What's Hot

6/recent/ticker-posts

Fact Check: स्कूटी और बाइक के साथ में घूमने का यह वीडियो भारत नहीं, इंडोनेशिया का है

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि एक बाइक और स्कूटी आपस में अटक गई है और सड़क पर घूमे जा रही है। दावा किया जा रहा है कि यह हादसा राजस्थान में हुआ है। 

विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा भ्रामक है। वीडियो का भारत से कोई संबंध नहीं है। असल में यह वीडियो इंडोनेशिया के Pekanbaru शहर के Jalan Arifin Ahmad में हुई घटना का है, जिसे अब भ्रामक दावे के साथ शेयर किया जा रहा है।

क्या हो रहा है वायरल?

फेसबुक यूजर ‘Bhagaram Choudhary’ ने वायरल वीडियो को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा है, “जोधपुर की सड़क पर दो बाइक के आपस में हुआ विवाद कारणों का नहीं लगा पता।”

पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल 

वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने वीडियो को गौर से देखा और हमने पाया कि एक बाइक की नंबर प्लेट पर ‘BM 3675 FC’ लिखा हुआ है। सर्च करने पर पता चला कि यह भारत में इस्तेमाल होने वाला नंबर नहीं है। 

पड़ताल को आगे बढ़ाते हुए हमने वीडियो के कई कीफ्रेम निकाले और उन्हें गूगल रिवर्स इमेज की मदद से सर्च किया। हमें दावे से जुड़ा एक वीडियो ‘cerita_sumsell’ नाम के इंस्टाग्राम अकाउंट पर मिला। वीडियो को 18 अगस्त 2025 को शेयर किया गया था। मौजूद जानकारी के मुताबिक, यह वीडियो इंडोनेशिया में एक हाईवे पर हुई घटना का है। 

प्राप्त जानकारी के आधार पर हमने गूगल पर संबंधित कीवर्डस की मदद से सर्च किया। हमें कई सोशल मीडिया पोस्ट मिले। मौजूद जानकारी के अनुसार, यह घटना Pekanbaru शहर के Jalan Arifin Ahmad में घटी थी। 

गूगल मैप पर जब हमने Pekanbaru शहर के Jalan Arifin Ahmad के बारे में सर्च किया। हमें वायरल वीडियो में नजर आ रही सड़कों से मिलती-जुलती तस्वीरें मिली। 

अधिक जानकारी के लिए हमने राजस्थान के स्वतंत्र वरिष्ठ पत्रकार संतोष पंडेय से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि वायरल वीडियो राजस्थान का नहीं है।

अंत में हमने वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर को करीब पांच हजार लोग फॉलो करते हैं। यूजर ने प्रोफाइल पर खुद को राजस्थान का रहने वाला बताया है।

निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि बाइक और स्कूटी के आपस में टकराकर घूमने के वायरल वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा भ्रामक है। असल में वायरल वीडियो इंडोनेशिया का है।

The post Fact Check: स्कूटी और बाइक के साथ में घूमने का यह वीडियो भारत नहीं, इंडोनेशिया का है appeared first on Vishvas News.

Post a Comment

0 Comments