What's Hot

6/recent/ticker-posts

Fact Check: सीहोर के गणेश मंदिर के पुजारी पर हमले का वीडियो सांप्रदायिक दावे से वायरल

नई दिल्‍ली (विश्वास न्‍यूज)। सोशल मीडिया के विभिन्‍न प्लेटफॉर्म पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें कुर्ता पायजामा पहने एक शख्‍स को हाथ में धारदार हथियार लिए हुए कुछ लोगों को धमकाते हुए देखा जा सकता है। सोशल मीडिया पर कुछ यूजर्स दावा कर रहे हैं कि मध्य प्रदेश में सीहोर के प्राचीन चिंतामन गणेश मंदिर के अंदर एक मुसलमान ने पुजारी को जान से मारने की कोशिश की। इसे सच मानकर वीडियो को काफी वायरल किया जा रहा है।

विश्वास न्‍यूज ने वायरल दावे की पुष्टि की। यह दावा फर्जी और सांप्रदायिक साबित हुआ। वायरल वीडियो पुराना है। इस मामले में महेश यादव नाम के आरोपी के खिलाफ केस दर्ज करके उसे जेल भेजा जा चुका है।

क्‍या हो रहा है वायरल?

फेसबुक यूजर ‘लालू शर्मा’ ने 19 मार्च 2026 को एक वीडियो को सांप्रदायिक दावे के साथ पोस्‍ट करते हुए लिखा, “मध्य प्रदेश के सीहोर के प्राचीन चिंतामन गणेश मंदिर के अंदर एक मुसलमान तलवार लेकर घुसा और मंदिर के पुजारी को जान से मारने की कोशिश किया डॉ. मोहन यादव सो रहे हैं जबकि हिंदू मंदिरों और पुजारियों पर खुलेआम हमले हो रहे हैं।”

वायरल पोस्‍ट के कंटेंट को यहां ज्‍यों का त्‍यों ही लिखा गया है। इसे सच मानकर कई यूजर्स शेयर कर रहे हैं। पोस्‍ट का आर्काइव वर्जन यहां देखें।

पड़ताल

विश्वास न्‍यूज ने वायरल पोस्‍ट की सच्‍चाई जानने के लिए सबसे पहले संबंधित दावे के आधार पर कीवर्ड बनाए। फिर इन्‍हें गूगल ओपन सर्च टूल के जरिए सर्च किया गया। हमें कई मीडिया रिपोर्ट मिलीं। इन सब में आरोपी को हिंदू ही बताया गया है। इन खबरों में किसी भी मुसलमान का जिक्र नहीं मिला।

भास्‍कर डॉट कॉम पर आठ महीने पहले पब्लिश की गई एक खबर में वायरल वीडियो का इस्‍तेमाल करते हुए बताया गया है कि सीहोर में चिंतामण गणेश मंदिर में एक शख्स बका लेकर घुस आया। उसने मंदिर के पुजारी जय दुबे के बेटे और लोकेश सोनी नाम के एक सेवक पर धारदार हथियार तान दिया और हमले की कोशिश की। आरोपी को गिरफ्तार किया जा चुका है। आरोपी का नाम महेश यादव बताया गया। खबर में आगे बताया गया कि महेश यादव ने एक केस के सिलसिले में मंदिर के पुजारी के लिए पैसे खर्च किए थे। पुजारी पैसे नहीं लौटा रहा था। इसी पैसे की वसूली के लिए वह मंदिर में आया था।

आजतक के फेसबुक पेज पर भी हमें वायरल वीडियो मिला। इसे 27 जुलाई 2025 को अपलोड करते हुए सीहोर के गणेश मंदिर का बताया गया। अमर उजाला की वेबसाइट पर वीडियो का इस्‍तेमाल करते हुए आरोपी का नाम महेश यादव बताया गया। यह खबर 28 जुलाई 2025 को पब्लिश की गई।

27 जुलाई 2025 को ‘द सूत्र’ नाम के एक यूट्यूब चैनल ने वीडियो रिपोर्ट में बताया कि मध्य प्रदेश के सीहोर में मौजूद चिंतामण गणेश मंदिर का एक वीडियो वायरल हुआ था। मामले में पुलिस ने केस दर्ज किया। आरोपी महेश यादव को अरेस्‍ट करने की जानकारी भी इस रिपोर्ट में दी गई।

विश्वास न्‍यूज ने पड़ताल को आगे बढ़ाते हुए नईदुनिया, भोपाल के संपादकीय प्रभारी वीरेंद्र तिवारी से संपर्क किया। उन्‍होंने वायरल वीडियो के साथ किए गए दावे को झूठा बताया। उन्‍होंने बताया कि घटना सीहोर के गणेश मंदिर की है। वीडियो वायरल होने के बाद महेश यादव नाम के एक शख्‍स को अरेस्‍ट किया गया था।

जांच के अंत में फर्जी पोस्‍ट करने वाले यूजर के प्रोफाइल की जांच की गई। पता चला कि लालू शर्मा नाम का यह फेसबुक यूजर नई दिल्‍ली में रहता है। इसे चार हजार से ज्‍यादा लोग फॉलो करते हैं।

निष्‍कर्ष: विश्वास न्‍यूज की पड़ताल में सीहोर के गणेश मंदिर का वीडियो पुराना साबित हुआ। वीडियो में हमला करता दिख रहा शख्‍स मुस्लिम नहीं, हिंदू है। इस घटना में कोई सांप्रदायिक एंगल नहीं है।

The post Fact Check: सीहोर के गणेश मंदिर के पुजारी पर हमले का वीडियो सांप्रदायिक दावे से वायरल appeared first on Vishvas News.

Post a Comment

0 Comments