What's Hot

6/recent/ticker-posts

Fact Check: बिहार के नए मुख्‍यमंत्री सम्राट चौधरी का 12 साल पुराना बयान अब गलत दावे के साथ वायरल

नई दिल्‍ली (विश्वास न्‍यूज)। बिहार में नीतीश कुमार के इस्‍तीफे के साथ सम्राट चौधरी भाजपा के पहले मुख्‍यमंत्री बन गए हैं। उन्‍होंने 15 अप्रैल 2026 को राज्‍य के लोकभवन में शपथ ली। इसी बीच सोशल मीडिया पर उनका एक पुराना वीडियो काफी तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में उन्‍हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा का नाम लेते हुए अलग होने की बात कहते हुए देखा जा सकता है।

विश्वास न्‍यूज ने विस्‍तार से इस वीडियो की जांच की। यह 12 साल पुराना बयान साबित हुआ। इस वीडियो को अब वायरल करके भ्रम फैलाने की कोशिश की गई है। हमारी जांच में वायरल पोस्‍ट फर्जी साबित हुई। वायरल वीडियो फरवरी 2014 का है, जब राष्‍ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के सम्राट चौधरी समेत 13 विधायकों ने बागी होकर नीतीश कुमार की सरकार पर भरोसा जताया था।

क्‍या हो रहा है वायरल?

एक्‍स यूजर ‘बालमुकुंद जोशी’ ने 14 अप्रैल 2026 को एक वीडियो शेयर किया। इसमें दावा किया गया, “बिहार के सीएम बनने के बाद सम्राट चौधरी का पहला बयान।”

वायरल पोस्‍ट के कंटेंट को यहां ज्‍यों का त्‍यों लिखा गया है। इसे सच मानकर कई यूजर्स शेयर कर रहे हैं। पोस्‍ट का आर्काइव वर्जन यहां देखें।

पड़ताल

विश्वास न्‍यूज ने सबसे पहले वायरल वीडियो के कई कीफ्रेम्स निकाले। फिर इन्हें गूगल लेंस टूल के जरिए सर्च किया गया। हमें असली वीडियो ‘एबीपी न्यूज’ के यूट्यूब चैनल पर मिला। इसे 12 साल पहले, 24 फरवरी 2014 को अपलोड किया गया था। इस रिपोर्ट में 1:34 मिनट पर सम्राट चौधरी को वायरल वीडियो वाला बयान देते हुए सुना जा सकता है। लालू प्रसाद यादव की आरजेडी से मोहभंग के बाद सम्राट चौधरी और 13 विधायक पार्टी से अलग हो गए थे।

सर्च के दौरान हमें 25 फरवरी 2014 को आजतक के यूट्यूब चैनल पर एक रिपोर्ट मिली। इसमें सम्राट चौधरी को कांग्रेस पर निशाना साधते हुए लालू प्रसाद यादव से अलग होने की बात कहते हुए सुना जा सकता है। रिपोर्ट में बताया गया कि लालू प्रसाद यादव की आरजेडी के 22 विधायकों में से 13 विधायकों ने बगावत कर दी। इस बगावत को सम्राट चौधरी लीड कर रहे थे।

24 फरवरी 2014 की आजतक की रिपोर्ट में बताया गया कि आरजेडी के 13 विधायकों को बिहार व‍िधानसभा सच‍िव ने अलग गुट की मान्‍यता दे दी थी।

विश्वास न्‍यूज ने जांच को आगे बढ़ाते हुए दैनिक जागरण, पटना के ब्यूरो चीफ अरुण अशेष से संपर्क किया और उनके साथ वायरल वीडियो शेयर किया। उन्होंने बताया कि वायरल वीडियो पुराना है। 2014 में सम्राट चौधरी समेत 13 विधायकों ने आरजेडी से बगावत की थी।

क्या है संदर्भ?

बिहार में 15 अप्रैल 2026 को सम्राट चौधरी ने सीएम पद की शपथ ली। वे भाजपा के पहले और राज्य के 24वें मुख्यमंत्री हैं। इससे पहले पटना में 14 अप्रैल 2026 को विधानसभा के सेंट्रल हॉल में एनडीए विधानमंडल दल की संयुक्‍त बैठक हुई थी। नीतीश कुमार ने इस बैठक में सम्राट चौधरी को एनडीए विधायक दल का नेता घोषित किया था।

जांच के अंत में फर्जी पोस्‍ट करने वाले एक्‍स यूजर की जांच की गई। पता चला कि बालमुकुंद जोशी नाम के इस हैंडल को 10 हजार से ज्‍यादा लोग फॉलो करते हैं। यूजर पेशे से पत्रकार है। यह हैंडल सितंबर 2010 को बनाया गया था। यूजर राजस्‍थान की राजधानी जयपुर का रहने वाला है।

निष्‍कर्ष: विश्वास न्‍यूज की जांच में वायरल पोस्‍ट फर्जी साबित हुई। बिहार के नए मुख्‍यमंत्री सम्राट चौधरी का 12 साल पुराना बयान अब गलत दावे के साथ वायरल किया जा रहा है।

The post Fact Check: बिहार के नए मुख्‍यमंत्री सम्राट चौधरी का 12 साल पुराना बयान अब गलत दावे के साथ वायरल appeared first on Vishvas News.

Post a Comment

0 Comments