What's Hot

6/recent/ticker-posts

Fact Check: राहुल गांधी के वैष्णो देवी जाने का वीडियो पुराना, भ्रामक दावे से वायरल 

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर पैदल यात्रा करते हुए कांग्रेस सांसद और नेता-प्रतिपक्ष राहुल गांधी का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि उन्होंने हाल ही में नवरात्र के मौके पर माता वैष्णो देवी के दर्शन करने के लिए पहुंचे। इस दौरान उन्होंने पैदल यात्रा की। 

विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा भ्रामक है। वायरल वीडियो करीब चार साल पुराना है। असल में साल 2021 में राहुल गांधी पैदल चलकर वैष्णो देवी के दर्शन करने के लिए पहुंचे थे। पुराने वीडियो को भ्रामक दावे के साथ शेयर किया जा रहा है।

क्या हो रहा है वायरल?

फेसबुक यूजर ने ‘Gada Times – गाड़ा टाइम्स’ ने 23 सितंबर 2025 को वायरल वीडियो को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा है, “राहुल गांधी ने माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए 14 किलोमीटर पैदल यात्रा की, VIP सुविधाओं को त्यागा। नवदुर्गा के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच यह यात्रा उनके विश्वास और जनता से जुड़ाव को दर्शाती है। भूस्खलन के बाद मंदिर के फिर से खुलने के तुरंत बाद यह दौरा राजनीति और धर्म के बीच की जटिलता को उजागर करता है।”

पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल 

दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स की मदद से सर्च किया। हमें वायरल वीडियो कांग्रेस के आधिकारिक एक्स अकाउंट पर मिला। वीडियो को 9 सितंबर 2021 को शेयर किया गया था। कैप्शन में लिखा है, “माता वैष्णो देवी का आशीर्वाद लेने के लिए राहुल गांधी जी श्रद्धालुओं के साथ मां के दरबार की तरफ आगे बढ़ते हुए।”

पड़ताल के दौरान हमें वीडियो का लंबा वर्जन राहुल गांधी के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर मिला। वीडियो को 10 सितंबर 2021 को अपलोड किया गया था। मौजूद जानकारी के अनुसार, वीडियो करीब चार साल पहले राहुल गांधी के वैष्णो देवी के मंदिर जाकर दर्शन करने का है।

हिंदुस्तान टाइम्स की वेबसाइट पर 10 सितंबर 2021 को प्रकाशित रिपोर्ट के अनुसार, राहुल गांधी  पैदल चलकर वैष्णो देवी के दर्शन करने के लिए पहुंचे थे।

अधिक जानकारी के लिए हमने दैनिक जागरण, जम्मू- कश्मीर के ब्‍यूरो चीफ नवीन नवाज से संपर्क किया। उन्होंने वीडियो को पुराना बताया है। 

अंत में हमने वीडियो को भ्रामक दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर एक विचारधारा से जुड़ी पोस्ट को शेयर करता है। यूजर को 41 हजार लोग फॉलो करते हैं।

निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि राहुल गांधी के वैष्णो देवी के जाने के पुराने वीडियो को भ्रामक दावे के साथ शेयर किया जा रहा है। वायरल वीडियो करीब चार साल पुराना है। असल में साल 2021 में राहुल गांधी पैदल करीब चलकर वैष्णो देवी के दर्शन करने के लिए पहुंचे थे।

The post Fact Check: राहुल गांधी के वैष्णो देवी जाने का वीडियो पुराना, भ्रामक दावे से वायरल  appeared first on Vishvas News.

Post a Comment

0 Comments