What's Hot

6/recent/ticker-posts

Fact Check : केबल की मदद से खाई पार करती बस का यह वीडियो मनाली का नहीं है

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। भारी बारिश के चलते इस समय हिमाचल प्रदेश के कई हिस्सों में बाढ़ की स्थिति बनी हुई है। मगर ऐसे में भी कई पर्यटक हिमाचल घूम रहे हैं। इन्हीं पर्यटकों पर तंज कसते हुए एक यूजर ने एक वीडियो शेयर किया, जिसमें एक बस को केबल की मदद से एक खाई पार करते देखा जा सकता है। वीडियो को शेयर करते हुए यूजर ने दावा किया कि मनाली में सड़क टूट जाने के कारण पर्यटकों की बस को केबल की मदद से खाई के दूसरै  पार ले जाया गया।

विश्‍वास न्‍यूज ने वीडियो की जांच की और पाया कि वायरल दावा गलत है। यह वीडियो मनाली का नहीं, बल्कि नेपाल का है।

क्‍या हो रहा है वायरल

born_to_awara’ नाम के एक फेसबुक पेज ने 31 अगस्त 2025 को इस वीडियो को पोस्‍ट करते हुए वॉइस ओवर में कहा, “असली एडवेंचर वाले लोग अब आये हैं। उड़ उड़ के जा रहे हैं मनाली। इनके प्लान कैंसिल नहीं हो रहे हैं।”

पोस्‍ट का आर्काइव वर्जन यहां देखा जा सकता है।

पड़ताल

विश्‍वास न्‍यूज ने वायरल पोस्‍ट की जांच के लिए इस वीडियो के स्क्रीनशॉट्स को गूगल लेंस से सर्च किया। हमें यह वीडियो 2023 में कई सोशल मीडिया पोस्ट्स में मिला। इससे यह तो साफ़ था कि वीडियो हालिया नहीं हैं। अब हमें जानना था कि वीडियो आखिर है कहां का? कुछ यूट्यूब वीडियो में इसे नेपाल का बताया गया था।

कीवर्ड्स से ढूंढ़ने पर हमें यह वीडियो @LetsTravelTogetherUS नाम के यूट्यूब चैनल पर 31 अक्टूबर 2023 को अपलोड मिला। यहाँ इसे नेपाल का बताया गया था।

News Uncut नाम के चैनल पर भी इस वीडियो को नेपाल का बताते हुए 23 जनवरी, 2023 को अपलोड किया गया था।

@rediscovernepal नाम के यूट्यूब चैनल पर भी इस वीडियो को नेपाल का बताते हुए 18 जुलाई 2025 को अपलोड किया गया था।

ऑटो इन्फ्लुएंसर सुपर कार ब्लौंडी की वेबसाइट पर भी इस वीडियो को लेकर एक खबर 27 मार्च 2023 को अपलोड मिली। यहां भी इसे नेपाल का बताया गया।

अब ये तो साफ़ था कि वीडियो पुराना है और नेपाल का है, मगर हमें जानना था कि क्या मनाली में ऐसी कोई केबल बस सेवा चालू है? कीवर्ड्स से ढूंढ़ने पर हमें केबल बस की इस तरह की किसी सर्विस के बारे में कोई जानकारी नहीं मिली।

इस मामले में पुष्टि के लिए हमने हिमाचल प्रदेश में दैनिक जागरण के पत्रकार हंसराज सैनी से बात की। उन्होंने कन्फर्म किया कि मनाली में ऐसी कोई बस केबल सेवा नहीं है।

खबरों के अनुसार भारी बारिश और भूस्खलन के चलते इस समय हिमाचल प्रदेश के कई हिस्सों में बाढ़ का माहौल है।जागरण.कॉम की 31 अगस्त 2025 की खबर के अनुसार “हिमाचल में नदियों ने अपना रौद्र रूप धारण कर लिया है। बारिश और भूस्खलन से प्रदेश में हालात बद से बदत्तर हैं। भारी बारिश के कारण हिमाचल प्रदेश में सड़कें बुरी तरह प्रभावित हैं। वहीं, मृतकों की संख्या भी लगातार बढ़ती जा रही है। हिमाचल प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एसडीएमए) के राज्य आपातकालीन संचालन केंद्र (एसईओसी) के अनुसार, 20 जून को मानसून की शुरुआत के बाद से मरने वालों की कुल संख्या बढ़कर 320 हो गई है।”

जांच के अंत में हमने नेपाल  की पुरानी तस्‍वीर को अभी शेयर करने वाले यूजर की सोशल स्‍कैनिंग की । इस पेज को 32 हजार लोगों ने लाइक किया हुआ है, जबकि 3.72 लाख लोग इसे फॉलो करते हैं।

The post Fact Check : केबल की मदद से खाई पार करती बस का यह वीडियो मनाली का नहीं है appeared first on Vishvas News.

Post a Comment

0 Comments