What's Hot

6/recent/ticker-posts

Fact Check: बिहार का नहीं है, बीजेपी नेता पर अंडे से हमला करने का यह वायरल वीडियो

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर भारतीय जनता पार्टी का गमछा पहने कुछ लोगों का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि कुछ लोगो बीजेपी का गमछा पहने कहीं जा रहे होते हैं, तभी कुछ लोग उन पर अंडा फेंकना शुरू कर देते हैं। वीडियो को बिहार चुनाव से जोड़ते हुए शेयर कर दावा किया जा रहा है कि बिहार में वोट मांगने गए बीजेपी नेता को अंडे मारकर भगाया।

विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा भ्रामक है। वीडियो का बिहार चुनाव से कोई संबंध नहीं है। असल में वायरल वीडियो कर्नाटक के बेंगलुरु का है। जब बीजेपी विधायक एक कार्यक्रम में जा रहे थे। उसी दौरान कुछ लोगों ने उन्हें अंडे फेक कर मारे थे। हालांकि, अंडे मारने वाले लोगों को हिरासत में भी लिया गया था। 

क्या हो रहा है वायरल ?

फेसबुक यूजर ‘Reel Reactions’ ने 29 अगस्त 2025 को वायरल वीडियो को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा है, “बीजेपी नेता पे अंडा से हमला।”

पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल 

वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने वीडियो के कई कीफ्रेम निकाले और उन्हें गूगल रिवर्स इमेज की मदद से सर्च किया। हमें वायरल वीडियो से जुड़ी एक रिपोर्ट ‘द इंडियन एक्सप्रेस’ के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर मिला। वीडियो को 26 दिसंबर 2024 को शेयर किया गया था। मौजूद जानकारी के अनुसार, घटना कर्नाटक के बेंगलुरु की है। जब भाजपा विधायक मुनिरत्न नायडू बेंगलुरु में एक कार्यक्रम में जा रहे थे और कुछ लोगों ने उन पर अंडे फेक कर मारे। उन्होंने इस हमले को उनकी हत्या की साजिश बताया था।  

एबीपी न्यूज की वेबसाइट पर 26 दिसंबर 2024 को प्रकाशित एक रिपोर्ट के अनुसार, “भाजपा विधायक मुनिरत्ना पर बेंगलुरु में एक कार्यक्रम के दौरान अज्ञात लोगों ने अंडे फेंके। मुनिरत्ना राज्य की राजधानी के पश्चिमी हिस्से में स्थित लक्ष्मी देवी नगर इलाके में पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती के अवसर पर आयोजित एक कार्यक्रम में भाग ले रहे थे। तभी यह हादसा हुआ।”

प्राप्त जानकारी के आधार पर हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स की मदद से सर्च किया। हमें दावे से जुड़ी एक रिपोर्ट ‘नवभार टाइम्स’ की वेबसाइट पर मिली। रिपोर्ट को 26 दिसंबर 2024 को प्रकाशित किया गया था। रिपोर्ट के अनुसार, “कर्नाटक पुलिस ने बेंगलुरु में बीजेपी विधायक और फिल्म निर्माता एन मुनिरत्ना नायडू पर अंडे से हमला करने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की। पुलिस ने घटना के समय मौके से तीन लोगों को हिरासत में लिया था। हालांकि, उन्होंने एक समूह की ओर से हमला करने के मामले में जवाबी शिकायत भी दर्ज कराई। शिकायत में विधायक मुनिरत्ना ने कहा कि यह कृत्य उन पर हमला करने और उनकी हत्या करने की साजिश का हिस्सा था। घटना के बाद विधायक मुनिरत्ना को अस्पताल में भर्ती कराया गया था और उन्होंने आरोप लगाया कि उन पर हमला करने के लिए इस्तेमाल किए गए अंडों में एसिड और हानिकारक रासायनिक पदार्थ भरा हुआ था। अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद विधायक मुनिरत्ना ने कहा था कि डॉक्टर्स ने उन्हें दवाइयां दी।”

अधिक जानकारी के लिए हमने बेंगलुरु के पत्रकार यासीर खान से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि वायरल वीडियो दिसंबर में हुए हमले का है। दरअसल, कुछ लोगों ने बीजेपी विधायक मुनिरत्ना नायडू पर अंडे से हमला किया था।

अंत में हमने वीडियो को भ्रामक दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर ने प्रोफाइल पर खुद को रांची का रहना वाला बताया है। यूजर एक विचारधारा से जुड़ी पोस्ट को शेयर करता है।

निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि बीजेपी नेता पर अंडा फेंकने के वायरल वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा भ्रामक है। वीडियो का बिहार चुनाव से कोई संबंध नहीं है। असल में वायरल वीडियो कर्नाटक के बेंगलुरु का है। जब बीजेपी विधायक एक कार्यक्रम में जा रहे थे। उसी दौरान कुछ लोगों ने उन्हें अंडे फेक कर मारे थे। हालांकि, अंडे मारने वाले लोगों को हिरासत में भी लिया गया था। 

The post Fact Check: बिहार का नहीं है, बीजेपी नेता पर अंडे से हमला करने का यह वायरल वीडियो appeared first on Vishvas News.

Post a Comment

0 Comments