नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। न्यूज पेपर की एक कटिंग सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। इसकी हेडिंग है, 100 लोगों की हत्याएं करने वाला डॉक्टर डेथ गिरफ्तार। इसमें आरोपी का नाम देवेंद्र शर्मा दिया गया है। अखबार की इस कटिंग को शेयर कर कुछ यूजर्स दावा कर रहे हैं कि देवेंद्र शर्मा की गिरफ्तारी हाल ही में हुई है और इसे सांप्रदायिक रंग देते हुए शेयर कर रहे हैं।
विश्वास न्यूज ने अपनी जांच में पाया कि जुलाई 2020 में देवेंद्र शर्मा को दिल्ली में गिरफ्तार किया गया था। उसने 100 लोगों की हत्या का दावा किया था। करीब चार साल पुरानी खबर की कटिंग को हालिया बताकर सांप्रदायिक रंग देकर वायरल किया जा रहा है।
क्या है वायरल पोस्ट
फेसबुक यूजर Akhilesh Patel ने 3 अक्टूबर को अखबार की कटिंग को शेयर (आर्काइव लिंक) करते हुए लिखा,
“अब इसका विरोध नहीं किया जाएगा.. और न ही मीडिया इसे दिखाएगी… क्योंकि ये मुस्लिम नहीं है..
अगर यही व्यक्ति मुस्लिम समुदाय या पिछड़े वर्ग, दलित, आदिवासी समाज का होता तो आज इसे आतंकवादी घोषित कर दिया गया होता और न जाने कितने लोग सड़क पर होते.. और मीडिया वाले टीवी पर चिल्ला रहे होते…
लेकिन सब चुप हैं क्योंकि ये ब्रह्मण हैं।।”

पड़ताल
वायरल दावे की जांच के लिए हमने कीवर्ड से इस बारे में गूगल पर सर्च किया। अमर उजाला की वेबसाइट पर 30 जुलाई 2020 को इस बारे में खबर छपी है। इसमें वायरल तस्वीर को भी देखा जा सकता है। खबर में लिखा है, “दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच की नारकोटिक्स सेल ने बापरौला से देवेंद्र शर्मा को गिरफ्तार किया है। वह 100 से ज्यादा लोगों की हत्या करने का दावा करता है। सीरियल किलर देवेंद्र पर किडनी रैकेट से जुड़े होने का भी आरोप है। वह हत्या के एक मामले में उम्रकैद काट रहा था। इसके बाद पैरोल पर बाहर आकर जनवरी 2020 में फरार हो गया था।”

दैनिक जागरण की वेबसाइट पर 29 जुलाई 2020 को छपी खबर में लिखा है, “देवेंद्र शर्मा ने 11 साल तक जयपुर में क्लीनिक चलाया था। आरोप है कि 2002 से 2004 के बीच उसने 100 से ज्यादा ट्रक चालकों की हत्या की थी। वह 10 साल तक किडनी रैकेट से भी जुड़ा रहा है। हत्या के कई मामलों में उम्रकैद की सजा काटने के दौरान वह पैरोल पर बाहर आया था और फरार हो गया था।”

इंडिया टुडे की वेबसाइट पर भी इस खबर को देखा जा सकता है।
इस बारे में दिल्ली में ईटीवी भारत के पत्रकार राहुल चौहान का कहना है कि करीब चार साल पहले दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने देवेंद्र शर्मा को गिरफ्तार किया था। यह अभी का मामला नहीं है।
पुरानी खबर की कटिंग को शेयर करने वाले फेसबुक यूजर की प्रोफाइल को हमने स्कैन किया। एक विचारधारा से प्रभावित यूजर के करीब 24 हजार फॉलोअर्स हैं।
The post Fact Check: 100 से ज्यादा लोगों की हत्याओं का दावा करने वाले देवेंद्र शर्मा को चार साल पहले किया गया था गिरफ्तार appeared first on Vishvas News.
0 Comments