What's Hot

6/recent/ticker-posts

Fact Check: दिल्ली में अरविंद केजरीवाल और आतिशी के साइन बोर्ड पर कालिख पोतने का वीडियो एक साल पुराना है

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 के लिए 5 फरवरी को मतदान हुआ है। इस दौरान सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें कुछ महिलाओं को आम आदमी पार्टी (आप) के संयोजक एवं पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और दिल्ली की सीएम आतिशी मार्लेना के साइन बोर्ड पर कालिख पोतते हुए देखा जा सकता है। कुछ यूजर्स इस वीडियो को हालिया बताकर शेयर कर रहे हैं।

विश्वास न्यूज की पड़ताल में वायरल वीडियो करीब एक साल पुराना निकला। दरअसल, फरवरी 2024 में कालकाजी विधानसभा क्षेत्र में स्थानीय महिलाओं ने गंदे पानी की समस्या को लेकर प्रदर्शन किया था। उस समय के वीडियो को दिल्ली विधानसभा चुनाव से जोड़कर शेयर किया जा रहा है।

वायरल पोस्ट

एक्स यूजर ocean jain ने 5 फरवरी 2025 को वीडियो पोस्ट (आर्काइव लिंक) करते हुए लिखा,

“केजरीवाल और आतिशी के मुंह पर कालिख पोतकर
दिल्ली की जनता ने इलेक्शन का रिजल्ट बता दिया”

फेसबुक यूजर ‘निर्विकार सिंह’ ने भी 5 फरवरी को इस वीडियो को चुनाव से जोड़ते हुए शेयर (आर्काइव लिंक) किया है।

Sriniwaspuri Ward women black paint the arvind kejriwal and atishi sign board

पड़ताल

वायरल दावे की जांच के लिए हमने वीडियो का स्क्रीनशॉट निकालकर उसे गूगल लेंस से चेक किया। रोहिणी से भाजपा विधायक विजेंद्र गुप्ता ने 28 फरवरी 2024 को इस वीडियो को शेयर करते हुए लिखा है कि श्री निवासपुरी वार्ड में पिछले 15 दिन से घरों में गंदा पानी भरा हुआ है। शिकायत नहीं सुनने पर वहां की महिलाओं का गुस्सा फूट पड़ा।

दिल्ली भाजपा के सचिव हरीश खुराना ने भी 28 फरवरी को इस वीडियो को शेयर करते हुए इसे श्री निवासपुरी वार्ड में गंदे पानी से परेशान लोगों के गुस्से का बताया।

कीवर्ड से सर्च करने पर ईटीवी भारत की वेबसाइट पर इससे संबंधित खबर को भी देखा जा सकता है। खबर के अनुसार, कालकाजी विधानसभा क्षेत्र के प्रिया कैंप के लोग घरों में गंदा पानी भरा होने से परेशान हैं। शिकायत थी कि कॉलोनी में काफी दिन से गंदा पानी भरा हुआ था। इससे नाराज होकर महिलाओं ने अरविंद केजरीवाल और आतिशी के साइन बोर्ड पर कालिख पोत दी। आतिशी यहां से विधायक हैं।

Sriniwaspuri Ward women black paint the arvind kejriwal and atishi sign board

इस बारे में दैनिक जागरण के दिल्ली राज्य ब्यूरो में प्रमुख संवाददाता वीके शुक्ला का कहना है कि यह वीडियो करीब एक साल पुराना है, जबकि यहां मतदान 5 फरवरी 2025 को हुआ है।

दैनिक जागरण की वेबसाइट पर छपी खबर के अनुसार, 5 फरवरी को दिल्ली की 70 विधानसभा सीटों के लिए वोटिंग हुई। शाम 6 बजे तक दिल्ली में 60.45 फीसदी वोटिंग हुई है।

delhi assembly elections voting percentage

पुराने वीडियो को दिल्ली विधानसभा चुनाव से जोड़कर शेयर करने वाले फेसबुक यूजर की प्रोफाइल को हमने स्कैन किया। यूजर एक राजनीतिक दल से प्रभावित हैं।

The post Fact Check: दिल्ली में अरविंद केजरीवाल और आतिशी के साइन बोर्ड पर कालिख पोतने का वीडियो एक साल पुराना है appeared first on Vishvas News.

Post a Comment

0 Comments