What's Hot

6/recent/ticker-posts

Fact Check: राहुल गांधी की एक साल पहले बेगूसराय में निकाली गई पदयात्रा के वीडियो को हालिया बताकर किया जा रहा वायरल 

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की रैली का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में जनसैलाब के बीच राहुल गांधी को चलते हुए देखा जा सकता है। इसे हाल की एक पदयात्रा बताते हुए दावा किया जा रहा है कि यह वीडियो बिहार के बेगूसराय का है। यह भी क्लेम किया जा रहा है कि कांग्रेस ने पलायन रोको, नौकरी दो यात्रा निकाली है, जिसमें शामिल होने के लिए हजारों युवा पहुंचे हैं। 

विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में वायरल वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा भ्रामक पाया। असल में वायरल हो रहा वीडियो हाल-फिलहाल का नहीं, बल्कि साल 2025 का है। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 से पहले कांग्रेस द्वारा बेगूसराय में निकाली गई ‘पलायन रोको, नौकरी दो’ यात्रा में शामिल होने के लिए राहुल गांधी वहां पहुंचे थे। इसी यात्रा के पुराने वीडियो को अब भ्रामक दावे के साथ वायरल किया जा रहा है।

क्या हो रहा है वायरल? 

एक्स यूजर ‘Congress Ki Sena’ ने 21 अक्टूबर 2026 को वायरल वीडियो शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा, “बिहार के युवा सड़क पर। पलायन रोको, नौकरी दो कांग्रेस की यात्रा में राहुल गांधी के साथ भारी भीड़ बेगूसराय में ये नज़ारा।”

पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल 

वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने संबंधित कीवर्ड्स की मदद से गूगल सर्च किया। हमें वायरल हो रहा वीडियो कांग्रेस प्रवक्ता ‘सुप्रिया श्रीनेत’ के आधिकारिक एक्स अकाउंट पर मिला। इस वीडियो को 7 अप्रैल 2025 को शेयर किया गया था। यहां मौजूद जानकारी के मुताबिक, यह वीडियो बिहार के बेगूसराय में हुई ‘पलायन रोको, नौकरी दो’ यात्रा का है। 

पड़ताल के दौरान हमें दावे से जुड़ी एक न्यूज रिपोर्ट ‘दैनिक जागरण’ की वेबसाइट पर मिली। इस रिपोर्ट को 7 अप्रैल 2025 को प्रकाशित किया गया था। रिपोर्ट के अनुसार, विधानसभा चुनाव से पहले तीसरी बार राहुल गांधी बिहार पहुंचे थे। दरअसल, कांग्रेस की छात्र शाखा ‘नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया’ (NSUI) के राष्ट्रीय प्रभारी कन्हैया कुमार 7 अप्रैल 2025 को ‘पलायन रोको, नौकरी दो’ यात्रा निकाल रहे थे। राहुल गांधी इसी यात्रा में शामिल होने के लिए बेगूसराय पहुंचे थे। उन्होंने अपने समर्थकों के साथ करीब दो किलोमीटर पैदल चलकर यह यात्रा निकाली थी और फिर वह पटना में एक जनसभा को संबोधित करने के लिए चले गए थे। 

अधिक जानकारी के लिए हमने दैनिक जागरण, बेगूसराय के ब्यूरो चीफ रूपेश कुमार से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि वायरल हो रहा वीडियो बिहार विधानसभा चुनाव 2025 से पहले निकाली गई पदयात्रा का है। राहुल गांधी ने युवाओं के साथ मिलकर ‘पलायन रोको, नौकरी दो’ यात्रा निकाली थी।

क्या है संदर्भ?

बिहार विधानसभा चुनाव से पहले राहुल गांधी ने राज्य में कई जनसभाओं को संबोधित किया था। उन्होंने बेगूसराय में ‘पलायन रोको, नौकरी दो’ यात्रा निकाली थी। इसके बाद वह पटना के बापू सभागार में ‘संविधान सुरक्षा सम्मेलन’ कार्यक्रम में शामिल हुए थे। इस दौरान उन्होंने ‘वोट अधिकार यात्रा’ भी निकाली थी।

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के परिणामों की घोषणा 14 नवंबर को हुई थी। चुनाव आयोग की वेबसाइट पर मौजूद जानकारी के अनुसार, इस चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को 89 और उसके सहयोगी दल जनता दल यूनाइटेड को 85 सीटें मिली थीं, जबकि राजद को 25 और कांग्रेस को छह सीटें मिली थीं। 

अंत में हमने वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले एक्स यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर को 5,000 से अधिक लोग फॉलो करते हैं। यह यूजर फरवरी 2025 से एक्स पर सक्रिय है।

निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि राहुल गांधी की पदयात्रा के वायरल हो रहे वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा भ्रामक है। यह वीडियो साल 2025 में हुए बिहार विधानसभा चुनाव से पहले बेगूसराय में निकाली गई ‘पलायन रोको, नौकरी दो’ यात्रा का है।

The post Fact Check: राहुल गांधी की एक साल पहले बेगूसराय में निकाली गई पदयात्रा के वीडियो को हालिया बताकर किया जा रहा वायरल  appeared first on Vishvas News.

Post a Comment

0 Comments