नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। ओमान की खाड़ी में जहाजों पर हुए हमलों में तीन भारतीय नागरिकों की मौत के बाद, वहां तट पर खड़े एक अन्य जहाज पर स्वास्थ्य कारणों से एक भारतीय नाविक की भी मौत हो गई। इससे जोड़कर सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें एक व्यक्ति को जहाज पर घायल अवस्था में लेटा हुआ देखा जा सकता है। कुछ यूजर्स इस वीडियो को शेयर कर दावा कर रहे हैं कि अमेरिका ने ओमान में मरे एक भारतीय नागरिक के शव को बांधकर भारत भेज दिया है।
विश्वास न्यूज ने इसकी जांच की, तो पता चला कि वायरल वीडियो एक मॉक ड्रिल का है। इसका ओमान में हुई भारतीय नागरिकों की मौत के मामले से कोई संबंध नहीं है। इस वीडियो को शेयर कर यूजर्स गलत दावा कर रहे हैं।
क्या है वायरल पोस्ट?
इंस्टाग्राम यूजर ‘fakirchand.sharma’ ने 15 जून 2026 को एक वीडियो पोस्ट (आर्काइव लिंक) करते हुए लिखा, “ओमान के डुक्म बंदरगाह पर खड़े एक जहाज पर सवार एक भारतीय नागरिक की स्वास्थ्य संबंधी जटिलताओं के कारण मौत हो गई। मस्कट स्थित भारतीय दूतावास ने शनिवार 13 जून को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट शेयर कर बताया कि मृतक की पहचान निशांत उर्थनाथन के रूप में की गई है…।”
वीडियो पर लिखा है,”अमेरिका ने बांध कर भेज दिया अब तो मुँह खोलो मोदी जी, माँ बाप का इकलौता लाल गट्ठर की तरह बांध कर भेज दिया।”

पड़ताल
वायरल दावे की जांच के लिए हमने वीडियो का कीफ्रेम निकालकर उसे गूगल लेंस से सर्च किया। हमें इंस्टाग्राम यूजर ‘bipul_raja_vlogs’ की प्रोफाइल पर यह वीडियो मिला, जिसे 10 जून 2026 को पोस्ट किया गया था। इसमें लिखा है, “ऑनबोर्ड शिप पर फायर ड्रिल के दौरान चोट लग गई।”

इस प्रोफाइल से 15 जून 2026 को इसी मॉक ड्रिल की एक और तस्वीर शेयर की गई थी। इस पर एक यूजर ने कमेंट कर इसे मॉक ड्रिल की तस्वीर बताया है।

17 जून 2026 को इसी अकाउंट से एक वीडियो पोस्ट किया गया, जिसमें स्ट्रेचर पर लेटे युवक को देखा जा सकता है। इनसेट में वायरल वीडियो का कीफ्रेम भी दिखाया गया है। पोस्ट में कहा गया है कि वीडियो को गलत दावे के साथ वायरल किया गया है। यह ड्रिल का वीडियो है।

17 जून को ही एक अन्य वीडियो में यूजर ने वीडियो को मिसयूज करने वाले पर केस करने की चेतावनी दी है।

प्रोफाइल में जहाज पर कार्य करने वाले कर्मचारियों की अन्य तस्वीरें और वीडियो भी देखे जा सकते हैं।
इस प्रोफाइल में दिए यूट्यूब चैनल ‘Sunnybabu’ के लिंक को भी हमने चेक किया। इस पर 21 जनवरी 2026 को एक मॉक ड्रिल का वीडियो अपलोड किया गया था।
इस चैनल पर भी मॉक ड्रिल के अन्य वीडियो देखे जा सकते हैं।
वीडियो पोस्ट करने वाले ‘दीपक कुमार चंद्रवंशी’ से हमने संपर्क किया। उन्होंने बताया कि वह मुंबई में एक छोटे जहाज पर टेक्नीशियन हैं। 15-20 दिन पहले उनके जहाज पर स्ट्रक्चर ड्रिल हुई थी, जिसमें बतया गया था कि किसी घायल को एक जगह से दूसरी जगह कैसे ले जाएं। उसी ड्रिल के वीडियो को गलत तरीके से वायरल किया जा रहा है। वीडियो में जो व्यक्ति घायल बना है, वह शीमैन है।
क्या है संदर्भ?
ओमान की खाड़ी में भारतीय क्रू वाले कुछ जहाजों पर अमेरिकी हमले में तीन भारतीयों की मौत हो गई थी, जिसको लेकर भारत सरकार ने कड़ी आपत्ति जताई थी। इसके बाद वहां डुक्म बंदरगाह पर खड़े ‘MT सेलेस्टियल’ जहाज पर एक भारतीय नाविक निशांत उर्थनाथन की स्वास्थ्य कारणों से मौत हो गई। ‘टाइम्स ऑफ इंडिया’ की 14 जून 2026 की रिपोर्ट के अनुसार, निशांत की मौत के बाद ‘फॉरवर्ड सीमेन्स यूनियन ऑफ इंडिया’ ने आरोप लगाया कि नाविक का शव बिना सही रेफ्रिजरेशन के दो दिनों से ज्यादा समय तक जहाज पर ही रखा रहा। शव को सड़ने से बचाने के लिए ठंडे पानी की बोतलों का इस्तेमाल करना पड़ा।
मस्कट में भारतीय दूतावास के एक्स हैंडल से 14 जून 2026 को पोस्ट कर जानकारी दी गई कि निशांत के शव को अस्पताल में भेज दिया गया है। दूतावास पीड़ित परिवार और ओमान के संबंधित अधिकारियों के साथ मिलकर काम कर रहा है, ताकि पार्थिव शरीर को जल्द से जल्द भारत वापस लाया जा सके।
इसी अकाउंट से 17 जून 2026 को पोस्ट कर जानकारी दी गई कि ‘एमटी सेट्टेबेलो’ जहाज पर हुए हमले में जान गंवाने वाले आदित्य शर्मा और शिवानंद चौरसिया के शव भारत भेज दिए गए हैं।
जांच के अगले चरण में वीडियो को गलत दावे से शेयर करने वाले इंस्टाग्राम यूजर की प्रोफाइल को हमने स्कैन किया। सितंबर 2018 में बने इस अकाउंट के 2700 से अधिक फॉलोअर्स हैं।
निष्कर्ष: ओमान की खाड़ी में जहाजों पर हुए हमलों में तीन भारतीयों की मौत के बाद बंदरगाह पर खड़े एक अन्य जहाज पर भारतीय नाविक की स्वास्थ्य कारणों से मौत हो गई थी। इस मामले से जोड़कर वायरल हो रहा वीडियो जहाज पर हुई एक मॉक ड्रिल का है। इस वीडियो को शेयर कर यूजर्स गलत दावा कर रहे हैं।
The post Fact Check: यह वीडियो ओमान में अमेरिकी हमले में मारे गए भारतीय नागरिक का नहीं, मॉक ड्रिल का है appeared first on Vishvas News.
0 Comments