What's Hot

6/recent/ticker-posts

Fact Check : सुनीता विलियम्‍स की वापसी के नाम पर रॉकेट बूस्टर की वापसी का वीडियो वायरल

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)।  सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें एक राकेट जैसी दिखने वाली चीज़ को स्पेस से धरती पर आते और सही सलामत लैंड करते देखा जा सकता है। पोस्ट को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि यह सुनीता विलियम्स की वापसी का वीडियो है और वे इसी विमान से वापस आयी  हैं।

विश्वास न्यूज ने अपनी जांच में इस दावे को गलत पाया। असल में यह वीडियो एक बूस्टर की वापसी का है। सुनीता विलियम्स स्पेसएक्स क्रू ड्रैगन कैप्सूल से वापस आई थीं और लैंडिंग फ्लोरिडा के समुद्र में हुई थी।

क्‍या हो रहा है वायरल 

इंस्टाग्राम यूजर ‘aryan.ved1’ ने 19 मार्च 2025 को वायरल वीडियो (आर्काइव लिंक) को शेयर किया और साथ में लिखा “ये कोई साइंस फिक्शन मूवी का दृश्य नही है ये दृश्य है सुनीता विलियम्स के अंतरिक्ष से वापसी की..जय विज्ञान”।

पड़ताल

पड़ताल को शुरू करने के लिए हमने सबसे पहले सुनीता विलियम्स की वापसी के वीडियो को ढूंढा। हमें क्रू 9 की वापसी का पूरा वीडियो नासा के यूट्यूब चैनल पर 19 मार्च को अपलोड मिला। इस वीडियो में साफ़ देखा जा सकता है कि क्रू की वापसी एक कैप्सूल में हुई थी, जिसकी लैंडिंग पानी में हुई। वीडियो में नासा के अंतरिक्ष यात्री निक हेग, सुनीता विलियम्स, बुच विल्मोर और अंतरिक्ष यात्री अलेक्जेंडर गोर्बुनोव को इस कैप्सूल के निकलते हुए भी देखा जा सकता है।  

क्रू 9 की वापसी को लेकर नासा की वेबसाइट पर पब्लिश हुई रिपोर्ट के अनुसार, “नासा के स्पेसएक्स क्रू-9 ने मंगलवार को अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन के लिए एजेंसी के नौवें वाणिज्यिक क्रू रोटेशन मिशन को पूरा कर लिया, और स्पेसएक्स ड्रैगन अंतरिक्ष यान में सवार होकर अमेरिका की खाड़ी में फ्लोरिडा के तल्हासी तट पर सुरक्षित रूप से उतर गया।”

क्रू 9 की वापसी को लेकर हुई मीडिया कवरेज में भी बताया गया कि नासा के अंतरिक्ष यात्रियों की वापसी  स्पेसएक्स ड्रैगन अंतरिक्ष यान में हुई और लैंडिंग पानी में हुई।

इसके बाद हमने वायरल वीडियो के बारे में खोजा। गूगल लेंस से ढूंढ़ने पर हमें यह वीडियो कई सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर जनवरी और  फरवरी 2025 में अपलोड मिला। यहां इसे टेक्सस में स्पेसएक्स के स्टारबेस पर स्टारशिप फ्लाइट 7 का परीक्षण बताया गया था। इससे साफ हुआ कि वीडियो सुनीता विलियम्स की वापसी से पहले से इंटरनेट पर मौजूद है।

स्पेस X के यूट्यूब चैनल को खंगालने पर हमें स्टारशिप फ्लाइट 7 के लॉन्च  और बूस्टर रिटर्न का एक वीडियो मिला। 25 फरवरी को अपलोड इस वीडियो में बूस्टर को वापस आकर सुरक्षित रूप से  कैप्चर होते देखा जा सकता है। वीडियो के डिस्क्रिप्शन के अनुसार, ये परीक्षण 16 जनवरी 2025 को हुआ था।

इस विषय में पुष्टि के लिए हमने एयरोस्पेस विशेषज्ञ गिरीश लिंगन्ना से संपर्क किया। उन्होंने बताया, “यह वीडियो एक बूस्टर की वापसी का है। बूस्टर एक रॉकेट (या रॉकेट इंजन) होता है, जिसका उपयोग बहुस्तरीय प्रक्षेपण यान के प्रथम चरण में टेकऑफ़ थ्रस्ट और पेलोड क्षमता को बढ़ाने के लिए किया जाता है। पहले ये बूस्टर एक बार इस्तेमाल में ही आते है, मगर नई  तकनीक के चलते अब बूस्टर की वापसी संभव हो पाई है और अब यह पृथ्वी की ओर नियंत्रित तरीके से लौट सकता है और पुनः उपयोग के लिए सुरक्षित रूप से लैंड किया जाता है, जिससे मिशन की लागत कम होती है और भविष्य के प्रक्षेपणों के लिए इसे फिर से इस्तेमाल किया जा सकता है। 

वहीं, सुनीता विलियम्स और क्रू-9 के पृथ्वी पर लौटने की प्रक्रिया एक अलग प्रकार की थी, जो कि स्पेसएक्स ड्रैगन अंतरिक्ष यान द्वारा की गई थी। इस प्रक्रिया में, अंतरिक्ष यात्री और क्रू अंतरिक्ष यान के कैप्सूल के माध्यम से पृथ्वी पर लौटते हैं, जो कि एक नियंत्रित उतार प्रक्रिया होती है और इसमें विशेष रूप से उनके सुरक्षित पुनः प्रवेश और लैंडिंग के लिए एक अलग तंत्र होता है। 

यह ध्यान देने योग्य है कि एक बूस्टर को यात्रियों को ले जाने के लिए डिजाइन नहीं किया जाता। यह केवल पेलोड और यान के पहले चरण के लिए उपयोग किया जाता है और इसका मुख्य उद्देश्य मिशन के दौरान थ्रस्ट प्रदान करना होता है, जबकि अंतरिक्ष यान, जैसे ड्रैगन, यात्रियों को सुरक्षित रूप से अंतरिक्ष से पृथ्वी पर वापस ला सकते हैं।”

वायरल वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर aryan.ved1 को इंस्टाग्राम पर लगभग 4000 लोग फॉलो करते हैं।

The post Fact Check : सुनीता विलियम्‍स की वापसी के नाम पर रॉकेट बूस्टर की वापसी का वीडियो वायरल appeared first on Vishvas News.

Post a Comment

0 Comments