नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। 15 अगस्त 2026 को भारत के 80वें स्वतंत्रता दिवस से पहले सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में एक जगह पर लोगों को भारत का राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराते हुए और राष्ट्रगान गाते हुए देखा जा सकता है। इसे शेयर कर दावा किया जा रहा है कि यह वीडियो अफगानिस्तान का है, जहां भारत के स्वतंत्रता दिवस के मौके पर तिरंगा फहराया गया और राष्ट्रगान भी गाया गया।
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा गलत है। वीडियो अफगानिस्तान का नहीं, बल्कि उत्तर प्रदेश का है। गणतंत्र दिवस 2026 के मौके पर उत्तर प्रदेश के देवबंद स्थित दारुल उलूम में तिरंगा फहराया गया था। यह वीडियो उसी समारोह का है, जिसे अब गलत दावे के साथ वायरल किया जा रहा है।
क्या हो रहा है वायरल?
एक्स यूजर ‘Aaj Ki Khabar’ ने 13 अगस्त 2026 को वायरल वीडियो शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा, “अफगानिस्तान में गूंजा भारत का राष्ट्रगान!”
पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।
पड़ताल
वायरल वीडियो की सच्चाई जानने के लिए हमने ‘इनविड’ टूल की मदद से वीडियो के कई कीफ्रेम निकाले और उन्हें गूगल लेंस की मदद से सर्च किया। हमें हूबहू दो वीडियो ‘Inh24x7’ और ‘Theobserverpost’ नाम के इंस्टाग्राम अकाउंट्स पर मिले। इन्हें 26 और 27 जनवरी 2026 को शेयर किया गया था। मौजूद जानकारी के मुताबिक, गणतंत्र दिवस के अवसर पर दारुल उलूम देवबंद में राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराया गया और राष्ट्रगान गाया गया।

प्राप्त जानकारी के आधार पर हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स की मदद से सर्च किया। हमें दावे से जुड़ी एक रिपोर्ट ‘नवभारत टाइम्स’ की वेबसाइट पर भी मिली। रिपोर्ट को 27 जनवरी 2026 को प्रकाशित किया गया था। रिपोर्ट के अनुसार, 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस के अवसर पर दारुल उलूम परिसर में राष्ट्रगान के साथ तिरंगा फहराया गया था।

पड़ताल को आगे बढ़ाते हुए हमने गूगल मैप्स पर दारुल उलूम देवबंद की तस्वीरें सर्च कीं। हमें इस संस्थान की हूबहू तस्वीरें मिलीं, जिसके बाद यह साफ हो गया कि वायरल वीडियो को वहीं फिल्माया गया था।

अधिक जानकारी के लिए हमने ‘दैनिक जागरण’ सहारनपुर के ब्यूरो चीफ मनीष शर्मा से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि वायरल वीडियो देवबंद स्थित दारुल उलूम में गणतंत्र दिवस के दिन तिरंगा फहराने का है।
क्या है संदर्भ?
सरकार की ओर से जारी प्रेस रिलीज के मुताबिक, “ देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस 2026 में मनाया जा रहा है। इस अवसर पर प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी दिल्ली के ऐतिहासिक लाल किले की प्राचीर से मुख्य समारोह का नेतृत्व करेंगे। इस समारोह के लिए लगभग 5,000 खास मेहमानों को आमंत्रित किया गया है। ये लोग जीवन के अलग-अलग क्षेत्रों में कामयाब रहे हैं और ‘विकसित भारत’ की यात्रा में देश का मार्गदर्शन कर रहे हैं।” सरकार इस साल भी ‘हर घर तिरंगा’ अभियान पर जोर दे रही है। साथ ही, इसके लिए देशभर में रैलियां भी निकाली जा रही हैं।
अंत में हमने वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले एक्स यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर को 13 हजार से अधिक लोग फॉलो करते हैं और इस हैंडल को यूपी से संचालित किया जाता है। यूजर मई 2010 से एक्स पर सक्रिय है।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि अफगानिस्तान में भारत के स्वतंत्रता दिवस के मौके पर तिरंगा फहराने और राष्ट्रगान गाने के दावे से वायरल वीडियो यूपी का है। दरअसल, यह वीडियो 26 जनवरी 2026 को गणतंत्र दिवस के मौके पर यूपी के देवबंद स्थित दारुल उलूम में तिरंगा फहराने का है।
The post Fact Check: दारुल उलूम में गणतंत्र दिवस पर तिरंगा फहराने के वीडियो को अफगानिस्तान का बताकर किया जा रहा वायरल appeared first on Vishvas News.
0 Comments