नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। प्रयागराज महाकुंभ में हाल ही में फिर से आग लगने की घटना हुई थी। इससे जोड़कर सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें कई गाड़ियों में लगी आग को देखा जा सकता है। कुछ यूजर्स इसे शेयर कर दावा कर रहे हैं कि 8 फरवरी को महाकुंभ में आग लगने से 40-50 गाड़ियां जल गईं। इस घटना में 15-20 लोगों के जलने का भी दावा किया जा रहा है।
विश्वास न्यूज की पड़ताल में पता चला कि वायरल वीडियो जुलाई 2020 में मिस्र के कायरो में तेल पाइपलाइन में आग लगने की घटना का है। इसका महाकुंभ से कोई संबंध नहीं है। हालांकि, शनिवार (8 फरवरी) शाम को महाकुंभ मेला क्षेत्र के एक टेंट में आग लगने की घटना हुई थी। इसमें कोई हताहत नहीं हुआ था।
वायरल पोस्ट
इंस्टाग्राम यूजर vijaykumarbhai9696 (आर्काइव लिंक) ने 9 फरवरी को वीडियो को शेयर किया है। इस पर लिखा है, “08/02/2025, महाकुंभ मेले में आज फिर से लगी आग लगभग 40.50 से भी ज्यादा गाड़ी जलकर राख और लगभग 1520 लोग जल गए।“

पड़ताल
वायरल दावे की जांच के लिए हमने वीडियो का स्क्रीनशॉट निकालकर उसे गूगल लेंस से सर्च किया। 15 जुलाई 2020 को स्काई न्यूज की वेबसाइट पर इससे संबंधित वीडियो मिला। इसमें वायरल वीडियो के हिस्से को देखा जा सकता है। इसके अनुसार, इजिप्ट के कायरो में तेल पाइपलाइन में विस्फोट होने से 17 लोग घायल हो गए।

द टेलीग्राफ के यूट्यूब चैनल पर 16 जुलाई 2020 को अपलोड वीडियो न्यूज में भी वायरल क्लिप को देखा जा सकता है। इसमें भी वीडियो को इजिप्ट में क्रूड ऑयल की पाइपलाइन में लगी आग का बताया गया है।
9 फरवरी को आजतक की वेबसाइट पर छपी खबर के अनुसार, रविवार रात को मेला क्षेत्र के सेक्टर 23 में आग लगने की घटना हुई है। इसके पीछे गैस सिलेंडर को वजह बताया गया है। दो दिन पहले भी सेक्टर-18 में शंकराचार्य मार्ग स्थित एक शिविर में आग लग गई थी। इससे पहले 19 और 30 जनवरी को भी महाकुंभ मेला क्षेत्र में आग लगने की घटना हो चुकी है।

दैनिक जागरण के प्रयागराज संस्करण में 9 फरवरी को छपी खबर के अनुसार, मेला क्षेत्र में 8 फरवरी को एक टेंट में चाय बनाते समय आग लग गई। इससे टेंट में रखा सामान जल गया। खबर में किसी के घायल होने या जान के नुकसान का कोई जिक्र नहीं है।

इस बारे में प्रयागराज में दैनिक जागरण के क्राइम रिपोर्टर तारा गुप्ता का कहना है कि वायरल वीडियो मेला क्षेत्र का नहीं है।
मिस्र के वीडियो को महाकुंभ का बताकर शेयर करने वाले इंस्टा यूजर की प्रोफाइल को हमने स्कैन किया। यूजर ने महाकुंभ से संबंधित एक अन्य फेक वीडियो को शेयर किया है।
The post Fact Check: मिस्र में लगी आग के पुराने वीडियो को महाकुंभ का बताया जा रहा appeared first on Vishvas News.
0 Comments