नई दिल्ली (विश्वास न्यूज) सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में एक ट्रक ड्राइवर को ट्रक चलाते समय फोन का इस्तेमाल करते हुए देखा जा सकता है। वीडियो में साफ देख सकते हैं कि फोन चलाते ही ट्रक एक कार से टकरा जाता है। वीडियो को शेयर करते हुए यूजर दावा कर रहे हैं कि यह वीडियो भारत का है, जहां यह हादसा हुआ है।
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल हो रहे वीडियो का भारत से कोई लेना-देना नहीं है। यह वीडियो कनाडा का है। कनाडा के 2022 के वीडियो को फर्जी दावे के साथ भारत से जोड़ते हुए शेयर किया जा रहा है।
क्या है वायरल पोस्ट में?
फेसबुक यूजर दीपक यादव ने 29 अगस्त को वायरल पोस्ट को शेयर करते हुए लिखा, “ऐसा सिर्फ़ हमारे भारत में ही हो सकता है ट्रक ड्राइवर तेज गाड़ी चलाते हुए फ़ोन में लगा है और स्लो ट्रैफिक की वजह से धीरे चल रही गाड़ी में टक्कर मारकर बूढ़े दादा दादी और बच्चों को जान से मार देता है इसको क्या सजा मिलनी चाहिए ?”
पोस्ट के आर्काइव वर्जन को यहां देखें।

पड़ताल
अपनी पड़ताल को शुरू करने के लिए सबसे पहले हमने गूगल लेंस के जरिए वायरल वीडियो के की-फ्रेम्स को सर्च किया। सर्च किए जाने पर हमें यह वीडियो एक इंस्टाग्राम हैंडल पर अपलोड किया हुआ मिला। 2 सितंबर 2024 को पोस्ट किए गए वीडियो के साथ दी गई जानकारी के अनुसार, ट्रक और गाड़ी के टकराव की यह दुर्घटना कनाडा में अप्रैल 2022 में घटी थी।

इसी बुनियाद पर हमने कीवर्ड से न्यूज सर्च किया। सर्च में हमें archyde नाम की वेबसाइट पर वीडियो का फ्रेम मिला। 16 दिसंबर 2023 की खबर में बताया, “ड्राइवर महकदीप सिंह अपने फोन पर ध्यान दे रहा था और इस कारण गाड़ी की गति कम होते वाहनों को नहीं देख पाया। बेलविले, ओंटारियो के हाईवे पर हुए इस हादसे में दो बच्चों और एक महिला की मौत हो गई।”
30 दिसंबर 2023 की ट्रक्स टॉप कनाडा डॉट कॉम की खबर के अनुसार, इस घटना में दोषी पाए गए ट्रक ड्राइवर महकदीप सिंह को अदालत ने पांच साल की सजा सुनाई है। इस मामले से जुड़ी पूरी खबर यहां पढ़ी जा सकती है।
वायरल वीडियो से जुड़ी पुष्टि के लिए हमने कनाडा के पत्रकार सालिक अहमद से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया, “यह वीडियो कनाडा का कई साल पहले का है।”
अब बारी थी फर्जी पोस्ट को शेयर करने वाले फेसबुक यूजर की सोशल स्कैनिंग करने की। हमने पाया कि यूजर दीपक यादव ने खुद से जुड़ी कोई जानकारी नहीं शेयर की है।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल हो रहे वीडियो का भारत से कोई लेना-देना नहीं है। यह वीडियो कनाडा का है। कनाडा के 2022 के वीडियो को फर्जी दावे के साथ भारत से जोड़ते हुए शेयर किया जा रहा है।
The post Fact Check : ट्रक चलाते समय हुए हादसे का वीडियो भारत नहीं, कनाडा का है appeared first on Vishvas News.
0 Comments