नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर विचलित कर देने वाला एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ लोगों को एक युवक की बेरहमी से पिटाई करते हुए देखा जा सकता है। वीडियो को उत्तर प्रदेश का बताते हुए वायरल किया जा रहा है, और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर निशाना साधा जा रहा है।
विश्वास न्यूज ने वीडियो की पड़ताल की और हमारी जांच में यह दावा फर्जी निकला। असल में यह वीडियो बिहार के किशनगंज का है। वीडियो तब का है, जब कथित चोरी के आरोप में इस लड़के के साथ स्थानीय लोगों ने मारपीट की थी।
वायरल पोस्ट
फेसबुक यूजर ‘Mahima Sharma‘ ने 25 अगस्त को इस वीडियो को शेयर (आर्काइव लिंक) करते हुए लिखा, “बड़े ही शर्म की बात है पर योगी जी को शर्म नहीं आती है भाजपा सरकार में गुंडाराज हद से ज्यादा बढ़ चुका है। बीजेपी इसे अमृतकाल रामराज्य बताती है अपराधियों के अंदर से डर भय समाप्त हो गया है। मुख्यमंत्री को इस्तीफा दे देना चाहिए।”

पड़ताल
दावे की पड़ताल के लिए हमने कीवर्ड सर्च का सहारा लिया। हमें उत्तर प्रदेश में हुई ऐसी किसी घटना की तो कोई खबर नहीं मिली, लेकिन हमें ‘यूपी पुलिस फैक्ट चेक‘ द्वारा 27 अगस्त 2025 को की गई एक X पोस्ट (आर्काइव) जरूर मिली। इस पोस्ट में बताया गया है कि वायरल वीडियो बिहार के बहादुरगंज का है, न कि उत्तर प्रदेश का।

यहां से क्लू लेते हुए ढूंढ़ने पर हमें बिहार में हुई इस घटना के मामले में किशनगंज पुलिस का भी एक X पोस्ट मिला। एक्स पर एक यूजर द्वारा पोस्ट किए गए इस वीडियो के जवाब में किशनगंज पुलिस ने लिखा, “बहादुरगंज थाना अंतर्गत घटित घटना के संबंध में थाना बहादुरगंज में कांड संख्या 369/25 दर्ज कर अग्रतर कार्रवाई की जा रही है.”

इससे कन्फर्म हुआ कि मामला बिहार के किशनगंज का था।
इस मामले में किशनगंज में एसपी सागर कुमार ने बताया, “चोरी के आरोप में युवक के साथ मारपीट की गई थी। मारपीट करने वाले आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और इसकी जांच जारी है। पीड़ित मासूम राजा के बयान के आधार पर चार नामजद और 10 से 15 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।”
वायरल वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले फेसबुक यूजर ‘Mahima Sharma’ के 18 हजार फॉलोअर्स हैं।
The post Fact Check: युवक के साथ हुई मारपीट का यह वीडियो बिहार का है, यूपी का नहीं appeared first on Vishvas News.
0 Comments