What's Hot

6/recent/ticker-posts

Fact Check: जम्मू नहीं, नॉर्वे का है पानी में बहते हुए घरों का वायरल वीडियो

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। भारी बारिश के बाद जम्मू-कश्मीर में कई नदियां उफान पर हैं। इस बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें ज़मीन के एक हिस्से को बह कर पानी में समाते हुए देखा जा सकता है। वीडियो को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि यह नजारा जम्मू का है।

विश्वास न्यूज की जांच में पता चला कि वायरल वीडियो नॉर्वे का है और 2020 का है।  इसका से कोई संबंध नहीं है।

वायरल पोस्ट

फेसबुक यूजर आकाश पचौरी ने 28 अगस्त को वीडियो को शेयर (आर्काइव लिंक) करते हुए लिखा “क्या आप कभी पहाड़ को चलते देखा है आज देख लो..! यह नजारा जम्मू का है।”

पड़ताल

वायरल वीडियो की जांच के लिए हमने इसका कीफ्रेम निकालकर उसे गूगल लेंस से सर्च किया। हमें यह वीडियो कई सोशल मीडिया यूजर द्वारा मई 2020 में अपलोड मिला। यहां इसे यूरोप के देश नॉर्वे का बताया गया।

कीवर्ड्स से ढूंढ़ने पर हमें नॉर्वे में हुई इस घटना को लेकर 2020 की कई न्यूज़ रिपोर्ट्स भी मिलीं।

सीएनएन की 5 जून 2020 की खबर के अनुसार “उत्तरी नॉर्वे के अल्टा नगर पालिका में बुधवार को हुए एक शक्तिशाली भूस्खलन के बाद कई घर समुद्र में बह गए। नॉर्वेजियन जल संसाधन और ऊर्जा निदेशालय के इंजीनियर एंडर्स ब्योर्डल ने सीएनएन को बताया कि बुधवार शाम 4 बजे पुलिस और बचाव दल को मार्गदर्शन देने के लिए घटनास्थल पर बुलाए जाने के बाद, उन्होंने देखा कि वहाँ एक “बड़ा मिट्टी का धंसाव” हुआ था। यह धसाव 650 मीटर (2,133 फीट) चौड़ा और 150 मीटर (492 फीट) गहरा था, जिसने आठ इमारतों को नष्ट कर दिया।”

जम्मू में दैनिक जागरण के वरिष्ठ संवाददाता अंचल सिंह ने बताया कि जम्मू और आसपास के इलाकों में भरी बारिश के कारण कई जगह बाढ़ जैसे हालात हैं मगर वायरल हो रहा वीडियो जम्मू का नहीं है।

दैनिक जागरण की 27 अगस्त 2025 की खबर के अनुसार “भारी और लगातार बारिश के कारण तवी नदी में उफान के बाद मंगलवार को जम्मू क्षेत्र में बाढ़ की चेतावनी जारी की गई, जिससे चौथे तवी पुल के पास सड़क बह गई और पूरे क्षेत्र में सामान्य जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। “

नॉर्वे के वीडियो को जम्मू का बताने वाले यूजर आकाश पचौरी के फेसबुक पर 5000 से अधिक फॉलोअर्स हैं।

The post Fact Check: जम्मू नहीं, नॉर्वे का है पानी में बहते हुए घरों का वायरल वीडियो appeared first on Vishvas News.

Post a Comment

0 Comments