नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर पांच पेन की एक तस्वीर वायरल हो रही है। कुछ यूजर्स इसको शेयर कर दावा कर रहे हैं कि यह तस्वीर पेन जैसे दिखने वाले बम की है, जिसे लेकर उत्तर प्रदेश की बुलंदशहर पुलिस ने अलर्ट जारी किया है और सलाह दी है कि ऐसी किसी वस्तु को लोग छुएं नहीं और तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दें।
विश्वास न्यूज ने दावे की जांच की तो पता चला कि बुलंदशहर पुलिस ने इस तरह की किसी भी पोस्ट का खंडन करते हुए इसे अफवाह बताया है। साथ ही, भ्रामक जानकारी शेयर करने वाले के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी भी दी है। वहीं, वायरल तस्वीर मिलिट्री नॉवेल्टी टैंक या ग्रेनेड इंक पेन की है। यह तस्वीर एक ई-कॉमर्स वेबसाइट पर मौजूद है।
क्या है वायरल पोस्ट?
इंस्टाग्राम यूजर ‘uraa_news_1425’ ने वायरल तस्वीर को 5 जून 2026 को पोस्ट (आर्काइव लिंक) करते हुए लिखा, “हाल ही में उत्तर प्रदेश की बुलंदशहर पुलिस और कई सुरक्षा एजेंसियों द्वारा पेन जैसे दिखने वाले संदिग्ध विस्फोटक को लेकर एक महत्वपूर्ण सुरक्षा अलर्ट जारी किया गया है। रास्ते या सुनसान जगहों पर पड़े पेन जैसी दिखने वाली वस्तुओं में छोटे विस्फोटक या बटन दबाने पर फटने वाले मैकेनिज्म होने की आशंका जताई गई है। इसलिए लोगों से अपील की गई है की ऐसे किसी वस्तु को छूए नहीं और दिखने पे तुरंत पुलिस को सूचित करें।”

पड़ताल
वायरल दावे की जांच के लिए हमने सबसे पहले बुलंदशहर पुलिस का एक्स हैंडल स्कैन किया। इससे 15 जून 2026 को पोस्ट कर इस दावे को अफवाह बताया गया था। पोस्ट के अनुसार, ”सोशल मीडिया पर डीएम और एसएसपी बुलंदशहर के नाम से पेन जैसी दिखने वाली किसी भी संदिग्ध वस्तु के संबंध में एडवाइजरी जारी होने का भ्रामक संदेश प्रसारित किया जा रहा है। डीएम और एसएसपी ने सोशल मीडिया पर ऐसी कोई एडवाइजरी या चेतावनी जारी नहीं की है। सोशल मीडिया पर भ्रामक जानकारी फैलाने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।”
इस बारे में हमने बुलंदशहर के एसपी (क्राइम) नरेश कुमार से संपर्क कर उन्हें वायरल पोस्ट भेजी। उन्होंने कहा कि यह गलत जानकारी है। पुलिस की तरफ से इसको लेकर खंडन भी जारी कर दिया गया है।
इससे साबित होता है कि बुलंदशहर पुलिस ने ऐसी कोई एडवाइजरी या अलर्ट जारी नहीं किया है।
इसके बाद हमने पेन की वायरल तस्वीर को गूगल लेंस की मदद से सर्च किया। ई-कॉमर्स वेबसाइट ‘इट्सी’ पर इस तस्वीर को देखा जा सकता है। इसमें इनकी कीमत भी दी गई है। यहां दी गई जानकारी के अनुसार, ये मिलिट्री नॉवेल्टी टैंक या ग्रेनेड इंक पेन हैं। इसमें लिखा है कि ये पेन 24 कैरेट गोल्ड, एंटीक ब्रास, गन प्यूटर और हरे रंग की मेटल फिनिश में उपलब्ध हैं। इनमें पार्कर-स्टाइल की इंक रिफिल का इस्तेमाल किया जा सकता है। इसमें साफ-साफ लिखा है कि ये पेन भारत में उपलब्ध नहीं कराए जा सकते हैं। इसमें कहीं भी इनके विस्फोटक होने का जिक्र नहीं किया गया है।

क्या है संदर्भ?
भास्कर डॉट कॉम की खबर में दावा किया गया कि बुलंदशहर की खुर्जा कोतवाली पुलिस के व्हाट्सऐप नंबर से ‘पेन बम’ की तस्वीर पोस्ट कर एक एडवाइजरी जारी की गई थी। दावा किया गया कि खुर्जा कोतवाली के इंस्पेक्टर रामफल सिंह ने इसे लेकर लोगों को सतर्क रहने की सलाह भी दी थी। हालांकि, बाद में रामफल सिंह ने इस तरह की किसी भी एडवाइजरी से इनकार किया। वहीं, बुलंदशहर पुलिस ने भी इसका खंडन करते हुए किसी भी आधिकारिक चेतावनी या एडवाइजरी से इनकार किया था। ‘दैनिक भास्कर’ की वेबसाइट पर 15 जून 2026 को छपी रिपोर्ट में इस जानकारी को पढ़ा जा सकता है।

पेन की तस्वीर को गलत दावे से शेयर करने वाले इंस्टाग्राम यूजर की प्रोफाइल को हमने स्कैन किया। जुलाई 2025 में बने इस अकाउंट के 1,300 से अधिक फॉलोअर्स हैं।
निष्कर्ष: ‘पेन बम’ को लेकर बुलंदशहर पुलिस ने कोई आधिकारिक अलर्ट या एडवाइजरी जारी नहीं की है। पुलिस ने इस तरह के दावे का खंडन करते हुए भ्रामक जानकारी फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी है। वायरल तस्वीर भी ‘मिलिट्री नॉवेल्टी टैंक या ग्रेनेड इंक पेन’ की है, जो भारत में उपलब्ध नहीं हैं।
The post Fact Check: ‘पेन बम’ को लेकर बुलंदशहर पुलिस ने नहीं जारी किया कोई अलर्ट, वायरल दावा फेक है appeared first on Vishvas News.
0 Comments