What's Hot

6/recent/ticker-posts

Fact Check: बुलडोजर पर पत्थर मारती महिला का वीडियो नेपाल का, यूपी का नहीं

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर बुलडोजर का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि एक महिला बुलडोजर पर पत्थर फेंक कर मारती है और फिर तुरंत पुलिसकर्मी आकर उसे पकड़ लेते हैं। इस पोस्ट को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि यह उत्तर प्रदेश में हुई एक घटना का वीडियो है।  

विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा गलत है। वीडियो का भारत से कोई संबंध नहीं है। वीडियो हाल-फिलहाल का नहीं, बल्कि अगस्त 2025 का है और नेपाल में हुई एक घटना का है। पुराने और असंबंधित वीडियो को उत्तर प्रदेश का बताते हुए शेयर किया जा रहा है।

क्या हो रहा है वायरल?

फेसबुक यूजर ‘Sanjeev Awasthi’ ने 23 दिसंबर 2025 को वायरल वीडियो को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा है, “पत्थर मारने से पहले ये भूल गई थी…यहाँ योगी राज है। जय हो बुलडोज़र बाबा!”

पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल 

वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने इनविड टूल की मदद से वीडियो के कई कीफ्रेम निकाले और उन्हें गूगल रिवर्स इमेज की मदद से सर्च किया। हमें वायरल वीडियो का लंबा वर्जन ‘Live news raftaar’ नाम के फेसबुक पेज पर मिला। वीडियो को 15 अगस्त 2025 को शेयर किया गया था। मौजूद जानकारी के मुताबिक, वीडियो नेपाल में हुई एक घटना का है, जहां एक झुग्गी में बुलडोजर चलाने के बाद लोगों ने पथराव किया था। यह वीडियो उसी घटना का है। 

प्राप्त जानकारी के आधार पर हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स की मदद से सर्च किया। हमें इस घटना से जुड़ी एक रिपोर्ट नेपाल के ‘काठमांडू पोस्ट’ नाम की एक वेबसाइट पर मिली। रिपोर्ट को 15 अगस्त 2025 को प्रकाशित किया गया था। रिपोर्ट के अनुसार, काठमांडू में जब नगर निगम के अधिकारी मनोहरा नदी के किनारे बने अवैध घरों को हटाने के लिए पहुंचे तो अतिक्रमणकारियों और पुलिस के बीच झड़प हो गई।

वीडियो को गौर से देखने पर हमने पाया कि इसमें नजर आ रहे पुलिसकर्मियों की वर्दी पर ‘KMC’ लिखा हुआ है। इसके बारे में गूगल पर सर्च करने पर हमने पाया कि इसका फुल फॉर्म ‘Kathmandu Metropolitan CIty’ (काठमांडू महानगर पुलिस) है। जब हमने काठमांडू महानगर पुलिस की यूनिफॉर्म के बारे में सर्च किया तो पाया कि यह हूबहू वायरल वीडियो में नजर आ रहे पुलिसकर्मियों की वर्दी जैसा है। 

अधिक जानकारी के लिए हमने काठमांडू के पत्रकार अनुज अरोरा से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि वायरल वीडियो करीब चार महीने पुराना है और नेपाल का है। यह वीडियो अतिक्रमण हटाने को लेकर हुई एक घटना से जुड़ा हुआ है।

अंत में हमने वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर के फेसबुक अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर को 1.9 हजार लोग फॉलो करते हैं। यूजर ने प्रोफाइल पर खुद को हरियाणा का रहने वाला बताया है।

निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि बुलडोजर पर पत्थर फेंकती महिला के वायरल वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा गलत है। वीडियो का भारत से कोई संबंध नहीं है। वीडियो हाल-फिलहाल का नहीं, बल्कि अगस्त 2025 में नेपाल में हुई एक घटना का है। पुराने और असंबंधित वीडियो को अब उत्तर प्रदेश का बताते हुए शेयर किया जा रहा है।

The post Fact Check: बुलडोजर पर पत्थर मारती महिला का वीडियो नेपाल का, यूपी का नहीं appeared first on Vishvas News.

Post a Comment

0 Comments