नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने पुणे में 22 अगस्त 2026 को ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में छात्रों को संबोधित किया था। इसी से जोड़कर जनसैलाब का एक वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसे पुणे में हुए राहुल गांधी के कार्यक्रम का बताकर वायरल किया जा रहा है।
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा गलत है। यह वीडियो जुलाई 2026 का मेक्सिको का है। दरअसल, वीडियो मेक्सिको के जोकालो में फुटबॉल फैंस के जश्न मनाने का है, जिसे अब गलत दावे के साथ वायरल किया जा रहा है। हालांकि, राहुल गांधी के कार्यक्रम में भी भीड़ देखने को मिली थी।
क्या हो रहा है वायरल?
फेसबुक यूजर ‘Mukesh Kumar Bunkar’ ने 23 अगस्त 2026 को वायरल वीडियो शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा, “पुणे में राहुल गांधी जी के कार्यक्रम में बेटियों की गूंज।”
पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल
वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने वीडियो को गौर से देखा। हमने वीडियो में एक जगह मेक्सिको लिखा हुआ देखा। साथ ही, वीडियो में लोगों को मेक्सिको का झंडा लिए हुए भी देखा जा सकता है। ऐसे में हमें वीडियो को लेकर किए जा रहे दावे के गलत होने का संदेह हुआ।

इसके बाद हमने वीडियो के कई कीफ्रेम निकालकर उन्हें गूगल लेंस की मदद से सर्च किया। हमें वायरल वीडियो ‘carlotavizmanos’ नाम के एक थ्रेड्स अकाउंट पर मिला। इस वीडियो को 1 जुलाई 2026 को शेयर किया गया था। मौजूद जानकारी के मुताबिक, वीडियो मेक्सिको के जोकालो सिटी का है, जहां फुटबॉल फैंस मेक्सिको टीम के गोल करने पर जश्न मना रहे थे।

प्राप्त जानकारी के आधार पर हमने संबंधित कीवर्ड्स की मदद से गूगल सर्च किया। हमें वायरल वीडियो खेल पत्रकार ‘Carlota Vizmanos’ के आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर मिला। इस वीडियो को 1 जुलाई 2026 को शेयर करते हुए बताया गया है कि यह मेक्सिको के जोकालो सिटी में फुटबॉल फैंस के जश्न मनाने का है।

प्रोफाइल को खंगालने पर हमें वायरल वीडियो से मिलते-जुलते कई वीडियो भी मिले।
जांच के दौरान हमें दावे से जुड़ी एक न्यूज रिपोर्ट Al Jazeera’ की वेबसाइट पर मिली। इस रिपोर्ट को 1 जुलाई 2026 को प्रकाशित किया गया था। रिपोर्ट के अनुसार, मेक्सिको ने इक्वाडोर को हराकर वर्ल्ड कप के राउंड ऑफ 16 में जगह बनाई थी। मेक्सिको ने इक्वाडोर को इस मैच में 2-0 से हराया था।
अधिक जानकारी के लिए हमने महाराष्ट्र मिड-डे के सीनियर रिपोर्टर समीउल्लाह खान से भी संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि राहुल गांधी के कार्यक्रम में भीड़ देखने को मिली थी, लेकिन यह वायरल वीडियो उस कार्यक्रम का नहीं है। वीडियो में मेक्सिको लिखा हुआ भी देखा जा सकता है।
क्या है संदर्भ?
राहुल गांधी 22 अगस्त 2026 को महाराष्ट्र के पुणे में छात्रों से मिलने पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने पुणे में ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में भाग लिया। उन्होंने छात्रों को संबोधित करते हुए इस कार्यक्रम में कई मुद्दों पर बातचीत की। उन्होंने महिलाओं के अधिकारों के बारे में भी बात की। पूरी रिपोर्ट को यहां और यहां पढ़ा जा सकता है।
अंत में हमने वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि इस फेसबुक यूजर को छह हजार से अधिक लोग फॉलो करते हैं। यूजर एक खास विचारधारा से प्रभावित पोस्ट शेयर करता है।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि राहुल गांधी के पुणे कार्यक्रम के नाम पर वायरल वीडियो मेक्सिको का है। जुलाई 2026 में मेक्सिको और इक्वाडोर के बीच फुटबॉल मैच हुआ था, जिसमें मेक्सिको ने इक्वाडोर को हरा दिया था। फुटबॉल फैंस इसी जीत का जश्न मना रहे थे, जिसे अब गलत दावे के साथ राहुल गांधी के कार्यक्रम का बताकर वायरल किया जा रहा है।
The post Fact Check: राहुल गांधी के पुणे कार्यक्रम के नाम से वायरल हो रहा यह वीडियो मेक्सिको का है appeared first on Vishvas News.
0 Comments