नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। बिहार की कानून-व्यवस्था से जोड़कर सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें कुछ लोगों को एक बिल्डिंग के अंदर बंदूकें लेकर घुसते हुए देखा जा सकता है। कुछ यूजर्स इसे शेयर कर दावा कर रहे हैं कि बिहार के एक स्कूल में दिनदहाड़े हथियार लेकर कुछ लोग स्कूल में घुस गए, जिससे छात्रों की सुरक्षा पर सवाल खड़े होते हैं।
विश्वास न्यूज की जांच में वायरल वीडियो मूवी की शूटिंग का निकला। पुलिस ने भी इस तरह की भ्रामक पोस्ट करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी है।
क्या है वायरल पोस्ट?
फेसबुक यूजर ‘Chaahat Chaahat’ ने 26 जून 2026 को वीडियो पोस्ट (आर्काइव लिंक) करते हुए लिखा, “ये कैसा बिहार है, जहाँ दिन-दहाड़े स्कूल में हथियार लेकर घुस जाते हैं? बच्चों की सुरक्षा पर बड़ा सवाल!”

पड़ताल
वायरल दावे की जांच के लिए हमने वीडियो का कीफ्रेम निकालकर उसे गूगल लेंस से सर्च किया। फेसबुक यूजर ‘Jitendra Mohan Pintu Raj’ ने 25 जून को इस वीडियो को शेयर करते हुए इसे एक फिल्म की शूटिंग का बताया।

एक्स यूजर ‘MUKESH YADAV’ ने भी 26 जून 2026 को इस वीडियो को समान दावे के साथ शेयर करते हुए बिहार की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाया था। इसके जवाब में बिहार पुलिस ने जानकारी दी थी कि वायरल वीडियो फिल्म की शूटिंग का एक हिस्सा है। इसके लिए अनुमति प्रदान की गई थी। साथ ही, ऐसी भ्रामक जानकारी फैलाने वालों पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।
इस बारे में पटना ‘दैनिक जागरण’ में क्राइम रिपोर्टर प्रशांत कुमार से हमने संपर्क कर उन्हें वायरल वीडियो भेजा। उन्होंने कहा कि यहां इस तरह की कोई घटना नहीं हुई है और वायरल वीडियो एक मूवी की शूटिंग का है।
क्या है संदर्भ?
बिहार में सम्राट चौधरी के मुख्यमंत्री बनने के बाद विपक्ष कानून-व्यवस्था को लेकर उन्हें घेरने की कोशिश करता रहा है। हाल ही में भोजपुर जिले के बिलौटी गांव में हुए भरत तिवारी एनकाउंटर को लेकर भी विपक्ष बिहार सरकार को घेर रहा है।
वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर की प्रोफाइल को हमने स्कैन किया। पटना की रहने वाली यूजर के फेसबुक पर लगभग पांच हजार से अधिक फॉलोअर्स हैं।
निष्कर्ष: बिहार में पटना के एक स्कूल में बंदूक लेकर घुसते लोगों का वीडियो मूवी की शूटिंग का हिस्सा है। पुलिस ने भ्रामक जानकारी पोस्ट करने वाले यूजर के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी भी दी है।
The post Fact Check: बिहार के पटना में स्कूल में बंदूकें लेकर लोगों के घुसने का वीडियो मूवी की शूटिंग का है, वायरल दावा गलत appeared first on Vishvas News.
0 Comments