नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। एक बच्चा काबुल से एयरप्लेन के लैंडिंग गियर में छिपकर सही-सलामत दिल्ली आ पहुंचा। इसी के बाद से ही सोशल मीडिया पर एयरप्लेन का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में एक बिल्ली को एयरप्लेन के विंग पर बैठे हुए देखा जा सकता है। इसे असली घटना का बताते हुए शेयर किया जा रहा है।
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा गलत है। असल में वायरल हो रहे वीडियो को एआई की मदद से बनाया गया है, जिसे अब गलत दावे के साथ वायरल किया जा रहा है।
क्या हो रहा है वायरल ?
फेसबुक यूजर ‘Shoaib Choudhary’ ने 24 सितंबर को वायरल वीडियो को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा है, “अल्लाह हिफाजत करे इस बेजुबान जानवर की …ये क्लिप जहाज को उड़ान भरते हुए लिया गया है, अगर इससे पहले पता चल जाता तो शायद इस #बिल्ली को जहाज के पर से उतार दिया जाता उम्मीद है..पता नहीं क्या हुआ होगा बिल्ली का।”
पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल
वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स की मदद से सर्च किया। हमें दावे से जुड़ी कोई न्यूज रिपोर्ट नहीं मिली। फिर हमने वीडियो को गौर से देखा। हमने पाया कि विमान उड़ान भरता है और बिल्ली नीचे नहीं गिरती है, वहीं पर रहती है, जबकि असल में ऐसा होना संभव नहीं है। ऐसे में हमें वीडियो के एआई की मदद से बने होने का संदेह हुआ।
पड़ताल के आगे बढ़ाते हुए हमने वीडियो के कई कीफ्रेम निकाले और उन्हें एआई टूल्स की मदद से सर्च किया। सबसे पहले एआई और नॉट पर कीफ्रेम सर्च किया। टूल ने तस्वीरों को एआई की मदद से बने होने की संभावना जताई।

हमने हाइव मॉडरेशन पर वीडियो को सर्च किया। इस टूल ने वीडियो के 94 फीसदी तक एआई की मदद से बने होने की संभावना जताई और वीडियो को डीपफेक बताया।

जांच के दौरान हमने कीफ्रेम को गूगल रिवर्स इमेज की मदद से भी सर्च किया। हमें वायरल वीडियो ‘astral films’ नाम के एक टिक टॉक अकाउंट पर मिला। हमने एक्सप्रेस वीपीएन का इस्तेमाल करते हुए वीडियो पर क्लिक किया। वीडियो को 22 सितंबर को शेयर किया गया था। मौजूद जानकारी के मुताबिक, वीडियो को एआई की मदद से बनाया गया है।

हमने जब ‘astral films’ के टिक टॉक अकाउंट को खंगालना शुरू किया। हमने पाया कि अकाउंट पर इसी तरह के एआई से बने वीडियो को शेयर किया गया है।

अधिक जानकारी के लिए हमने एआई एक्सपर्ट अजहर माचवे के साथ संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि वायरल वीडियो एआई की मदद से बनाया गया है। वीडियो में देखा जा सकता है कि बिल्ली एयरप्लेन के विंग पर बैठी है और वो नीचे नहीं गिर रही है। साथ ही हवा का उस पर कोई असर नहीं हो रहा है। वीडियो में विमान की आवाज भी नहीं आ रही है, जबकि जब विमानउड़ान भरता है, तब इंजन की आवाज आती है, लेकिन वीडियो में महिला की ही आवाज मौजूद है।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि विमान के विंग पर बैठी बिल्ली के वायरल वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा गलत है। असल में वायरल हो रहे वीडियो को एआई की मदद से बनाया गया है, जिसे अब गलत दावे के साथ वायरल किया जा रहा है।
The post Fact Check: उड़ान भरते विमान के विंग पर बैठी बिल्ली का वीडियो एआई निर्मित appeared first on Vishvas News.
0 Comments