नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। प्रयागराज के महाकुंभ मेले में मौनी अमावस्या वाले दिन उप निरीक्षक अंजनी कुमार राय का निधन हो गया था। इसी से जोड़ते हुए सोशल मीडिया पर एक पोस्ट तेजी से वायरल हो रही है। पोस्ट में दावा किया जा रहा है कि भारतीय टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने सामने आकर उनके परिवार के लिए मदद का हाथ बढ़ाया है। उन्होंने अंजनी के परिवार को 25 करोड़ रुपये सहायता के तौर पर देने का एलान किया है।
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा गलत है। धोनी की तरह से इस तरह का कोई एलान नहीं किया गया है। पहले भी धोनी के नाम पर इस तरह के कई दावे वायरल हो चुके हैं। पुलिस ने उप निरीक्षक अंजनी कुमार की मृत्यु को लेकर जारी अलग-अलग दावे का खंडन करते हुए बताया कि हार्ट अटैक की वजह से उनका निधन हुआ।
क्या हो रहा है वायरल ?
थ्रेड यूजर cricket_life_10k_ ने वायरल पोस्ट को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा है, “महेंद्र सिंह धोनी ने कहा:- “इंस्पेक्टर अंजनी कुमार राय ईस महाकुम्भ प्रयाग राज अमावस्या के दिन उस भगदड़ मेला मे इनकी मौत हो गयी और मौत की खबर सुनते ही धोनी ने अंजनी कुमार राय के परिवार वाले को 25 करोड़ रुपया दिया है।”
पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल
वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स की मदद से सर्च किया। हमें दावे से जुड़ी कोई जानकारी नहीं मिली।
हमने पड़ताल को आगे बढ़ाते हुए महेंद्र सिंह धोनी के आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट्स को खंगाला। हालांकि, हमें वहां पर भी दावे से जुड़ी कोई जानकारी नहीं मिली।
नवभारत टाइम्स की 5 फरवरी 2025 को प्रकाशित एक रिपोर्ट के मुताबिक, “महाकुंभ मेला पुलिस विभाग ने उप निरीक्षक अंजनी कुमार राय की मौत को लेकर किये जा रहे दावों को सिरे से खारिज कर दिया है। पुलिस की ओर से बताया गया कि सोशल मीडिया के जरिये ये भ्रामक कथन प्रचारित किया जा रहा है कि कुंभ मेला क्षेत्र में भगदड़ के कारण घायल होने से उप निरीक्षक अंजनी कुमार राय की मौत हो गई है, जबकि उनकी ड्यूटी भीड़ के दबाव वाले स्थान पर नहीं थी। पुलिस की ओर से बताया गया कि 30 जनवरी को ड्यूटी के दौरान उनकी (सब इंस्पेक्टर) अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया था। जहां डॉक्टरों ने इन्हें मृत घोषित कर दिया था। आगे बताया गया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में सब इंस्पेक्टर की मौत की वजह हार्ट अटैक होना बताया गया है।”
कुंभ मेला पुलिस यूपी 2025 के आधिकारिक अकाउंट पर हमें पुलिस की ओर से जारी प्रेस नोट मिला। कैप्शन में मौजूद जानकारी के मुताबिक, “अंजनी कुमार राय की ड्यूटी भीड़ के दबाव वाले स्थान पर नहीं थी। दिनांक 30-01-2025 को ड्यूटी के दौरान इनकी अचानक तबीयत खराब होने पर इन्हें इलाज हेतु अस्पताल लाया गया था, जहां चिकित्सकों द्वारा इन्हें मृत घोषित कर दिया गया। श्री अंजनी कुमार राय की पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार इनकी मृत्यु हार्ट अटैक के कारण होना पाया गया। अतः भगदड़ में घायल होने के कारण इनकी मृत्यु होने सम्बन्धी कथन पूर्णतया असत्य है।”
हमने प्रयागराज में दैनिक जागरण के संपादकीय प्रभारी राकेश पांडेय से संपर्क किया। उन्होंने दावे को गलत बताया है।
अंत में हमने पोस्ट को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर को दो हजार से ज्यादा लोग फॉलो करते हैं। यूजर क्रिकेट से जुड़ी पोस्ट को शेयर करता है।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि महेंद्र सिंह धोनी की ओर से उप निरीक्षक अंजनी कुमार राय के परिवार को 25 करोड़ रुपये दिये जाने का वायरल दावा गलत है। धोनी की तरह से इस तरह का कोई एलान नहीं किया गया है। पहले भी धोनी के नाम पर इस तरह के कई दावे वायरल हो चुके हैं।
The post Fact Check: धोनी ने महाकुंभ में मरने वाले उप निरीक्षक अंजनी कुमार राय के परिवार को नहीं दिये 25 करोड़, वायरल दावा गलत appeared first on Vishvas News.
0 Comments