What's Hot

6/recent/ticker-posts

Fact Check: शाहरुख खान का यह वीडियो महाकुंभ से संबंधित नहीं है

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर शाहरुख खान का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें उन्हें एक मंदिर से बाहर निकलते हुए देखा जा सकता है। वीडियो को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि वीडियो महाकुंभ का है।

विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा गलत है। वायरल वीडियो महाकुंभ का नहीं, बल्कि तिरुपति का है। बॉलीवुड स्टार शाहरुख खान ने 5 सितंबर, 2023 को आंध्र प्रदेश के तिरुमाला वेंकटेश्वर मंदिर का दौरा किया था। रिपोर्ट्स के अनुसार, उन्होंने अपनी फिल्म जवान की सफलता के लिए प्रार्थना करने के लिए अपने परिवार और सह-कलाकार नयनतारा के साथ मंदिर का दौरा किया था।

क्या हो रहा है वायरल ?

इंस्टाग्राम यूजर ‘ayodhyaa_2024’ ने 13 फरवरी 2025 को वायरल वीडियो को शेयर करते हुए लिखा “महाकुभ पहुचेे शाहरुख खान।”

पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल

वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स की मदद से सर्च किया। हमें कहीं भी शाहरुख़ खान के महाकुंभ में जाने की कोई खबर नहीं मिली।

इसके बाद हमने वायरल वीडियो के कीफ्रेम्स को गूगल रिवर्स इमेज पर सर्च किया। हमें यह वीडियो NDTV के यूट्यूब चैनल पर 5 सितम्बर 2023 को अपलोड एक वीडियो मिला, जिसमें 1 मिनट के बाद वायरल क्लिप वाला हिस्सा देखा जा सकता है। वीडियो में लिखे डिस्क्रिप्शन के अनुसार, “सुपरस्टार शाहरुख खान ने अपनी आगामी फिल्म जवान की रिलीज से पहले तिरुपति के श्री वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर में पूजा-अर्चना की। अभिनेता को मंदिर में फोटो खिंचवाते समय अपने त्यौहारी परिधान में देखा गया। उनकी सह-कलाकार नयनतारा भी अपने पति विग्नेश शिवन के साथ मंदिर में नजर आईं।”

शाहरुख खान के तिरुपति मंदिर जाने का यह वीडियो हमें इंडियन एक्सप्रेस के यूट्यूब चैनल पर भी 5 सितम्बर 2023 को अपलोड मिला। साथ में टाइटल लिखा था, “शाहरुख खान और नयनतारा ने जवान की रिलीज से पहले तिरुमाला में प्रार्थना की”

कीवर्ड्स से सर्च करने पर हमें सितंबर 2023 में शाहरुख खान के तिरुपति मंदिर जाने को लेकर कई खबरें मिलीं।

हमने इस विषय में मुंबई में बॉलीवुड को कवर करने वालीं दैनिक जागरण की वरिष्ठ पत्रकार स्मिता श्रीवास्तव से संपर्क किया। उन्होंने बताया, “यह वीडियो सितम्बर 2023 का है, जब शाहरुख खान और नयनतारा ने जवान की रिलीज से पहले तिरुमाला में प्रार्थना की थी।”

शाहरुख खान के इस पुराने वीडियो को पहले भी फर्जी दावों के साथ शेयर किया गया है। कभी इसे ईद से जोड़ते हुए वायरल किया गया है तो कभी राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा से जोड़कर। उस समय किये गए फैक्ट चेक्स को यहां पढ़ा जा सकता है।

अंत में हमने वीडियो को भ्रामक दावे के साथ शेयर करने वाले इंस्टाग्राम यूजर ayodhyaa_2024 के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर के 3 लाख से अधिक फॉलोअर्स हैं।

The post Fact Check: शाहरुख खान का यह वीडियो महाकुंभ से संबंधित नहीं है appeared first on Vishvas News.

Post a Comment

0 Comments