What's Hot

6/recent/ticker-posts

Fact Check: जिम वियर में नजर आ रही सारा तेंदुलकर का यह वीडियो AI मैनिपुलेटेड है  

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। पूर्व क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर की बेटी सारा तेंदुलकर का एक 13 सेकंड का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से शेयर किया जा रहा है। इस वीडियो में सारा को जिम के कपड़े पहनकर जाते हुए देखा जा सकता है। कई सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर इस वीडियो को सारा तेंदुलकर का वास्तविक वीडियो मानकर यूजर्स शेयर कर रहे हैं।

विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि एआई की मदद से असली वीडियो के साथ छेड़छाड़ करके वायरल वीडियो को बनाया गया है। असली वीडियो में सारा तेंदुलकर टॉप और पैंट पहने हुए हैं। एआई की मदद से उनके कपड़ों को बदल दिया गया। अब गलत तरीके से इस एडिटेड वीडियो को वायरल किया जा रहा है। 

क्या हो रहा है वायरल?

एक्स यूजर ‘MARCUS’ ने 2 अगस्त 2026 को एक वीडियो शेयर करते हुए अंग्रेजी में कैप्शन लिखा, “सारा तेंदुलकर जिम के बाहर बेहद खूबसूरत अंदाज में नजर आईं।”

पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल 

वायरल वीडियो की सच्चाई जानने के लिए हमने ‘इनविड टूल’ की मदद से वीडियो के कई कीफ्रेम निकाले और उन्हें गूगल रिवर्स इमेज सर्च किया। हमें असली वीडियो ‘bollywood paparazzi’ के आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर मिला। इस वीडियो को 4 अप्रैल 2025 को शेयर किया गया था। इसमें सारा तेंदुलकर ने टॉप और पैंट पहना हुआ है। मौजूद जानकारी के मुताबिक, सारा तेंदुलकर मुंबई के बांद्रा में नजर आई थीं। इससे यह साफ हो गया कि इसी वीडियो के साथ छेड़छाड़ करके वायरल वीडियो को बनाया गया है।

हमने जब वायरल वीडियो की तुलना असली वीडियो से की, तो हमने पाया कि दोनों के बैकग्राउंड एक जैसे हैं। इतना ही नहीं, दोनों वीडियो में जो लोग दिख रहे हैं, वे सब भी हूबहू एक जैसे हैं। इसका मतलब यह है कि वायरल वीडियो में सारा तेंदुलकर के कपड़ों के साथ छेड़छाड़ की गई है। 

हमें संदेह हुआ कि वायरल वीडियो को एआई की मदद से तैयार किया गया है। ऐसे में अतिरिक्त पुष्टि के लिए हमने अपने सहयोगी ‘टीआईए’ (पूर्व में एमसीए) की पहल ‘डीपफेक्स एनालिसिस यूनिट’ (डीएयू) से संपर्क किया। उन्होंने हमारे साथ कई डिटेक्शन टूल्स के एनालिसिस शेयर किए। इनमें ‘साइट इंजन’ की एनालिसिस ने 99 फीसदी तक वीडियो के एआई से मैनिपुलेटेड करने के संकेत दिए।

एक अन्‍य टूल ‘हाइव मॉडरेशन’ की एनालिसिस में वीडियो के करीब 90 फीसदी तक एआई से मैनिपुलेटेड होने की संभावना की पुष्टि हुई। 

तीसरे टूल ‘AI or Not’ ने वीडियो के कीफ्रेम को 94 फीसदी तक एआई से मैनिपुलेटेड होने के संकेत दिए।

क्या है संदर्भ? 

अक्सर मशहूर हस्तियों के वीडियो और तस्वीरों के साथ छेड़छाड़ कर उन्हें सोशल मीडिया पर वायरल किया जाता है। अभिनेत्री रश्मिका मंदाना का भी इस तरह का एक डीपफेक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो चुका है। विश्वास न्यूज ने उसकी पड़ताल कर सच्चाई सामने रखी थी। पूरी रिपोर्ट को यहां पढ़ा जा सकता है।

अंत में हमने वीडियो को शेयर करने वाले एक्स यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर को करीब दो हजार लोग फॉलो करते हैं। यूजर सितंबर 2024 से एक्स पर सक्रिय है।

निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि जिम के कपड़ों में नजर आ रही सारा तेंदुलकर के वीडियो के साथ डिजिटल रूप से छेड़छाड़ की गई है। असली वीडियो में सारा तेंदुलकर टॉप और पैंट पहने हुए हैं। एआई की मदद से सारा के कपड़ों में बदलाव किए गए और फिर गलत दावे के साथ एडिटेड वीडियो शेयर किया जाने लगा।

The post Fact Check: जिम वियर में नजर आ रही सारा तेंदुलकर का यह वीडियो AI मैनिपुलेटेड है   appeared first on Vishvas News.

Post a Comment

0 Comments