नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। समाजवादी पार्टी के संस्थापक दिवंगत मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे प्रतीक यादव का निधन हो गया है। इसी से जोड़कर सोशल मीडिया पर एक पोस्ट तेजी से वायरल हो रही है। वीडियो में एक महिला को रोते हुए देखा जा सकता है। इसे शेयर कर दावा किया जा रहा है कि वीडियो में दिख रही महिला प्रतीक यादव की पत्नी अपर्णा यादव हैं।
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा गलत है। असल में वायरल वीडियो उत्तर प्रदेश पुलिस के एक मृत दारोगा मोहित यादव के परिवार का है। मोहित यादव का निधन करीब एक हफ्ते पहले एक सड़क दुर्घटना में हो गया था। पुराने और असंबंधित वीडियो को गलत दावे के साथ वायरल किया जा रहा है। तो वहीं अचानक तबीयत खराब होने की वजह से प्रतीक यादवा का निधन 13 मई को हो गया था।
क्या हो रहा है वायरल?
फेसबुक यूजर ‘Ajay Yaduvanshi’ ने 13 मई 2026 को वायरल वीडियो शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा, “बेहद भावुक क्षण..प्रतीक यादव का पार्थिव शरीर लखनऊ स्थित उनके आवास पर लाया गया पत्नी अपर्णा यादव भी असम से वापस आ गई है !! Akhilesh Yadav Samajwadi Party.”
पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल
वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने वीडियो के कई कीफ्रेम निकालकर उन्हें गूगल रिवर्स इमेज की मदद से सर्च किया। हमें वायरल वीडियो ‘Sandip Ydav’ नाम के एक फेसबुक अकाउंट पर मिला। इस वीडियो को 6 मई 2026 को शेयर किया गया था। यूजर के इंस्टाग्राम और फेसबुक अकाउंट खंगालने पर हमने पाया कि वीडियो यूपी के एक एसआई मोहित यादव के अंतिम संस्कार के दौरान का है। यूजर ने इससे मिलते-जुलते कई अन्य वीडियो भी शेयर किए हैं।

प्राप्त जानकारी के आधार पर हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स की मदद से सर्च किया। हमें दावे से जुड़ी एक रिपोर्ट ‘यूपी तक’ की वेबसाइट पर मिली। इस रिपोर्ट को 5 मई 2026 को प्रकाशित किया गया था। रिपोर्ट के अनुसार, हरियाणा के नूंह जिले में कुंडली-मानेसर-पलवल एक्सप्रेसवे पर एक सड़क हादसा हुआ था। इस हादसे में 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी। मृतकों में एसआई मोहित यादव, प्रदीप, एसआई सत्यभान और अशोक के नाम सामने आए थे।

इस मामले से जुड़ी अन्य न्यूज रिपोर्ट्स को यहां और यहां देखा जा सकता है।
पड़ताल के दौरान ‘Pradeep Kumar’ नाम के एक फेसबुक अकाउंट पर दावे से जुड़ी एक पोस्ट मिली। इस पोस्ट को 7 मई 2026 को शेयर किया गया था। पोस्ट में अंतिम संस्कार से जुड़ी तस्वीरें मौजूद हैं, जिनमें उनकी पत्नी और मां को देखा जा सकता है।

अधिक जानकारी के लिए हमने दैनिक जागरण, लखनऊ में समाजवादी पार्टी से जुड़ी खबरों को कवर करने वाले रिपोर्टर शोभित श्रीवास्तव से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि वायरल दावा गलत है और यह वीडियो अपर्णा यादव का नहीं है।
क्या है संदर्भ?
यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे प्रतीक यादव का 38 साल की उम्र में 13 मई 2026 को निधन हो गया । लखनऊ के बैकुंठधाम में उनका अंतिम संस्कार किया गया और उनके ससुर ने चिता को मुखाग्नि दी। निधन से पूर्व प्रतीक यादव को लखनऊ के सिविल अस्पताल में ले जाया गया था। वहीं उन्होंने आखिरी सांस ली । अभी तक उनके निधन की वजह सामने नहीं आई है। पूरी रिपोर्ट को यहां पढ़ा जा सकता है।
अंत में हमने वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले फेसबुक यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर को पांच हजार से अधिक लोग फॉलो करते हैं।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि अंतिम संस्कार में रोती महिला के वायरल वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा गलत है। असल में वायरल वीडियो यूपी पुलिस के एक मृत दारोगा मोहित यादव के परिवार का है, अपर्णा यादव का नहीं।
The post Fact Check: प्रतीक यादव के निधन पर अपर्णा यादव के रोने का नहीं है यह वायरल वीडियो, फर्जी दावा किया जा रहा शेयर appeared first on Vishvas News.
0 Comments