What's Hot

6/recent/ticker-posts

Fact Check: हमले के बाद पप्पू यादव की नहीं बिगड़ी सेहत, पुरानी तस्वीर के जरिए फैलाया गया झूठ

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। बिहार के पूर्णिया लोकसभा क्षेत्र से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव की एक तस्वीर को सोशल मीडिया पर वायरल करते हुए दावा किया जा रहा है कि 2 अगस्त 2026 को दिल्ली में उन पर हुए हमले के बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई है। उन्हें घर पर ही डॉक्टर्स की देखरेख में रखा गया है। सोशल मीडिया पर कुछ यूजर्स इस तस्वीर को हालिया बताकर वायरल कर रहे हैं।

विश्वास न्यूज ने विस्तार से वायरल पोस्ट की जांच की। यह भ्रामक साबित हुई। मार्च 2026 में पप्पू यादव की तबीयत अचानक बिगड़ गई थी। तब मधेपुरा में ही उनका इलाज हुआ था। इस तस्वीर को पप्पू यादव के आधिकारिक फेसबुक पेज पर 3 मार्च 2026 को शेयर भी किया गया था।

क्या है वायरल?

फेसबुक यूजर ‘Thakur Sameer Pratap’ ने 3 अगस्‍त 2026 को पप्पू यादव की एक तस्वीर शेयर करते हुए दावा किया, “एक जूता खाने के बाद बिहार के सबसे बड़े बाहुबली पप्पू यादव अपने घर मे ही एडमिट हो गए..सुनने मे आ रहा है ORS का घोल पी रहे है पेट अलग खराब हो गया है पप्पू यादव का भगवान इनको जल्दी स्वस्थ करे और बुद्धि दे की अगली बार ऐसा कुछ न बोले जिसके कारण इनको जूते खाने पड़े और पेट खराब हो जाये ।। पप्पू जी आप जूते खाओ हम आपके साथ बिल्कुल भी नहीं है। ठाकुर समीर प्रताप सिंह। जय श्री राम।”

वायरल फेसबुक पोस्ट के कंटेंट को यहां ज्यों का त्यों लिखा गया है। तस्वीर के साथ किए गए दावे को सच मानकर कई यूजर्स शेयर कर रहे हैं। पोस्ट का आर्काइव वर्जन यहां देखा जा सकता है।

पड़ताल

विश्वास न्यूज ने पड़ताल की शुरुआत गूगल ओपन सर्च टूल की मदद से की। सबसे पहले कीवर्ड के जरिए यह जानने की कोशिश की गई कि क्या वाकई में पप्पू यादव की तबीयत हाल-फिलहाल में बिगड़ी थी। गूगल सर्च के दौरान हमें ऐसी कोई खबर नहीं मिली, जो वायरल दावे की पुष्टि कर सके।

जांच को आगे बढ़ाते हुए गूगल लेंस टूल का सहारा लिया गया। वायरल फोटो को इसके जरिए सर्च करने पर हमें ‘जागरण डॉट कॉम’ की 3 मार्च 2026 की एक खबर मिली। इस खबर में वायरल तस्वीर का इस्तेमाल करते हुए बताया गया था कि मार्च में पप्पू यादव की तबीयत अचानक बिगड़ गई थी, जिसके बाद उन्हें मधेपुरा में डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया था। पप्पू यादव के आधिकारिक सोशल मीडिया पेज पर उनके निजी सचिव की ओर से तस्वीरों के माध्‍यम से स्वास्थ्य संबंधी जानकारी साझा की गई थी।

‘दैनिक जागरण’ के इंस्टाग्राम हैंडल पर भी हमें यह तस्वीर मिली। 3 मार्च 2026 की पोस्ट की गई तस्वीर को बिहार के मधेपुरा स्थित खुर्दा गांव का बताया गया। सर्च के दौरान वायरल तस्वीर हमें ‘भास्कर डॉट कॉम’ की पांच महीने पुरानी एक खबर में भी मिली।

