नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। इजरायल-अमेरिका के हमले के बाद ईरान ने इजरायल और मिडिल ईस्ट (वेस्ट एशिया) में कई अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया है। इसी से जोड़ते हुए दुबई के बुर्ज खलीफा का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में बुर्ज खलीफा को जलते हुए देखा जा सकता है। वीडियो को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि बुर्ज खलीफा पर मिसाइल से हमला किया गया है और यह इसी हमले के बाद का यह वीडियो है।
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा गलत है। असल में वायरल हो रहा वीडियो किसी असली घटना का नहीं, बल्कि एआई निर्मित है। हालांकि, दुबई के कई इलाकों में ईरान ने ड्रोन से हमला किया है।
क्या हो रहा है वायरल?
फेसबुक यूजर ‘Armaan Siddiqui’ ने 2 मार्च 2026 को वायरल वीडियो को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा, “बुर्ज खलीफा पर मिसाइल से हुआ हमला।”
पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल
वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स की मदद से सर्च किया। हमें दावे से जुड़ी कोई न्यूज रिपोर्ट नहीं मिली। ऐसे में हमें वीडियो के एआई से बने होने का संदेह हुआ।
पड़ताल को आगे बढ़ाते हुए हमने एआई डिटेक्शन टूल्स का इस्तेमाल किया। ‘Hive Moderation’ ने इस वीडियो के 99.9 फीसदी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से बने होने का संकेत दिया।

हमने ‘matrix.tencent’ टूल का भी इस्तेमाल किया। यहां वायरल वीडियो को सर्च करने पर नतीजों से पता चला कि यह एआई की मदद से बनाया गया है। टूल ने 99.43 फीसदी तक वीडियो के एआई से बने होने की संभावना जताई।

एक-दूसरे टूल ‘undetectable’ ने वीडियो के 98 फीसदी एआई होने की संभावना जताई।

अधिक जानकारी के लिए हमने एआई टेक्नोलॉजी में काम कर रहे एक्सपर्ट अजहर माचवे से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि वीडियो को बनाने के लिए एआई का इस्तेमाल किया गया है। वीडियो में देखा जा सकता है कि लोग बिल्डिंग से दूर भागने के बजाय उसकी ओर जा रहे हैं। इतना ही नहीं वीडियो में जिस तरह से लोग चल रहे हैं, वह रोबोटिक जैसा दिखता है। लोग चलते-चलते एक-दूसरे में मिल जाते हैं। इससे समझा जा सकता है कि यह वीडियो एआई निर्मित है।
‘The Guardian’ की वेबसाइट पर 1 मार्च 2026 को प्रकाशित रिपोर्ट के अनुसार, ईरान ने दुबई के कई प्रसिद्ध इलाकों पर ड्रोन से हमला किया था। हालांकि, रिपोर्ट में बुर्ज खलीफा पर हमले का जिक्र नहीं है।

‘Reuters’ की वेबसाइट पर 1 मार्च 2026 को प्रकाशित रिपोर्ट के अनुसार, “ईरान की ओर से किए गए ड्रोन हमले में दुबई के अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे, उसके प्रतिष्ठित बुर्ज अल अरब होटल और मैन-मेड पाम जुमेराह आइलैंड को नुकसान पहुंचा है। साथ ही अबू धाबी के अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को भी नुकसान हुआ है।”

‘अलजजीरा’ की वेबसाइट पर 2 मार्च 2026 को प्रकाशित रिपोर्ट के अनुसार, “28 फरवरी को जब ईरान के न्यूक्लियर प्रोग्राम पर वाशिंगटन और तेहरान के बीच बातचीत चल रही थी, तब US और इजरायल ने ईरान पर हमले किए। ईरान ने उसी दिन पूरे क्षेत्र में मिसाइल और ड्रोन से जवाबी हमले किए, जिनमें इजरायल के साथ-साथ बहरीन, सऊदी अरब, कतर, संयुक्त अरब अमीरात और इराक में US मिलिट्री ठिकानों को निशाना बनाया गया। ईरान के सुप्रीम लीडर खामेनेई की हमलों में मौत की पुष्टि के एक दिन बाद, ईरान ने खाड़ी क्षेत्र में US के ठिकानों पर हमला करना जारी रखा है।”

अंत में हमने वीडियो को गलत जानकारी के साथ शेयर करने वाले फेसबुक यूजर की प्रोफाइल को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर को पांच हजार लोग फॉलो करते हैं। यूजर ने प्रोफाइल में खुद को उत्तर प्रदेश का रहने वाला बताया है।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि बुर्ज खलीफा पर ड्रोन हमले का वायरल वीडियो एआई निर्मित है। यह इजरायल-अमेरिका-ईरान तनाव से संबंधित नहीं है। हालांकि, दुबई के कई इलाकों में ईरान ने ड्रोन से हमला किया है।
The post Fact Check: AI से बनाया गया है कि बुर्ज खलीफा पर हमले का वायरल वीडियो, अमेरिका-इजरायल और ईरान की जंग से नहीं है कोई संबंध appeared first on Vishvas News.
0 Comments