What's Hot

6/recent/ticker-posts

Fact Check : मुहर्रम का वीडियो यूपी में चोर के ऊपर पटाखे दागे जाने के फर्जी दावे से वायरल

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में एक युवक के पैरों में रस्सी बंधी है, उसका सिर नीचे और पैर ऊपर है। वह रस्सी के सहारे बीच सड़क पर लटका हुआ दिख रहा है और उस पर पटाखे दागे जा रहे हैं। इसे शेयर करते हुए यूजर दावा कर रहे हैं कि यह फिरोजाबाद का वीडियो है जहां चोर को इस तरह सरेआम चोरी की सजा दी गई है और उस पर पटाखे दागे जा रहे हैं।

विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल किया जा रहा दावा फर्जी है। यह वीडियो अलीगढ में मुहर्रम पर निकाले जाने वाले जुलूस के दौरान हुए करतब से जुड़ा है। यह आपराधिक मामले से जुड़ी कोई घटना नहीं है।

क्या है वायरल पोस्ट में?

इंस्टाग्राम यूजर ने 26 अगस्त को वायरल पोस्ट को शेयर किया जिस पर लिखा था, “फिरोजाबाद, चोर को उल्टा लटकाया। पटाखे डगाये। चोरी करते हुए बहुत मजा आरहा था। चोर की यही सजा है।”

पोस्ट के आर्काइव वर्जन को यहां देखें।

पड़ताल

अपनी पड़ताल को शुरू करते हुए सबसे पहले हमने वीडियो के की-फ्रेम्स निकाले और उन्हें गूगल लेंस के जरिए सर्च किया। सर्च किए जाने पर हमें यह वीडियो एक एक्स हैंडल की तरफ से इसी फर्जी दावे के साथ पोस्ट किया हुआ मिला। पोस्ट के जवाब में फिरोजाबाद पुलिस का हमें रिप्लाई मिला, जिसमें खंडन करते हुए कहा गया है कि इस वीडियो का फिरोजाबाद से कोई संबंध नहीं है।

इसी बुनियाद पर हमने अपनी पड़ताल को आगे बढ़ाया और सर्च में हमें जालिम इरफान अब्बासी नाम के एक इंस्टाग्राम अकाउंट पर वायरल वीडियो 13 जुलाई 2025 को अपलोड किया हुआ मिला। जानकारी के अनुसार, यह चंण्डौसी खैर में अब्बासी अखाडा के करतब का वीडियो है।

हमें इससे जुड़े और भी कई वीडियो जुलाई में पोस्ट किए हुए मिले। इन वीडियो के लिंक नीचे शेयर किए जा रहे हैं.

वायरल वीडियो की पुष्टि के लिए हमने हमारे साथी दैनिक जागरण, अलीगढ़ के चंण्डौसी ब्यूरो में संर्पक किया। ब्यूरो इंचार्ज अंकुश जादौन ने हमें बताया, यह वीडियो कोई सजा देने का नहीं है बल्कि मोहर्रम के दौरान हुए करतब का है और यह वीडियो एक अखाड़े के सदस्यों का है।

अब बारी थी फर्जी पोस्ट को शेयर करने वाले इंस्टाग्राम यूजर की सोशल स्कैनिंग करने की। हमने पाया कि यूजर इतिहास वर्मा को 2481 लोग इंस्टाग्राम पर फॉलो करते हैं। वहीं यूजर की तरफ से अक्सर ट्रेंडिंग वायरल वीडियो शेयर किए जाते हैं।

The post Fact Check : मुहर्रम का वीडियो यूपी में चोर के ऊपर पटाखे दागे जाने के फर्जी दावे से वायरल appeared first on Vishvas News.

Post a Comment

0 Comments