What's Hot

6/recent/ticker-posts

Fact Check: राजस्थान के भरतपुर में दो लड़कों को पीटने का मामला फरवरी 2021 का है, हाल का नहीं

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। राजस्थान के भरतपुर का बताकर एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें कुछ लोग दो लड़कों को पीटते हुए दिख रहे हैं। कुछ यूजर्स वीडियो को शेयर कर दावा कर रहे हैं कि राजस्थान के सीएम भजन लाल शर्मा के जिले भरतपुर में दलित किशोर की कुर्सी पर बैठने की वजह से पिटाई की गई।

विश्वास न्यूज की जांच में पता चला कि वायरल वीडियो फरवरी 2021 में हुई घटना का है। इसमें दो किशोरों की मैरिज होम में पिटाई की गई थी। इस मामले में पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था। उस समय राजस्थान में कांग्रेस की सरकार थी।

क्या है वायरल पोस्ट

विश्‍वास न्‍यूज के टिपलाइन नंबर +91 9599299372 पर यूजर ने इस वीडियो को भेजकर इसकी सच्चाई बताने का अनुरोध किया।

Rajasthan Bharatpur Viral Video

फेसबुक यूजर Journalist Sanjay Kumar Gautam (आर्काइव लिंक) ने भी 26 सितंबर को इस वीडियो को पोस्ट करते हुए लिखा,

भारत में राजस्थान दूसरे नंबर पर आता है
दलितों पर सबसे ज्यादा अत्याचार होता है इसमें दूसरा नंबर है राजस्थान का
यकीन नहीं है तो यह वीडियो पूरा देखा
यह वीडियो जातिवादी मुख्यमंत्री भजन शर्मा के राजस्थान के जिला भरतपुर का बताया जा रहा है।
एक दलित युवक कुर्सी पर बैठ जाता है तो जातिवादी, जाहिल, —- आतंकवादियों को यह पसंद नहीं आता और उस शोषित पीड़ित वंचित समाज के लड़के को लाठी डंडों से पीटना शुरू कर देते हैं।
जो कहते हैं जातिवाद खत्म हो गया.. तो यह क्या है

Fact Check, Rajasthan, Bharatpur, Viral Video,

पड़ताल

वायरल दावे की जांच के लिए हमने वीडियो के कीफ्रेम निकालकर उसे गूगल लेंस से सर्च किया। 23 फरवरी 2021 को नवभारत टाइम्स की वेबसाइट पर इससे संबंधित खबर छपी है। इसमें वीडियो के स्क्रीनशॉट्स को भी देखा जा सकता है। खबर में लिखा है कि मामला राजस्थान के भरतपुर जिले के सेवर थाना क्षेत्र का है। मलाह गांव में दो नाबालिगों की पिटाई का वीडियो वायरल हुआ है। पीड़ित की मां की शिकायत पर पुलिस ने दो आरोपियों लक्ष्मण ठाकुर और गंगा सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। मामला करीब तीन दिन पुराना बताया जा रहा है।

Rajasthan Bharatpur Viral Video

ईटीवी भारत की वेबसाइट पर भी 22 फरवरी 2021 को अपलोड इस खबर और वीडियो को देखा जा सकता है। इससे यह तो साबित हो गया कि वीडियो हाल-फिलहाल का नहीं, बल्कि तीन साल से भी ज्यादा पुराना है।

Rajasthan Bharatpur Viral Video

21 फरवरी 2021 को दैनिक भास्कर में छपी खबर में एक पीड़ित की उम्र 19 वर्ष बताई गई है, जबकि दूसरा नाबालिग बताया गया है।

इस बारे में हमने सेवर थाने के तत्कालीन प्रभारी अरुण चौधरी से बात की। उनका कहना है कि यह मामला फरवरी 2021 में सामने आया था। केस कोर्ट में विचाराधीन है। आपसी विवाद को लेकर किशोरों से मारपीट की गई थी। इसमें कोई जातीय एंगल नहीं था।

दैनिक जागरण की वेबसाइट पर दी गई जानकारी के अनुसार, दिसंबर 2018 से दिसंबर 2023 तक राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत थे।

वीडियो को भ्रामक दावे के साथ शेयर करने वाले फेसबुक यूजर की प्रोफाइल को हमने स्कैन किया। लखनऊ में रहने वाले यूजर एक विचारधारा से प्रभावित हैं।

The post Fact Check: राजस्थान के भरतपुर में दो लड़कों को पीटने का मामला फरवरी 2021 का है, हाल का नहीं appeared first on Vishvas News.

Post a Comment

0 Comments