को देखा जा सकता है।

mumbai mira bhayandar flyover controversy in hindi

वायरल तस्वीर को ध्यान से देखने पर इसमें गूगल जेमिनी का लोगो देखा जा सकता है। इससे हमें असली तस्वीर में एआई से छेड़छाड़ की संभावना लगी।

mumbai mira bhayandar flyover controversy in hindi

इसके बाद हमने वायरल तस्वीर को हाईव मॉडरेशन से चेक किया, तो इसमें इसे 99 फीसदी से अधिक एआई संभावित बताया गया।

mumbai mira bhayandar flyover controversy in hindi

हमने गूगल डीपमाइंड के Synth ID टूल का भी प्रयोग किया। यहां वायरल तस्‍वीर को सर्च करने पर पता चला कि यह तस्‍वीर एआई की मदद से बनाई गई है।

mumbai mira bhayandar flyover controversy in hindi

इससे यह तो साफ हो गया कि वायरल तस्वीर एआई जेनरेटेड है।

क्या है मामला?

हिन्दुस्तान टाइम्स की वेबसाइट पर 29 जनवरी 2026 को छपी खबर के अनुसार, मीरा-भायंदर में डबल-डेकर फ्लाईओवर के डिजाइन को लेकर लगातार आलोचना झेलने के बाद मुंबई मेट्रोपॉलिटन रीजन डेवलपमेंट अथॉरिटी (MMRDA) ने अगले महीने स्ट्रक्चर के तय उद्घाटन से पहले इसमें बदलाव करने का फैसला किया है। गोल्डन नेस्ट जंक्शन पर बना यह फ्लाईओवर तीन दिन से सोशल मीडिया पर आलोचनाओं का सामना कर रहा है। यात्री और एक्टिविस्ट एक ऐसे हिस्से को लेकर सुरक्षा चिंताओं को उठा रहे हैं, जहां चार ट्रैफिक लेन अचानक से दो लेन में सिकुड़ जाती हैं।

एक्स यूजर Gems of Mira Bhayandar के हैंडल से 26 जनवरी 2026 को इस पुल का वीडियो पोस्ट किया गया है। इसमें भी इसकी डिजाइन को देखा जा सकता है, जिसको लेकर विवाद हुआ है।

MMRDA के एक्स हैंडल से इस एक्स पोस्ट के जवाब में 27 जनवरी 2026 को कहा गया है कि फ्लाईओवर ‘अचानक संकरा’ नहीं होता है। 4 लेन से 2 लेन में बदलना डिजाइन की कमी नहीं है, बल्कि यह उपलब्ध सड़क की चौड़ाई की सीमाओं और भविष्य की नेटवर्क प्लानिंग पर आधारित है। प्लानिंग के अनुसार, फ्लाईओवर को भायंदर ईस्ट के लिए दो लेन और भविष्य में भायंदर वेस्ट के लिए दो कनेक्टिंग लेन के साथ डिजाइन किया गया है। इसमें य​ह भी कहा गया है कि फ्लाईओवर को जनता के लिए खोलने से पहले किसी भी अतिरिक्त वाहन सुरक्षा उपायों के लिए ट्रैफिक पुलिस से सक्रिय रूप से मार्गदर्शन लिया जा रहा है।

इस बारे में हमने मुंबई के पत्रकार वरुण सिंह से संपर्क किया। उन्होंने कहा कि यह तस्वीर मुंबई के मीरा-भायंदर पुल की है। अभी पुल का उद्घाटन नहीं हुआ है। इस पर अभी गाड़ियां नहीं चल रही हैं और यहां फंसी बस की वायरल तस्वीर एआई निर्मित है।

तस्वीर को शेयर करने वाले यूजर के 1 लाख 52 हजार से अधिक फॉलोअर्स हैं।

The post Fact Check : मुंबई के मीरा-भायंदर पुल पर फंसी बस की वायरल तस्वीर AI निर्मित है appeared first on Vishvas News.

Post a Comment

0 Comments