नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे का एक बयान मौजूदा कांवड़ यात्रा के बीच सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है। इसमें उन्हें गंगा में डुबकी लगाने को लेकर एक विवादित बयान देते हुए सुना जा सकता है। वीडियो के साथ दावा किया जा रहा है कि मल्लिकार्जुन खरगे ने उत्तराखंड के हल्द्वानी में यह बयान दिया है।
विश्वास न्यूज ने विस्तार से वायरल पोस्ट की जांच की। यह भ्रामक साबित हुई। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने जनवरी 2025 में मध्य प्रदेश के महू की एक सभा में भाजपा नेताओं के गंगा में डुबकी लगाने को लेकर बयान दिया था। उनके इस विवादित बयान का काफी विरोध भी देखने को मिला था। हालांकि, कांग्रेस अध्यक्ष ने हल्द्वानी की सभा में ऐसा कोई बयान नहीं दिया है।
क्या हो रहा है वायरल?
फेसबुक पेज ‘Vartalap’ ने 8 अगस्त 2026 को कांग्रेस अध्यक्ष के वीडियो को पोस्ट करते हुए दावा किया, “हल्द्वानी पहुंचे कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने दिया विवादित बयान बोले गंगा में डुबकी लगाने से नहीं होगी गरीबी दूर।”

वायरल पोस्ट के कंटेंट को यहां ज्यों का त्यों लिखा गया है। इसे सच मानकर कई यूजर्स शेयर कर रहे हैं। वायरल पोस्ट के आर्काइव वर्जन को यहां देखें।
पड़ताल
विश्वास न्यूज ने वायरल पोस्ट की जांच करने के लिए सबसे पहले कांग्रेस के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की हल्द्वानी की सभा के वीडियो को सर्च किया। हमें 8 अगस्त 2026 को खरगे के लाइव भाषण का वीडियो मिला। विश्वास न्यूज ने पूरे भाषण को ध्यान से सुना। हमें वायरल वीडियो वाला विवादित बयान हल्द्वानी की सभा के असली वीडियो में नहीं मिला। इसके अलावा वायरल वीडियो में खरगे ने काले रंग की जैकेट पहनी हुई है, जबकि हल्द्वानी के वीडियो में वह ग्रे रंग की जैकेट पहने हुए दिखे।
हल्द्वानी की सभा के बारे में अधिक जानकारी के लिए विश्वास न्यूज ने कीवर्ड सर्च के जरिए गूगल ओपन सर्च टूल का इस्तेमाल करते हुए संबंधित खबरों को खोजने का प्रयास किया। ‘जागरण डॉट कॉम’ की 9 अगस्त 2026 को पब्लिश की गई एक खबर में बताया गया कि हल्द्वानी के रामलीला मैदान में शनिवार को आयोजित विजय शंखनाद रैली में मल्लिकार्जुन खरगे पहुंचे थे। वहां उन्होंने उत्तराखंड की भाजपा सरकार और केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा।
संबंधित सभा की खबर को ‘आजतक’ की वेबसाइट पर भी पढ़ा जा सकता है। इसे 8 अगस्त 2026 को पब्लिश किया गया था।
विश्वास न्यूज ने जांच को आगे बढ़ाते हुए मल्लिकार्जुन खरगे के वायरल वीडियो वाले बयान को गूगल ओपन सर्च टूल की मदद से खोजना शुरू किया। हमें सर्च के दौरान वायरल वीडियो मल्लिकार्जुन खरगे के एक्स हैंडल पर पुरानी तारीख में अपलोड किया हुआ मिला। 27 जनवरी 2025 को पोस्ट किए गए इस वीडियो को मध्य प्रदेश के महू का बताया गया। इसमें खरगे को यह बोलते हुए सुना जा सकता है, ”अरे भाई गंगा में डुबकी लगाने से गरीबी दूर होती है क्या, क्या आपको पेट में खाना मिलता है? मैं किसी की आस्था को कोई ठेस नहीं पहुंचाना चाहता। अगर किसी को दुख हुआ तो मैं माफी चाहता हूं, लेकिन आप बताइए कि जब बच्चा भूखा मर रहा है, बच्चा स्कूल में नहीं जा रहा है, मजदूरों को मजदूरी नहीं मिल रही है… जब ये सब है, तो ये लोग Competition में डुबकियां मार रहे हैं। Competition में पहले एक डुबकी मारता है, फिर दूसरा… और जब तक TV पर अच्छा नहीं आता, तब तक डुबकी मारते रहते हैं। ऐसे लोगों से देश की भलाई होने वाली नहीं है। हमारी आस्था भगवान में है। कर सकते हैं। हर एक को आजादी है। आप रोज पूजा करिए। घर में हर आदमी और हर महिला पूजा कर के बाहर निकलती है। हमें कोई एतराज नहीं है। हमको एतराज है-गरीबों का जो शोषण हो रहा है, धर्म के नाम पर, उसके खिलाफ हमको लड़ना है।”
सर्च के दौरान वायरल बयान आजतक के यूट्यूब चैनल पर भी मिला। 27 जनवरी 2025 की एक रिपोर्ट में बताया गया कि खरगे ने मध्य प्रदेश के महू में यह विवादित बयान दिया था।
हमारी अब तक की जांच से यह स्पष्ट हो गया कि 8 अगस्त 2026 को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने उत्तराखंड के हल्द्वानी में वायरल बयान नहीं दिया था। यह बयान उन्होंने जनवरी 2025 में भाजपा नेताओं की गंगा में डुबकी लगाने को लेकर तंज में दिया था। उस वक्त इस बयान पर काफी विवाद भी हुआ था। हालांकि, अपने बयान के दौरान ही खरगे ने माफी भी मांग ली थी।
विश्वास न्यूज ने जांच को आगे बढ़ाते हुए कांग्रेस के प्रवक्ता आलोक शर्मा से संपर्क किया और मल्लिकार्जुन खरगे के नाम पर वायरल हो रही पोस्ट को उनके साथ शेयर किया। उन्होंने पुष्टि करते हुए बताया कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने उत्तराखंड में ऐसा कोई बयान नहीं दिया था, जैसा कि वायरल पोस्ट में दिखाया गया है। वायरल वीडियो पुराना है।
क्या है संदर्भ?
उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर कांग्रेस सक्रिय हो गई है। इसी क्रम में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने 8 अगस्त 2026 को हल्द्वानी से प्रदेश में चुनावी शंखनाद करने के बाद पार्टी के नए प्रदेश पदाधिकारियों के साथ बैठक की।
जांच के अंत में कांग्रेस अध्यक्ष के पुराने बयान को उत्तराखंड का बताकर शेयर करने वाले फेसबुक पेज की जांच की गई। पता चला कि इस पेज को 66 हजार से अधिक लोग फॉलो करते हैं। इस पेज को मई 2022 में बनाया गया था।
निष्कर्ष : विश्वास न्यूज की पड़ताल में वायरल पोस्ट भ्रामक साबित हुई। मल्लिकार्जुन खरगे का मध्य प्रदेश के महू में भाजपा नेताओं के लिए दिया गया बयान, अब उत्तराखंड की सभा का बताकर वायरल किया जा रहा है।
The post Fact Check : मल्लिकार्जुन खरगे का गंगा में डुबकी लगाने वाला पुराना बयान हल्द्वानी की हालिया सभा का बताकर किया गया वायरल appeared first on Vishvas News.
0 Comments