What's Hot

6/recent/ticker-posts

Fact Check: रांची के छात्र आंदोलन का नहीं, इंदौर में भाजपा-काग्रेस के कार्यकर्ताओं की झड़प का है वायरल वीडियो

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। झारखंड की राजधानी रांची में ‘झारखंड लोक सेवा आयोग’ (जेपीएससी) और ‘झारखंड राज्य कर्मचारी चयन आयोग’ (जेएसएससी) की नियुक्ति परीक्षाओं में अनियमितताओं के खिलाफ 25 जुलाई 2026 से छात्र आंदोलन कर रहे हैं। इसी से जोड़ते हुए सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि भीड़ में कुछ लोगों ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का झंडा पकड़ा है। वहीं एक शख्स हाथों में बहुत सारे पत्थर लेकर वहां मौजूद बैरिकेड के दूसरी तरफ फेंकना शुरू कर देता है। इसे शेयर कर दावा किया जा रहा है कि यह झारखंड के रांची में चल रहे छात्र प्रदर्शन का है और बीजेपी कार्यकर्ता वहां पत्थरबाजी कर रहे हैं।

विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा गलत है। असल में वायरल वीडियो का रांची में चल रहे छात्रों के प्रदर्शन से कोई संबंध नहीं है। यह वीडियो फरवरी 2026 में मध्य प्रदेश के इंदौर में हुई एक घटना का है। दरअसल, 16 से 20 फरवरी 2026 तक दिल्ली में हुए ‘इंडिया AI इम्पैक्ट समिट 2026’ के दौरान यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने विरोध-प्रदर्शन किया था। इसी से नाराज होकर भाजपा के कार्यकर्ताओं ने इंदौर के कांग्रेस कार्यालय का घेराव किया था। यह घेराव देखते ही देखते हिंसक हो गया था। 

क्या हो रहा है वायरल?

फेसबुक यूजर ‘Sonu Nain’ ने 11 अगस्त वायरल वीडियो को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा, “मोदी जी, कपड़ों और झंडों से पत्थरबाजों को पहचान लीजिए! शांतिपूर्ण आंदोलनों को बदनाम कर हिंसक बनाने की क्रोनोलॉजी देश देख रहा है!”

वीडियो पर लिखा हुआ है, “शांतिपूर्ण तरीके से पत्थरबाज़ी कर रहे लोगों को कपड़ों से पहचानो !… सिर्फ कपड़े नहीं झड़ा भी – देखना झारखंड हिंसा।”

पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल 

वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने वीडियो के कई कीफ्रेम निकाले और उन्हें गूगल रिवर्स इमेज की मदद से सर्च किया। हमें वायरल वीडियो ‘TheSootr’ नाम के एक यूट्यूब चैनल पर मिला। इसे 22 फरवरी 2026 को शेयर किया गया था। मौजूद जानकारी के मुताबिक, वीडियो मध्य प्रदेश के इंदौर में हुई घटना का है। दरअसल, बीजेपी और कांग्रेस के बीच यहां बवाल हो गया था। इस दौरान दोनों पार्टियों के कार्यकर्ताओं ने पत्थरबाजी करना शुरू कर दिया था। 

प्राप्त जानकारी के आधार पर हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स की मदद से सर्च किया। हमें दावे से जुड़ी एक न्यूज रिपोर्ट ‘नवभारत टाइम्स’ की वेबसाइट पर मिली। इस रिपोर्ट को 21 फरवरी 2026 को प्रकाशित किया गया था। रिपोर्ट के अनुसार, “गांधी भवन स्थित कांग्रेस कार्यालय के बाहर उस समय माहौल बिगड़ गया, जब भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ता प्रदर्शन करते हुए वहां पहुंचे। कुछ ही देर में दोनों पक्ष आमने-सामने हो गए। देखते ही देखते नारेबाजी के बीच धक्का-मुक्की शुरू हुई और फिर पथराव होने लगा।”

‘दैनिक भास्कर’ की वेबसाइट पर छह महीने पहले प्रकाशित एक रिपोर्ट के अनुसार, “दिल्ली के ‘इंडिया AI इम्पैक्ट समिट’ में यूथ कांग्रेस के प्रदर्शन के विरोध में मध्य प्रदेश के कई शहरों में भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) ने कांग्रेस कार्यालयों का घेराव किया। इंदौर में यह प्रदर्शन हिंसक झड़प में बदल गया।”

अधिक जानकारी के लिए हमने नईदुनिया इंदौर के रिपोर्टर उदय प्रताप सिंह से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि यह वीडियो करीब छह महीने पुराना है। यह फरवरी 2026 में बीजेपी और कांग्रेस के कार्यकर्ताओं बीच हुई पत्थरबाजी का है। 

क्या हो रहा है वायरल?

‘झारखंड लोक सेवा आयोग’ (जेपीएससी) और ‘झारखंड राज्य कर्मचारी चयन आयोग’ (जेएसएससी) की नियुक्ति परीक्षाओं में गड़बड़ियों के खिलाफ रांची में छात्र प्रदर्शन कर रहे हैं। 25 जुलाई 2026 को जयपाल सिंह स्टेडियम में इस आंदोलन को शुरू किया गया था। 10 अगस्त 2026 को प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने ‘विधानसभा मार्च’ भी निकाला था। इस दौरान उन्हें रोकने के लिए लाठीचार्ज किया गया और आंसू गैस के गोले भी छोड़े गए। इसे लेकर पुलिस ने 600 प्रदर्शनकारियों के खिलाफ FIR दर्ज किया है। पूरी रिपोर्ट को यहां, यहां, यहां और यहां पढ़ा जा सकता है। 

अंत में वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर के अकाउंट को हमने स्कैन किया। हमने पाया कि इस फेसबुक यूजर को करीब पांच हजार लोग फॉलो करते हैं। यूजर ने प्रोफाइल में खुद को हरियाणा का रहने वाला बताया है।

निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि पत्थरबाजी करते शख्स के वायरल वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा गलत है। असल में दिल्ली में हुए ‘इंडिया AI इम्पैक्ट समिट’ में यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने विरोध-प्रदर्शन किया था। इसी से नाराज होकर भाजपा के कार्यकर्ताओं ने फरवरी 2026 में इंदौर में कांग्रेस कार्यालयों का घेराव किया था। इंदौर में यह घेराव देखते ही देखते हिंसक हो गया था। यह वीडियो उसी घटना का है।

The post Fact Check: रांची के छात्र आंदोलन का नहीं, इंदौर में भाजपा-काग्रेस के कार्यकर्ताओं की झड़प का है वायरल वीडियो appeared first on Vishvas News.

Post a Comment

0 Comments