नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सोशल मीडिया विभाग के पूर्व प्रमुख अमित मालवीय का एक कथित बयान इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस पोस्ट में ‘बीबीसी न्यूज हिंदी’ के टेम्पलेट और लोगो के साथ अमित मालवीय की तस्वीर का भी इस्तेमाल किया गया है। दावा है कि उन्होंने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस की तारीफ की है।
सोशल मीडिया पर कुछ यूजर्स इसे अमित मालवीय का बयान मानकर शेयर कर रहे हैं। विश्वास न्यूज ने विस्तार से इसकी जांच की। यह दावा फर्जी साबित हुआ। अमित मालवीय ने ऐसा कोई बयान नहीं दिया है और न ही बीबीसी न्यूज हिंदी की ओर से यह टेम्पलेट शेयर किया गया है, जैसा कि वायरल पोस्ट में दावा किया जा रहा है। विश्वास न्यूज की पड़ताल में वायरल ग्राफिक फेक निकला। बीबीसी न्यूज हिंदी के पोस्टकार्ड को एडिट कर इसे बनाया गया है। फर्जी ग्राफिक को गलत दावे के साथ अब वायरल किया जा रहा है।
क्या हो रहा है वायरल?
फेसबुक यूजर ‘Devendra Surjan’ ने 20 अगस्त 2026 को वायरल पोस्ट शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा, “कितना सीधा और निष्कपट इंसान है ये!”

ग्राफिक्स के ऊपर अमित मालवीय की तस्वीर का इस्तेमाल करते हुए लिखा गया, “राहुल गांधी जी एक अच्छे इंसान। कांग्रेस ने इस देश को बहुत कुछ दिया।”
वायरल पोस्ट के कंटेंट को यहां ज्यों का त्यों लिखा गया है। इसे सच मानकर कई सोशल मीडिया यूजर्स शेयर कर रहे हैं। पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां देखें।
पड़ताल
विश्वास न्यूज ने वायरल पोस्ट की सच्चाई जानने के लिए सबसे पहले गूगल ओपन सर्च टूल का इस्तेमाल किया। वायरल पोस्ट के आधार पर कुछ कीवर्ड बनाए गए और फिर इन्हें सर्च किया गया।
हमें वायरल दावे से जुड़ी कोई विश्वसनीय न्यूज रिपोर्ट नहीं मिली। यदि अमित मालवीय ने ऐसा कोई बयान दिया होता, तो उससे जुड़ी कोई न कोई न्यूज रिपोर्ट जरूर मौजूद होती।
पड़ताल को आगे बढ़ाते हुए हमने ‘बीबीसी हिंदी’ के आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट्स को खंगालना शुरू किया। हमें असली पोस्टकार्ड ‘BBC News’ हिन्दी के आधिकारिक फेसबुक अकाउंट पर मिला। इस पोस्टकार्ड को 18 अगस्त 2026 को शेयर किया गया था। इसके कैप्शन में लिखा है, “क्या है आपकी राय? भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने अपनी नई राष्ट्रीय टीम का एलान करते हुए पार्टी के आईटी और सोशल मीडिया विभाग में बड़ा बदलाव किया है। करीब 11 साल तक इस जिम्मेदारी को संभालने वाले अमित मालवीय को अब इस पद से हटा दिया गया है”
पोस्टकार्ड पर लिखा है, “कहासुनी। अमित मालवीय को बीजेपी ने सोशल मीडिया इंचार्ज पद से हटाया। आपकी राय?”
वायरल पोस्टकार्ड और बीबीसी हिंदी के पोस्टकार्ड के बीच के अंतर को नीचे देखें।

सर्च के दौरान हमें ‘बीबीसी हिंदी’ के वरिष्ठ पत्रकार मुकेश शर्मा के एक्स हैंडल पर वायरल पोस्ट का खंडन भी मिला। इसे 21 अगस्त 2026 को पोस्ट करते हुए लिखा गया, “इस पोस्ट में @BBCHindi के लोगो का इस्तेमाल किया गया है, लेकिन साफ कर दें कि इसे BBC News Hindi ने पोस्ट नहीं किया है। यह @amitmalviya के बारे में हमारी ओरिजिनल पोस्ट पर आधारित एक एडिट की हुई इमेज है।”
विश्वास न्यूज ने पड़ताल को आगे बढ़ाते हुए मुकेश शर्मा से संपर्क किया। उन्होंने बताया कि वायरल पोस्ट फेक है।
विश्वास न्यूज से बातचीत में अमित मालवीय ने भी वायरल पोस्ट को फेक बताया।
क्या है संदर्भ?
भाजपा ने अपने सोशल मीडिया प्रमुख अमित मालवीय को हटाकर दीपक म्हस्के को यह जिम्मेदारी दी है। मालवीय 11 सालों से भाजपा के सोशल मीडिया विभाग की जिम्मेदारी संभाल रहे थे।
जांच के अंत में फर्जी बयान वाले ग्राफिक्स को शेयर करने वाले यूजर की जांच की गई। पता चला कि यूजर को फेसबुक पर 39 हजार से ज्यादा लोग फॉलो करते हैं। यह अकाउंट 2010 में बनाया गया था। यूजर मध्य प्रदेश के जबलपुर के रहने वाले हैं।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज की जांच में अमित मालवीय के नाम पर वायरल हो रहा बयान फर्जी साबित हुआ। अमित मालवीय ने राहुल गांधी और कांग्रेस की तारीफ में कोई बयान नहीं दिया है और न ही बीबीसी हिंदी ने इस तरह का कोई ग्राफिक अपने सोशल मीडिया हैंडल्स पर पोस्ट किया है।
The post Fact Check: अमित मालवीय ने नहीं की राहुल गांधी और कांग्रेस की तारीफ, फेक पोस्टकार्ड वायरल appeared first on Vishvas News.
0 Comments