जांच के अगले चरण में हमने पप्पू यादव के सोशल मीडिया हैंडल को खंगाला। हमें उनके फेसबुक पेज पर 3 मार्च 2026 की एक पोस्ट मिली। इसमें वायरल तस्वीर भी मौजूद है। पोस्ट में तस्वीरों के साथ लिखा गया, “पूर्णिया लोकसभा क्षेत्र के माननीय सांसद पप्पू यादव जी की तबीयत अचानक अस्वस्थ हो जाने के कारण उन्हें चिकित्सकों की निगरानी में रखा गया है। डॉक्टरों द्वारा आवश्यक जांच की जा रही है तथा उनके स्वास्थ्य पर पूरी सतर्कता के साथ ध्यान दिया जा रहा है। हम सभी उनके शीघ्र एवं पूर्ण स्वस्थ होने की कामना करते हैं। ईश्वर से प्रार्थना है कि वे उन्हें जल्द स्वस्थ कर पुनः जनसेवा के कार्यों में सक्रिय होने की शक्ति प्रदान करें।”

जांच के दौरान हमें पप्पू यादव का 4 अगस्त 2026 का एक वीडियो मिला। इसमें उन्हें पटना एयरपोर्ट पर प्रेस से बात करते हुए देखा जा सकता है।

विश्वास न्यूज ने जांच के दौरान पप्पू यादव से संपर्क किया और उनके साथ वायरल पोस्ट शेयर किया। उन्होंने बताया, “वायरल पोस्ट फेक है। वायरल तस्वीर मार्च 2026 की है, जब मधेपुरा में तबीयत बिगड़ गई थी।”

क्या है संदर्भ?

बिहार के निर्दलीय लोकसभा सांसद पप्पू यादव 2 अगस्त 2026 को दिल्ली स्थित अपने घर पर एक संवाददाता सम्मेलन कर रहे थे। उसी दौरान एक व्यक्ति ने उन पर चप्पल फेंक दिया। इस हमले में दो लोग शामिल थे। दोनों आरोपियों को पुलिस के हवाले कर दिया गया। दरअसल, पप्पू यादव ने संसद परिसर में राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले को लेकर ‘भगवा वस्त्र’ पहनकर स्वांग किया था। इसी मुद्दे पर पप्पू यादव प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रहे थे।

बीबीसी हिंदी की खबर के अनुसार, “पप्पू यादव की ओर से कहा गया कि दो में से एक हमलावर के पास चाकू था। हालांकि, हैप्पी शर्मा नाम के आरोपी का कहना है कि उनके पास कोई चाकू नहीं था। हैप्पी का दावा है कि जब उनके साथ पप्पू यादव के समर्थकों ने मारपीट की, तो उन्‍होंने चप्पलें फेंकी थीं।”

विश्वास न्यूज ने जांच के अंत में फर्जी पोस्ट करने वाले यूजर के प्रोफाइल की जांच की। पता चला कि ‘ठाकुर समीर प्रताप’ नाम का यह यूजर एक राजनीतिक दल से जुड़ा है। यूजर दिल्ली का रहने वाला है। इसे फेसबुक पर छह हजार से अधिक लोग फॉलो करते हैं। यह प्रोफाइल वर्ष 2011 में बनाई गई थी।

निष्कर्ष: विश्वास न्यूज की जांच में वायरल पोस्ट भ्रामक साबित हुई। दिल्ली में पप्पू यादव पर हुए हमले के बाद उनकी सेहत खराब होने और घर में ही भर्ती होने का दावा झूठा निकला। वायरल तस्वीर पुरानी है।

The post Fact Check: हमले के बाद पप्पू यादव की नहीं बिगड़ी सेहत, पुरानी तस्वीर के जरिए फैलाया गया झूठ appeared first on Vishvas News.

Post a Comment

0 Comments