नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर एक स्कूल की छात्रा के साथ बदसलूकी करते शख्स का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में देखा जा सकता है कि शख्स स्कूल से घर आ रही छात्रा के साथ जबरदस्ती कर रहा है। इस वीडियो को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि यह उत्तर प्रदेश के बरेली में हुई घटना है। बरेली में एक समुदाय विशेष के शख्स ने स्कूल की छात्रा के साथ छेड़छाड़ की।
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा गलत है। इस वीडियो का भारत से कोई संबंध नहीं है। असल में वीडियो साल 2024 में बांग्लादेश के दिनाजपुर में हुई एक घटना का है। बांग्लादेश के पुराने वीडियो को गलत दावे के साथ, भारत का बताकर अब वायरल किया जा रहा है।
क्या हो रहा है वायरल?
फेसबुक यूजर ‘Sona Jharkhand’ ने 13 जून 2026 को वायरल वीडियो को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा, “बरेली में स्कूल से लौटती छात्रा के साथ सरेआम दरिंदगी! क्या ऐसी विकृत मानसिकता वाले लोगों के लिए समाज में कोई जगह होनी चाहिए?” क्रूर सच! उत्तर प्रदेश के बरेली से सामने आया यह सीसीटीवी वीडियो किसी भी संवेदनशील इंसान की रूह कंपा देने के लिए काफी है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कैसे स्कूल यूनिफॉर्म में घर लौट रही एक मासूम बच्ची का पीछा करके एक व्यक्ति (जिसे स्थानीय खबरों में मौलाना बताया गया है) ने सरेआम उसके साथ छेड़छाड़ और जबरदस्ती करने की घिनौनी कोशिश की। बच्ची के चीखने और विरोध करने पर वह वहाँ से भाग निकला। ऐसी घटनाएं यह सोचने पर मजबूर करती हैं कि क्या हमारी बेटियां रास्ते पर सुरक्षित चल भी सकती हैं? इस तरह की विकृत और बीमार मानसिकता वाले लोग समाज के लिए एक बड़ा कलंक हैं। प्रशासन को ऐसे मामलों में बिना किसी ढिलाई के त्वरित एक्शन लेना चाहिए और आरोपी को ऐसी सख्त सजा देनी चाहिए जो दूसरों के लिए मिसाल बने। इस वीडियो को देखें और समाज में बेटियों की सुरक्षा के लिए आवाज उठाएं। आपकी इस मामले और आरोपी के खिलाफ होने वाली कार्रवाई पर क्या राय है?”
पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल
वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने वीडियो के कई कीफ्रेम निकाले और उन्हें गूगल रिवर्स इमेज की मदद से सर्च किया। हमें दावे से जुड़ी एक रिपोर्ट ‘Channel S News’ नाम के एक बंग्लादेशी यूट्यूब चैनल पर मिली। इस रिपोर्ट को 19 मार्च 2024 को शेयर किया गया था। बांग्ला भाषा में मौजूद जानकारी के मुताबिक, यह वीडियो बांग्लादेश के दिनाजपुर में हुई घटना का है।
प्राप्त जानकारी के आधार पर हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स की मदद से सर्च किया। हमें दावे से जुड़ी एक रिपोर्ट बंग्लादेशी न्यूज वेबसाइट ‘Banglanews24’ पर मिली। इस रिपोर्ट को बांग्ला भाषा में 18 मार्च 2024 को प्रकाशित किया गया था। रिपोर्ट के अनुसार, यह वीडियो 17 मार्च 2024 को हुई एक घटना का है। दरअसल, पीड़िता दिनाजपुर शहर के कालीतला इलाके में स्थित स्कूल से अपने कजिन के घर जा रही थी, तभी वहां पर एक शख्स ने लड़की के साथ छेड़छाड़ की। आरोपी शख्स मुंशीपारा हाफिजिया मदरसे का छात्र था। छात्रा के पिता ने इस घटना की शिकायत पुलिस में दर्ज करवाई थी। पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए घटना के तीन घंटे के भीतर ही आरोपी को पकड़ लिया था।
बंग्लादेशी न्यूज वेबसाइट ‘Jugantor’ पर 18 मार्च 2024 को प्रकाशित रिपोर्ट के अनुसार, पीड़िता छठी कक्षा में पढ़ती थी। आरिफुल इस्लाम के बेटे सखावत हुसैन ने पीड़िता का पीछा कर उसके साथ छेड़छाड़ की थी। जब पीड़िता चिल्लाई तो आरोपी वहां से भाग गया। आरोपी 20 साल का था और बांग्लादेश के बालुआडांगा के एक इलाके में रहता था।

पड़ताल के दौरान हमें शख्स को गिरफ्तार करने का वीडियो ‘Ashwini Shrivastava’ नाम के एक पत्रकार के एक्स अकाउंट पर भी मिला। इस वीडियो को 18 मार्च 2024 को शेयर किया गया था। मौजूद जानकारी के अनुसार, लड़की के साथ छेड़छाड़ करने के आरोप में एक शख्स को पुलिस ने पकड़ा था।
अधिक जानकारी के लिए हमने दैनिक जागरण बरेली के ब्यूरो चीफ अभिषेक पांडे से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि वायरल दावा गलत है। यह वीडियो बरेली में हुई घटना का नहीं है। फेक दावा वायरल हो रहा है।
अंत में हमने वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि इस फेसबुक यूजर को करीब पांच हजार लोग फॉलो करते हैं।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि स्कूल की छात्रा के साथ छेड़छाड़ करते शख्स के वायरल वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा गलत है। वीडियो का भारत से कोई संबंध नहीं है। असल में वायरल वीडियो साल 2024 में बांग्लादेश के दिनाजपुर में हुई घटना का है। बांग्लादेश के पुराने वीडियो को गलत दावे के साथ भारत का बताकर वायरल किया जा रहा है।
The post Fact Check: स्कूल की छात्रा के साथ छेड़छाड़ करते शख्स का वीडियो भारत नहीं, बांग्लादेश का है appeared first on Vishvas News.
0 Comments