What's Hot

6/recent/ticker-posts

Fact Check : शंकराचार्य ने वीडियो कॉल पर नहीं लगाई सीएम को फटकार, फर्जी पोस्‍ट वायरल

नई दिल्ली (Vishvas News)। महाकुंभ में भगदड़ के कारण हुई मौतों के बाद शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने यूपी सरकार पर सवाल उठाते हुए व्‍यवस्‍था की खामियों की बात कही थी। जिसके बाद इसे लेकर काफी राजनीति भी हुई। अब इसी मुददे से जोड़ते हुए शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती का एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें उन्‍हें मोबाइल की ओर देखते हुए महाकुंभ की व्‍यवस्‍था पर बोलते हुए देखा जा सकता है।

सोशल मीडिया पर कई यूजर्स इस वीडियो को इस दावे के साथ वायरल कर रहे हैं कि शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ से मोबाइल पर बात करते हुए उन्‍हें फटकार लगा रहे हैं।

विश्वास न्यूज ने अपनी जांच में इस दावे को गलत पाया। वायरल पोस्ट में इस्‍तेमाल किया गया वीडियो एक चैनल को दी गई बाइट का हिस्‍सा है। मोबाइल पर मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ नहीं थे।

क्या हो रहा है वायरल

फेसबुक पर We Support Abhisar Sharma नाम के एक पेज ने वायरल वीडियो का पोस्‍ट करते हुए दावा किया, “वीडियो कॉल पर योगी आदित्यनाथ जी को शंकराचार्य जी ने लगाई फटकार…. इस्तीफा दो।”

सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म्स पर कई अन्य यूजर्स ने इस पोस्ट को समान दावे के साथ शेयर किया है। पोस्‍ट का आर्काइव वर्जन यहां देखें।

पड़ताल

विश्‍वास न्‍यूज ने पड़ताल की शुरुआत में सबसे पहले वायरल वीडियो को ध्‍यान से देखा। इसके ऊपर हमें चौचक मीडिया लिखा हुआ नजर आया। वीडियो का पूरा देखने से ही यह स्‍पष्‍ट हो गया कि शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती किसी यूट्यूब चैनल से बातचीत कर रहे हैं।

जांच को आगे बढ़ाते हुए चौचक मीडिया नाम के यूट्यूब चैनल को सर्च करना शुरू किया गया। हमें चौचक मीडिया पर पूरा वीडियो (आकाईव) मिला। 5 फरवरी को अपलोड इस वीडियो में भी दावा किया गया कि वीडियो कॉल पर डांट लगाते दिखे शंकराचार्य, योगी आदित्यनाथ को गलती का कराया अहसास।

विश्‍वास न्‍यूज ने चौचक मीडिया के कुशल पांडेय से संपर्क किया। उन्‍होंने स्‍पष्‍ट करते हुए बताया कि वायरल वीडियो महाकुंभ में स्थित उनके रिपोर्टर ने बनाया था। उस वक्‍त शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद किसी अन्‍य के साथ बातचीत में व्‍यस्‍त थे। उसी वक्‍त हमारे रिपोर्टर ने यह वीडियो बनाया था।

विश्‍वास न्‍यूज ने जांच को आगे बढ़ाते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सलाहकार मृत्युंजय कुमार से संपर्क किया। उनके साथ वायरल पोस्‍ट को शेयर किया। उन्‍होंने जानकारी देते हुए बताया कि वायरल पोस्‍ट गलत है। शंकराचार्य और मुख्‍यमंत्री के बीच ऐसी कोई बातचीत नहीं हुई है, जैसा कि वीडियो में दिखाया गया है।

बीबीसी हिंदी की एक रिपोर्ट के अनुसार, उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में चल रहे कुंभ मेले में भगदड़ की वजह से 30 लोगों की मौत हो गई और 60 लोग घायल हुए हैं।

इस घटना के बाद शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद ने यूपी की योगी आदित्‍यनाथ सरकार और अफसरों पर सवाल उठाते हुए कहा था कि मुख्‍यमंत्री योगी की ओर से कहा गया था कि महाकुंभ में 40 करोड़ लोगों के आने की उम्‍मीद है, 100 करोड़ लोगों की व्‍यवस्‍था की गई है। फिर अव्‍यवस्‍था कैसे हो गई।

जांच के अंत में फर्जी पोस्‍ट करने वाले यूजर की जांच की गई। पेज को पांच लाख से ज्‍यादा लोग फॉलो करते हैं। जबकि लाइक करने वालों की संख्‍या दो लाख से ज्‍यादा है।

निष्कर्ष : विश्‍वास न्‍यूज की पड़ताल में वायरल पोस्‍ट भ्रामक साबित हुई। शंकराचार्य वीडियो में योगी आदित्‍यनाथ से बात नहीं कर रहे थे। वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर किया गया।

The post Fact Check : शंकराचार्य ने वीडियो कॉल पर नहीं लगाई सीएम को फटकार, फर्जी पोस्‍ट वायरल appeared first on Vishvas News.

Post a Comment

0 Comments