What's Hot

6/recent/ticker-posts

Fact Check: बिहार में यूजीसी को लेकर हुए प्रदर्शन का नहीं है यह वीडियो, वायरल दावा गलत

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। यूनिवर्सिटी ग्रांट्स कमीशन (UGC) के नए नियमों पर सुप्रीम कोर्ट ने 29 जनवरी 2026 को रोक लगा दिया। साथ ही, यूजीसी के नए नियमों को लेकर कोर्ट ने केंद्र सरकार से जवाब भी मांगा है। इसी से जोड़ते हुए भीड़ का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि यह यूजीसी नियमों को लेकर बिहार में हुए प्रदर्शन का है। 

विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा गलत है। असल में वायरल हो रहा वीडियो बिहार में हुए प्रदर्शन का नहीं, बल्कि असम के एक सिंगर के अंतिम संस्कार का है। दरअसल, सितंबर 2025 में गुवाहाटी में दिवंगत सिंगर जुबीन गर्ग के अंतिम संस्कार में श्रद्धांजलि देने के लिए भारी भीड़ इकट्ठा हुई थी। इसी के वीडियो को अब यूजीसी के नए नियमों के खिलाफ बिहार में हुए प्रदर्शन का बताकर शेयर किया जा रहा है।

क्या हो रहा है वायरल?

फेसबुक यूजर ‘Jayveer Chauhan’ ने 29 जनवरी 2026 को वीडियो शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा है, “UGC Remove के लिए बिहार में आंदोलन की चिंगारी बढ़ती नजर आ रही है पटना बिहार में छात्रो ने किया आंदोलन पटना का डाकबंगला जाम।”

पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल 

वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने वीडियो के कई कीफ्रेम निकाले और उन्हें गूगल रिवर्स इमेज के जरिए सर्च किया। हमें वायरल वीडियो ‘mahariaprahlad’ नाम के इंस्टाग्राम अकाउंट पर मिला। वीडियो को 21 सितंबर 2025 को शेयर किया गया था। कैप्शन के अनुसार, “गायक स्व.जुबिन गर्ग के अंतिम दर्शन करने पहुंचे असम के लोग ! गुवाहाटी में लाखों लोगों ने एक साथ जुबिन जुबिन जुबिन के नारों के साथ अपने लाडले गायक को दी भावभीनी श्रद्धांजलि।”

प्राप्त जानकारी के आधार पर हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स की मदद से सर्च किया। हमें वीडियो का लंबा वर्जन ‘Indiatimes’ के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर मिला। वीडियो को 22 सितंबर 2025 को अपलोड किया गया था। मौजूद जानकारी के मुताबिक, वीडियो दिवंगत सिंगर जुबीन गर्ग के अंतिम संस्कार का है। गुवाहाटी में सिंगर को श्रद्धांजलि देने के लिए हजारों लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई थी।

पड़ताल के दौरान हमें वायरल वीडियो असम के बीजेपी विधायक शिबू मिश्रा के आधिकारिक फेसबुक अकाउंट पर भी मिला। वीडियो को 21 सितंबर 2025 को शेयर किया गया था। यहां पर भी असमिया भाषा में इस वीडियो को दिवंगत सिंगर जुबीन गर्ग के अंतिम संस्कार का बताया गया है।

अधिक जानकारी के लिए हमने दैनिक जागरण पटना के चीफ रिपोर्टर जितेंद्र कुमार से संपर्क किया। उन्होंने वीडियो को लेकर किए जा रहे दावे को गलत बताया है।

एनडीटीवी की वेबसाइट पर 29 जनवरी 2026 को प्रकाशित एक रिपोर्ट के अनुसार, “सुप्रीम कोर्ट ने यूजीसी के नए नियमों पर सुनवाई करते हुए बड़ा आदेश दिया है। चीफ जस्टिस सूर्यकांत और जस्टिस ज्योमाल्या बागची की बेंच में मामले की सुनवाई के दौरान शीर्ष अदालत ने कहा कि यूजीसी के नए नियम अस्पष्ट हैं और इनके दुरुपयोग का खतरा है। इसके बाद कोर्ट ने यूजीसी के नए नियमों पर स्टे लगा दिया है। कोर्ट ने नए नियमों पर केंद्र सरकार से जवाब भी मांगा है। इस मामले की अगली सुनवाई अब 19 मार्च को होगी।”

क्या है नया नियम?

दिल्ली टेक्निकल यूनिवर्सिटी की वेबसाइट पर यूजीसी के गजट को देखा जा सकता है। इसके अनुसार, ‘विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (उच्च शिक्षा संस्थान में समता के संवर्धन हेतु) विनियम, 2026’ को लागू किया जाता है। इसे धर्म, जाति, दिव्यांगता और लिंग आधारित भेदभाव को खत्म करने के लिए लागू किया गया है, जिसमें अनुसूचित जाति (एससी), अनुसूचित जनजाति (एसटी) और अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी), दिव्यांग और महिलाएं शामिल हैं। इसके तहत प्रत्येक संस्थान में ‘समान अवसर केंद्र’ बनेगा, जिसे सभी वर्गों को समान अवसर देना होगा। साथ ही ‘समता समिति’ होगी, जो भेदभाव संबंधी शिकायतों की जांच करेगी। इसमें एससी, एसटी, ओबीसी, दिव्यांग और महिलाओं का प्रतिनिधित्व जरूरी होगा।

ईटीवी भारत कीवेबसाइट पर 28 जनवरी 2026 को पर प्रकाशित एक रिपोर्ट के मुताबिक, “पटना के प्रमुख चौराहे दिनकर गोलंबर पर नए यूजीसी बिल के खिलाफ छात्रों ने उग्र प्रदर्शन किया था। इस दौरान आक्रोशत छात्रों ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और सड़क पर आगजनी की गई। ABSU और सवर्ण एकता मंच के बैनर तले प्रदर्शन किया गया था।”

अंत में हमने वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर को 10 हजार लोग फेसबुक पर फॉलो करते हैं। अपनी प्रोफाइल में यूजर ने खुद को डिजिटल क्रियेटर बताया है।

निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि यूजीसी प्रदर्शन के नाम पर वायरल वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा गलत है। असल में वायरल हो रहा वीडियो बिहार में हुए प्रदर्शन का नहीं, बल्कि असम के सिंगर के अंतिम संस्कार का है। दरअसल, सितंबर 2025 में गुवाहाटी में दिवंगत सिंगर जुबीन गर्ग के अंतिम संस्कार में श्रद्धांजलि देने के लिए भारी भीड़ इकट्ठा हुई थी।

The post Fact Check: बिहार में यूजीसी को लेकर हुए प्रदर्शन का नहीं है यह वीडियो, वायरल दावा गलत appeared first on Vishvas News.

Post a Comment

0 Comments