नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। अमेरिकी मिडटर्म चुनाव में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की रिपब्लिकन पार्टी को मिली हार के बाद सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें कथित तौर पर ट्रंप को अपने ऑफिस में तोड़फोड़ करते हुए दिखाया गया है। कुछ यूजर्स इस वीडियो को शेयर कर दावा कर रहे हैं कि मिडटर्म चुनाव में हार के बाद ट्रंप ने अपने ऑफिस में तोड़फोड़ की है।
विश्वास न्यूज ने वायरल वीडियो की जांच की तो यह एआई निर्मित निकला। यूजर्स इसे असली मानकर शेयर कर रहे हैं।
क्या है वायरल पोस्ट?
फेसबुक यूजर ‘Lalan Prasad’ ने 5 नवंबर 2026 को वीडियो पोस्ट (आर्काइव लिंक) करते हुए लिखा, “महाशय जी को चाहिए नोबल पुरस्कार शांति के लिए? चुनाव परिणाम नाम आने के बाद 2:30 लगभग अपनी ऑफिस किए तोड़-फोड़, ट्रंप का गुस्सा चरम पर है।”

पड़ताल
वायरल दावे की जांच के लिए हमने सबसे पहले कीवर्ड से इस बारे में गूगल सर्च किया, लेकिन हमें ऐसी कोई रिपोर्ट नहीं मिली।
इसके बाद हमने वीडियो को ध्यान से देखा। इसमें नजर आ रही टाइमलाइन में 14:27:28 के बाद 14:27:19 का समय दिखाई देता है। इससे हमें वीडियो के एआई से बने होने की संभावना लगी। साथ ही, वीडियो के अंत में ‘Eman Rus’ लिखा हुआ देखा जा सकता है।

इस आधार पर हमने गूगल पर ‘Eman Rus’ के बारे में सर्च किया। इंस्टाग्राम यूजर ‘eman_russ‘ ने इस वीडियो को 4 नवंबर 2026 को पोस्ट किया था। इस पर ‘एआई जेनरेटेड’ लिखा है। कैप्शन में लिखा है, ”higgsfield.ai से बनाया गया।”

हमने वीडियो को एआई डिटेक्शन टूल्स से चेक किया। गूगल के ‘सिंथआईडी’ से चेक करने पर इसके ‘ओपन एआई’ से बने होने या एडिट किए जाने के संकेत मिले।

‘aivideodetector’ ने भी वायरल वीडियो को 72 फीसदी एआई संभावित बताया।

इससे पता चलता है कि वायरल वीडियो एआई निर्मित है।
इस बारे में हमने ‘दैनिक जागरण’ में विदेश मामलों को कवर करने वाले विशेष संवाददाता जय प्रकाश रंजन से संपर्क किया। उन्होंने बताया कि ट्रंप द्वारा अपने कार्यालय में तोड़फोड़ करने जैसी कोई जानकारी नहीं है। अगर ऐसा कुछ होता, तो पता जरूर चलता।
क्या है संदर्भ?
अमेरिका में हुए मिडटर्म चुनाव में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की रिपब्लिकन पार्टी को झटका लगा है। ‘बीबीसी‘ की 8 नवंबर 2026 की रिपोर्ट के अनुसार, चुनाव के बाद रिपब्लिकन पार्टी ने अमेरिकी संसद के दोनों सदनों, सीनेट और हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स पर अपना नियंत्रण खो दिया है, जबकि विपक्षी डेमोक्रेटिक पार्टी ने दोनों सदनों में बहुमत हासिल कर लिया है।
एआई वीडियो को गलत दावे से शेयर करने वाले यूजर की प्रोफाइल को हमने स्कैन किया। यह अकाउंट 6 सितंबर 2025 को बनाया गया था।
निष्कर्ष: अमेरिकी मिडटर्म चुनाव में रिपब्लिकन पार्टी की हार के बाद राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा अपने ऑफिस में तोड़फोड़ किए जाने के दावे से एआई निर्मित वीडियो वायरल हो रहा है।
The post Fact Check: मिडटर्म चुनाव में हार के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप के अपने कार्यालय में तोड़फोड़ करने के दावे से AI वीडियो वायरल appeared first on Vishvas News.
0 Comments