नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। उत्तर प्रदेश के नोएडा में वेतन बढ़ाने की मांग को लेकर फैक्ट्री कर्मचारी हड़ताल कर रहे हैं। वो सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन कर रहे हैं। इसी से जोड़ते हुए पुलिस का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में पुलिस को एक शख्स को पीटकर और फिर उसे पकड़कर गाड़ी में डालते हुए देखा जा सकता है। इस वीडियो को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि यह नोएडा में प्रदर्शन के दौरान मजदूरों के साथ बदसलूकी करती पुलिस का है।
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा गलत है। असल में वायरल हो रहा वीडियो नोएडा का नहीं, बल्कि मध्य प्रदेश के शहडोल जिले का है, जहां पर एक युवक नशे में धुत होकर हंगामा कर रहा था।
क्या हो रहा है वायरल?
फेसबुक यूजर ‘Neha Supporters Hub’ ने 14 अप्रैल 2026 को वायरल वीडियो को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा है, नोएडा में कर्मचारी हड़ताल पर है, उनकी न्यायसंगत मांगों को सरकार इस बेदर्दी से कुचलती हुई! नोएडा DM हमारे ज्ञानेश जी की बिटिया है, क्या ऐसे पुलिसकर्मियों पर कोई कार्रवाई होगी?
पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल
वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने वीडियो के कई कीफ्रेम निकाल उन्हें गूगल रिवर्स इमेज की मदद से सर्च किया। हमें वायरल वीडियो ‘VIRAT 24 NEWS’ नाम के यूट्यूब चैनल पर मिली। वीडियो को 11 अप्रैल 2026 को शेयर किया गया था। मौजूद जानकारी के मुताबिक, वीडियो मध्य प्रदेश के शहडोल शहर का है। जहां पर नशे में धुत युवक ने हंगामा किया था। फिर उसकी पुलिस के साथ भी धक्का-मुक्की हो गई थी।
प्राप्त जानकारी के आधार पर हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स की मदद से सर्च किया। हमें दावे से जुड़ी एक रिपोर्ट दैनिक भास्कर की वेबसाइट पर मिली। रिपोर्ट को तीन दिन पहले प्रकाशित किया गया था। रिपोर्ट के अनुसार, “शहडोल जिले के बुढार थाना क्षेत्र में एक नशे में धुत युवक ने इलेक्ट्रॉनिक दुकान में जमकर उत्पात मचाया। युवक ने दुकान में तोड़फोड़ की और हंगामा किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे हिरासत में लिया, लेकिन इस दौरान पुलिसकर्मियों द्वारा युवक को लात मारने का वीडियो वायरल हो गया।”
हमें वायरल वीडियो से जुड़ी खबर नई दुनिया के ई-पेपर में भी मिली। यहां पर भी घटना को शहडोल जिले के बुढार थाना क्षेत्र का बताया गया है।

उत्तर प्रदेश पुलिस ने भी अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट से एक पोस्ट कर दावे का खंडन किया है। यूपी पुलिस ने 14 अप्रैल 2026 को एक पोस्ट को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा है, “मध्यप्रदेश के शहडोल जनपद के बुढार थाना क्षेत्र में एक युवक द्वारा नशे की अवस्था में हंगामा किए जाने की घटना के वीडियो को भ्रामक रूप से जनपद गौतमबुद्ध नगर की घटना बताकर कतिपय सोशल मीडिया एकाउंट से प्रसारित किया जा रहा है, जो पूर्णतः असत्य एवं भ्रामक है। सभी नागरिकों से अनुरोध है कि किसी भी प्रकार की सूचना/वीडियो को साझा करने से पूर्व उसकी सत्यता की पुष्टि अवश्य करें।”
अधिक जानकारी के लिए हमने नई दुनिया, शहडोल के ब्यूरो चीफ विनोद कुमार शुक्ला से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया, यह घटना करीब पांच दिन पहले की है। शहडोल के बुढार थाना क्षेत्र स्थित जैतपुर तिराहे पर एक नशे में धुत युवक ने इलेक्ट्रॉनिक दुकान में घुसकर जमकर तोड़फोड़ की। इसके बाद वहां पर जाम लग गया। फिर पुलिस को बुलाया गया। जब पुलिस वहां पर आई युवक ने पुलिस के साथ भी बहस करना शुरू कर दिया। पुलिस उसे गिरफ्तार कर ले जा रही थी। इसी दौरान एक पुलिसकर्मी ने युवक को लात मारकर गाड़ी में बैठाया। इसी का वीडियो वायरल हो गया था।
क्या है संदर्भ?
दैनिक जागरण की वेबसाइट पर 13 अप्रैल 2026 को प्रकाशित एक रिपोर्ट के अनुसार, वेतन वृद्धि सहित कई अन्य मांगों को लेकर फैक्ट्री कर्मचारी प्रदर्शन कर रहे हैं। इस दौरान श्रमिकों ने उपद्रव मचाते हुए मदरसन ग्रुप समेत कई इकाइयों में घुसकर तोड़फोड़ की। स्थिति काबू करने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े, तभी पुलिस की गाड़ी को उपद्रवियों ने डंडे-पत्थर से तोड़कर पलट दिया। पुलिस की गाड़ियों को आग लगा दी गई।
इंडियन एक्सप्रेस में 14 अप्रैल 2026 को छपी रिपोर्ट के अनुसार, “पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नोएडा पुलिस ने 50 से ज्यादा बॉट हैंडल की पहचान की है, जो विरोध प्रदर्शन से पहले बनाए गए थे और जिनका इस्तेमाल अफवाहें फैलाने के लिए किया गया था।” न्यूज रिपोर्ट्स के मुताबिक, नोएडा में प्रदर्शन के दौरान हुई हिंसा के मामले में पुलिस ने अब तक 350 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया है।
अंत में हमने वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर को चार लाख से ज्यादा लोग फॉलो करते हैं।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि शख्स के साथ बदसलूकी करते पुलिस के वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा गलत है। असल में वायरल हो रहा वीडियो नोएडा प्रदर्शन का नहीं, बल्कि मध्य प्रदेश के शहडोल का है। एक युवक नशे में धुत होकर हंगामा कर रहा था। वायरल वीडियो इस व्यक्ति की गिरफ्तारी के दौरान का है।
The post Fact Check: नोएडा प्रदर्शन के दौरान मजदूरों से पुलिस की बदसलूकी के दावे से वायरल वीडियो मध्य प्रदेश का है appeared first on Vishvas News.
0 Comments