What's Hot

6/recent/ticker-posts

Fact Check: नेपाल के प्रधानमंत्री के जमीन पर अतिक्रमण वाले बयान के बाद दैनिक जागरण का फेक फ्रंट पेज वायरल

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह के एक बयान के बाद भारत और नेपाल में बवाल मचा हुआ है। पीएम शाह ने नेपाली संसद के निचले सदन में कहा कि नेपाल और भारत, दोनों ने एक दूसरे की जमीनों पर अतिक्रमण किया हुआ है।

अब इसी से जोड़ते हुए सोशल मीडिया पर ‘दैनिक जागरण’ के एक कथित फ्रंट पेज को वायरल किया जा रहा है। इसमें लिखा है कि नेपाल के प्रधानमंत्री के बयान पर भारत ने कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि नेपाल ने कभी भी इंडिया की जमीन नहीं हड़पी है।

सोशल मीडिया पर कुछ यूजर्स इसे सच मानकर वायरल कर रहे हैं। विश्वास न्यूज ने विस्तार से इसकी जांच की। यह दावा फेक साबित हुआ। इसे एआई टूल की मदद से बनाकर वायरल किया जा रहा है। इसमें कोई सच्चाई नहीं है।

क्या है वायरल?

फेसबुक यूजर ‘Upendra Kashyap’ ने 1 जून 2026 को एक पोस्ट में दावा किया, “आज की प्रमुख खबरे। नेपाल ने कभी भी इंडिया का जमीन नहीं हड़पा — भारत का करारा जवाब!”

पोस्ट का आर्काइव वर्जन यहां देखें। पोस्ट के कंटेंट को यहां ज्यों का त्यों लिखा गया है। सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म्स पर कई अन्य यूजर्स ने इस तस्वीर को समान संदर्भ के साथ शेयर किया है।

पड़ताल

नेपाल के युवा प्रधानमंत्री बालेन शाह ने नेपाली संसद में अपने पहले संबोधन के दौरान कहा, ”आपको एक ऐसा तथ्य जानकर आश्चर्य होगा जो मुझे हाल ही में, प्रधानमंत्री बनने के बाद ही पता चला है। भारत ने न केवल नेपाली क्षेत्र पर अतिक्रमण किया है, बल्कि नेपाल ने भी कई जगहों पर भारतीय क्षेत्र पर कब्जा किया है।” इसके बाद नेपाल में पीएम बालेन शाह के इस बयान का भारी विरोध हुआ।

जांच के अगले चरण में विश्वास न्यूज ने वायरल फ्रंट पेज को ध्यान से देखा। इसमें 12 अप्रैल 2016 लिखा नजर आया। इसी तरह इसमें हिंदी की गलतियों की भरमार नजर आई, जबकि नेपाली पीएम ने मई 2026 में यह बयान दिया था।

Screenshot

इसलिए हमने इसे सबसे पहले एआई डिटेक्शन टूल्स ‘ट्रूथ स्कैन’ से चेक किया। इस टूल ने दैनिक जागरण के वायरल पेज के फोटो के करीब 95 फीसदी तक एआई से बने होने के संकेत दिए।

जांच को आगे बढ़ाते हुए हमने एक अन्य टूल ‘Undetectable’ का इस्तेमाल किया और इसके जरिए वायरल फ्रंट पेज के बारे में सर्च किया। इस टूल ने भी इसके एआई से बने होने की संभावना जताई।

हमारी जांच से यह स्पष्ट है कि वायरल तस्वीर एआई की मदद से बनाई गई है। विश्वास न्यूज ने जांच को आगे बढ़ाते हुए दैनिक जागरण में विदेश मंत्रालय को कवर करने वाले वरिष्ठ संवाददाता जयप्रकाश रंजन से संपर्क किया। हमने उनके साथ वायरल पोस्ट शेयर किया। उन्होंने बताया कि ऐसी कोई भी खबर प्रकाशित नहीं की गई थी, जैसा कि वायरल पोस्ट में दिखाया गया है। भारत ने अभी तक इस मामले में कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है।

क्या है संदर्भ?

नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह ने 31 मई 2026 को नेपाली संसद में अपने पहले भाषण के दौरान दावा किया कि भारत ने न केवल नेपाली क्षेत्रों पर अतिक्रमण किया है, बल्कि नेपाल ने भी कई जगहों पर भारतीय क्षेत्रों पर कब्जा किया है। इस बायान के बाद नेपाल के विदेश मंत्रालय को सफाई भी देनी पड़ी है।

‘बीबीसी’ हिंदी की रिपोर्ट के मुताबिक, “सांसद के पूछे गए सवालों का जवाब देते हुए पीएम शाह ने कहा कि न केवल भारत बल्कि नेपाल ने भी कई जगहों पर भारत की ज़मीन पर अतिक्रमण किया है। दरअसल, उनका यह बयान भारत और नेपाल के बीच विवाद का विषय रहे लिपुलेख और लिम्पियाधुरा के संदर्भ में था।”

नेपाल के प्रमुख मीडिया संस्थान ‘ईकांतिपुर‘ की वेबसाइट के अनुसार, “विपक्षी दल यूएमएल ने संसद में तत्काल माफी मांगने की मांग की है और प्रधानमंत्री बालेन शाह के इस बयान को राजद्रोह बताया है कि नेपाल ने भी भारत की भूमि के एक बड़े हिस्से पर अतिक्रमण किया है। सोमवार को प्रतिनिधि सभा की बैठक शुरू होते ही, यूएमएल के मुख्य सचेतक ऐन बहादुर महार ने अध्यक्ष से प्रधानमंत्री के बयान को संसदीय अभिलेख से हटाने का आग्रह किया। मुख्य सचेतक महार ने प्रधानमंत्री शाह को इस तथ्य का अध्ययन करने की चेतावनी भी दी कि लिपुलेख, लिम्पियाधुरा और कालापानी नेपाली क्षेत्र हैं।”

पड़ताल के अंत में दैनिक जागरण का फेक फ्रंट पेज वायरल करने वाले यूजर की जांच की गई। पता चला कि ‘उपेंद्र कश्यप’ नाम के इस यूजर को फेसबुक पर पांच हजार से ज्यादा लोग फॉलो करते हैं। यूजर नेपाल के कपिलवस्तु का रहने वाला है।

निष्कर्ष: विश्वास न्यूज की जांच में नेपाली पीएम बालेन शाह के विवादित बयान के बाद वायरल दैनिक जागरण का फ्रंट पेज फर्जी साबित हुआ। इसे एआई की मदद से बनाया गया है। इसमें कोई सच्चाई नहीं है।

The post Fact Check: नेपाल के प्रधानमंत्री के जमीन पर अतिक्रमण वाले बयान के बाद दैनिक जागरण का फेक फ्रंट पेज वायरल appeared first on Vishvas News.

Post a Comment

0 Comments