नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। भीम आर्मी चीफ चंद्रशेखर आजाद पर हुए हमले के बाद सोशल मीडिया पर एक ट्वीट का स्क्रीनशॉट शेयर किया जा रहा है। मुकेश खन्ना के नाम से बने ट्विटर अकाउंट के ट्वीट के स्क्रीनशॉट को शेयर कर कुछ सोशल मीडिया यूजर्स दावा कर रहे हैं कि चंद्रशेखर का असली नाम नसीमुद्दीन खान है। इस पोस्ट को शेयर कर यूजर्स भड़काऊ बातें कर रहे हैं।
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि भीम आर्मी चीफ चंद्रशेखर को लेकर किया जा रहा दावा गलत है। उनका असली नाम चंद्रशेखर ही है, नसीमुद्दीन खान नहीं। वायरल स्क्रीनशॉट मुकेश खन्ना के फेक ट्विटर अकाउंट से किए गए ट्वीट का है।
क्या है वायरल पोस्ट
विश्वास न्यूज के वॉट्सऐप टिपलाइन नंबर +91 9599299372 पर यूजर ने इस वायरल स्क्रीनशॉट को भेजकर इसकी सच्चाई बताने का अनुरोध किया है। स्क्रीनशॉट पर ट्वीट की तारीख 6 अक्टूबर 2020 दी गई है।

फेसबुक यूजर ‘राजेश कुमार‘ (आर्काइव लिंक) ने भी 4 जुलाई को स्क्रीनशॉट पोस्ट करते हुए समान दावा किया।

इस स्क्रीनशॉट को फेसबुक पर कई अन्य यूजर्स ने भी समान दावे के साथ शेयर किया है।

पड़ताल
सबसे पहले हमने चंद्रशेखर आजाद को लेकर किए जा रहे दावे की पड़ताल की। इसके लिए हमने कीवर्ड से गूगल पर सर्च किया। 30 जून को जनसत्ता की वेबसाइट पर छपी खबर के अनुसार, “पिछले दिनों सहारनपुर के देवबंद में चंद्रशेखर आजाद पर कार सवार हमलावरों ने गोली चला दी थी। 3 दिसंबर 1986 को सहारनपुर में जन्मे चंद्रशेखर भीम आर्मी के अलावा आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के भी अध्यक्ष हैं। 2017 में सहारनपुर के शब्बीरपुर गांव में हुई जातीय हिंसा के बाद वह चर्चा में आए थे। उनके पिता गोवर्धनदास शिक्षक थे। उनके भाइयों के नाम भरत सिंह और कमल किशोर हैं।” इसमें उनका नाम कहीं भी नसीमुद्दीन नहीं दिया गया है।

जी न्यूज में 28 जून को छपी खबर के मुताबिक,”चंद्रशेखर का जन्म सहारनपुर स्थित घडकौली गांव में हुआ था। उनके पिता का नाम गोवर्धन दास और माता का नाम कमलेश देवी है, जो गृहिणी हैं। चंद्रशेखर पांच भाई-बहन हैं।”

इस बारे में अधिक जानकारी के लिए हमने चंद्रशेखर का इंटरव्यू लेने वाले सहारनपुर के स्थानीय पत्रकार शिवमणि त्यागी से बात की। उनका कहना है,”चंद्रशेखर का जन्म सहारनपुर के छुटमुलपुर में ही हुआ था। उनके पिता शिक्षक थे। उनका असली नाम चंद्रशेखर ही है। पहले भी इस तरह की फर्जी पोस्ट वायरल हो चुकी है कि उनका असली नाम नसीमुद्दीन खान है।“
इससे पहले जब यह दावा वायरल हुआ था, तब भी विश्वास न्यूज की पड़ताल में यह दावा फर्जी निकला था। उस समय विश्वास न्यूज ने चंद्रशेखर और उनके सहयोगी सत्यवान मेहरा से संपर्क किया था। उन्होंने इस पोस्ट को फेक बताया था।
इससे साबित होता है कि चंद्रशेखर आजाद के नाम को लेकर किया जा रहा दावा गलत है। इसके बाद हमने एक्टर मुकेश खन्ना के ट्विटर हैंडल के बारे में सर्च किया। मुकेश खन्ना के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर ट्विटर हैंडल @actmukeshkhanna को आधिकारिक बताया गया है। जबकि वायरल स्क्रीनशॉट में यूजर आईडी @TheMu…दी गई है। मतलब यह मुकेश खन्ना के फेक अकाउंट से किया गया ट्वीट था।
पड़ताल के अंत में हमने फेक पोस्ट करने वाले फेसबुक यूजर ‘राजेश कुमार‘ की प्रोफाइल को स्कैन किया। इसके मुताबिक, वह बरेली में रहते हैं और उनके करीब 12 हजार फॉलोअर्स हैं। वह एक विचारधारा से प्रभावित हैं।
इससे पहले भी मुकेश खन्ना के फेक ट्विटर अकाउंट को लेकर पोस्ट वायरल हो चुकी हैं। विश्वास न्यूज की फैक्ट चेक रिपोर्ट को यहां पढ़ें।
The post Fact Check: भीम आर्मी प्रमुख चंद्रशेखर का नाम नसीमुद्दीन खान नहीं है, मुकेश खन्ना के फेक ट्विटर अकाउंट का स्क्रीनशॉट हो रहा शेयर appeared first on Vishvas News.
0 Comments