नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक (आरएसएस प्रमुख) मोहन भागवत का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में उन्हें ऑल इंडिया इमाम ऑर्गनाइजेशन के चीफ इमाम, डॉ. इमाम उमेर अहमद इलियासी के साथ बैठे हुए देखा जा सकता है। इसे शेयर कर दावा किया जा रहा है कि यह हाल ही में हुई एक इफ्तार पार्टी का वीडियो है और मोहन भागवत इसमें शामिल हुए थे।
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा गलत है। असल में वायरल वीडियो साल 2023 का है। यह इलियासी के बेटे के रिसेप्शन का है, जिसमें मोहन भागवत शामिल हुए थे। तीन साल पुराने वीडियो को गलत दावे के साथ वायरल किया जा रहा है। यह दावा पहले भी वायरल हो चुका है और इस दावे की जांच कर चुके हैं।
क्या हो रहा है वायरल?
फेसबुक यूजर ‘Asis Dubey’ ने 18 मार्च 2026 को वायरल वीडियो को शेयर करते हुए कैप्शन लिखा, “मोहन भागवत इफ्तारी के मजे लेता है देख लो अंधभक्तो और यहाँ BJP IT सेलिये सोशल मीडिया आम गरीब और कम पढ़े लिखे हिंदुओं को मुसलमानों के खिलाफ भड़काते हैं…जबकि ये IT सेलिये खुद अपनी निजी जिंदगी में मुसलमानों के साथ ऐसे ही मजे करते हैं जैसे ये भागवत कर रहा है!”
पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल
यह वीडियो पहले जब वायरल हुआ था हमने इसकी सच्चाई जानने के लिए हमने इसके कई कीफ्रेम निकाले और उन्हें गूगल रिवर्स इमेज की मदद से सर्च किया था। हमें वायरल वीडियो ‘Baravi Channel’ नाम के एक यूट्यूब चैनल पर मिला था। वीडियो को 31 दिसंबर 2023 को शेयर किया गया था।
पड़ताल को आगे बढ़ाते हुए हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स की मदद से सर्च किया। हमें वीडियो से जुड़ी तस्वीरें ‘imamumerilyasi’ के इंस्टाग्राम अकाउंट पर मिलीं। इन तस्वीरों को 9 जुलाई 2023 को शेयर किया गया था। मौजूद जानकारी के मुताबिक, तस्वीरें डॉ. इमाम उमेर अहमद इलियासी के बेटे फैजान मुनीर की शादी के रिसेप्शन की हैं। इन तस्वीरों को 8 जुलाई 2023 को वेस्टर्न कोर्ट, जनपथ, नई दिल्ली में लिया गया था।

सोशल मीडिया पर पहले भी यह दावा वायरल हो चुका है। उस दौरान हमने संघ के पूर्व प्रांत प्रचार प्रमुख और दिल्ली स्थित संघ की सहायक प्रकाशन, सुरुचि प्रकाशन के अध्यक्ष राजीव तुली से संपर्क किया था। उन्होंने हमें बताया था कि यह वीडियो पुराना है और इलियासी के बेटे की शादी के रिसेप्शन का है। पूरी रिपोर्ट को यहां पर पढ़ा जा सकता है।
अंत में हमने वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले फेसबुक यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर को दस हजार लोग फॉलो करते हैं। यूजर एक खास विचारधारा से जुड़ी पोस्ट शेयर करता है।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि इफ्तार पार्टी में मोहन भागवत के शामिल होने के दावे से वायरल वीडियो पुराना है। असल में वायरल वीडियो साल 2023 में हुए इलियासी के बेटे के रिसेप्शन में संघ प्रमुख के शामिल होने का है। तीन साल पुराने वीडियो को गलत दावे के साथ एक बार फिर वायरल किया जा रहा है।
The post Fact Check: रिसेप्शन में मोहन भागवत के शामिल होने के पुराने वीडियो को इफ्तार पार्टी के नाम से किया जा रहा वायरल appeared first on Vishvas News.
0 Comments