What's Hot

6/recent/ticker-posts

Fact Check: दिल्ली-एनसीआर में आए भूकंप का बताकर शेयर किया जा रहा वीडियो पाकिस्तान का है

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। दिल्ली-एनसीआर में 17 फरवरी की सुबह 5 बजकर 36 मिनट पर भूकंप के झटके ने लोगों को नींद से जगा दिया। इससे जोड़कर सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। इस सीसीटीवी फुटेज में भूकंप की तीव्रता को देखा जा सकता है। कुछ यूजर्स एवं न्यूज वेबसाइट ने इस वीडियो को दिल्ली-एनसीआर में आए भूकंप का बताकर शेयर किया है।

विश्वास न्यूज की जांच में पता चला कि वायरल वीडियो का दिल्ली-एनसीआर में आए भूकंप से कोई वास्ता नहीं है। यह वीडियो पाकिस्तान के इस्लामाबाद में 15 फरवरी को आए भूकंप का है।

वायरल पोस्ट

फेसबुक यूजर Sirf Khabar ने 17 फरवरी 2025 को वीडियो पोस्ट (आर्काइव लिंक) करते हुए लिखा,

“दिल्ली-NCR में भूकंप के तेज झटके, घरों से बाहर भागे लोग

सुबह 5:38 पर तेज झटके महसूस किए गए।

CCTV में कैद इस वीडियो को देखकर भूकंप की तीव्रता का अंदाजा लगाइए।”

Viral Video Claiming Delhi-NCR Earthquake Is Actually from Pakistan

जी न्यूज (आर्काइव लिंक) और वेबदुनिया (आर्काइव लिंक) की वेबसाइट पर भी इस वीडियो को दिल्ली-एनसीआर का बताते हुए अपलोड किया गया है।

पड़ताल

वायरल दावे की जांच के लिए हमने सबसे पहले दिल्ली-एनसीआर में आए भूकंप के बारे में सर्च किया। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (नेशनल सेंटर फॉर सिस्मोलॉजी) के एक्स हैंडल से 17 फरवरी 2025 को सुबह 5:46 पर इस बारे में पोस्ट की गई है। इसके अनुसार, 17 फरवरी की सुबह 5:36 पर 4 तीव्रता का भूकंप आया था, जिसका केंद्र नई दिल्ली से पांच किलोमीटर नीचे था।

इसके बाद 17 फरवरी को 8:02 पर बिहार के सिवान में भी 4 तीव्रता के झटके महसूस किए गए हैं।

17 फरवरी को दैनिक जागरण की वेबसाइट पर छपी खबर के मुताबिक, भूकंप के झटके महसूस होने के बाद दिल्ली पुलिस ने हेल्पलाइन नंबर जारी किया है। इसमें किसी भी जानमाल के नुकसान की कोई सूचना नहीं है।

इसके बाद हमने वायरल वीडियो को ध्यान से देखा। इस पर तारीख 15 फरवरी 2025 और समय रात के 10:48 का दिख रहा है, जबकि दिल्ली-एनसीआर में भूकंप 17 फरवरी को सुबह 5:36 पर आया था। इससे साफ होता है कि वायरल वीडियो दिल्ली-एनसीआर का नहीं है।

Viral Video Claiming Delhi-NCR Earthquake Is Actually from Pakistan

इसका कीफ्रेम निकालकर गूगल लेंस से सर्च करने पर यह हमें एक्स यूजर Muhammad Abdullah Hashmi का अकाउंट मिला। इस वीडियो को 16 फरवरी को पोस्ट किया है। यूजर की पोस्ट के मुताबिक, यह वीडियो उसके घर में लगे सीसीटीवी का है, जिसमें इस्लामाबाद में आए भूकंप के झटके कैद हुए हैं।

15 फरवरी 2025 को द डॉन की वेबसाइट पर छपी खबर के अनुसार, इस्लामाबाद और रावलपिंडी में रात 10:48 बजे 4.8 तीव्रता के भकूंप के झटके महसूस किए गए। इसका केंद्र रावलपिंडी से आठ किलोमीटर दूर था।

इस बारे में हमने दिल्ली में दैनिक जागरण के प्रमुख संवाददाता वीके शुक्ला से संपर्क किया। उनका कहना है कि दिल्ली में 17 फरवरी की सुबह भूकंप आया है, जबकि वायरल वीडियो पर 15 फरवरी की तारीख दी गई है। यह आज का वीडियो नहीं है।

पाकिस्तान के वीडियो को दिल्ली-एनसीआर का बताकर शेयर करने वाले फेसबुक यूजर की प्रोफाइल को हमने स्कैन किया। यूजर के करीब 16 हजार फॉलोअर्स हैं।

The post Fact Check: दिल्ली-एनसीआर में आए भूकंप का बताकर शेयर किया जा रहा वीडियो पाकिस्तान का है appeared first on Vishvas News.

Post a Comment

0 Comments