नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर शाहरुख खान का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में शाहरुख खान एक राजा की कहानी सुनाते हुए नजर आ रहे हैं। वीडियो को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि उन्होंने ये सारी बातें कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और उनकी ‘मतदाता अधिकार यात्रा’ के समर्थन में कहीं है।
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल वीडियो एडिटेड है। असली वीडियो में शाहरुख खान, राहुल गांधी के बारे में नहीं, बल्कि एनिमेटेड फिल्म ‘मुफासा द लायन किंग’ के बारे में बात कर रहे हैं। फिल्म में शाहरुख खान, उनके बेटे आर्यन और अबराम खान ने मूवी के किरदारों को अपनी आवाज दी थी। इसी के टीजर के वीडियो को एडिट कर गलत दावे के साथ शेयर किया जा रहा है।
क्या हो रहा है वायरल?
फेसबुक यूजर ‘मोहिनी निम सागर’ ने 24 अगस्त 2025 को वायरल वीडियो को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा है, “एक सच्चे न्याययोद्धा हैं जननायक राहुल गाँधी जी।”
पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल
वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स की मदद से सर्च किया। हमें असली वीडियो ‘वॉल्ट डिजनी स्टूडियो इंडिया’ के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर मिली। वीडियो को 27 नवंबर 2024 को शेयर किया गया था। वीडियो में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि वो फिल्म की कहानी के बारे में बता रहे हैं। वीडियो के आखिर में शाहरुख खान कहते हैं कि ये कहानी है मुफासा की। वीडियो के इसी हिस्से को एडिट कर राहुल गांधी का नाम जोड़ दिया गया है।
पड़ताल के दौरान हमें दावे से जुड़ी एक रिपोर्ट दैनिक जागरण की आधिकारिक वेबसाइट पर मिली। रिपोर्ट को 27 नवंबर 2024 को प्रकाशित किया गया था। रिपोर्ट के मुताबिक, “शाहरुख खान ने हॉलीवुड फिल्म ‘मुफासा: द लायन किंग’ के हिंदी वर्जन में अपनी आवाज दी थी। एक्टर ने टीजर में मुफासा की कहानी बताई थी। शाहरुख के अलावा उनके बेटे आर्यन और अबराम खान ने भी मूवी में किरदारों को अपनी आवाज दी थी।”

अधिक जानकारी के लिए हमने शाहरुख की पीआर शिल्पा हांडा से संपर्क किया। उन्होंने वीडियो को एडिटेड और दावे को गलत बताया है। उन्होंने असली वीडियो फिल्म ‘मुफासा द लायन किंग’ के टीजर का बताया है।
अंत में हमने वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाली यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर एक विचारधारा से जुड़ी पोस्ट को शेयर करती हैं।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि ‘राजा’ के बारे में बात करते हुए शाहरुख खान का वायरल वीडियो एडिटेड है। असली वीडियो में वो फिल्म ‘मुफासा द लायन किंग’ के बारे में बात कर रहे हैं।
The post Fact Check: शाहरुख खान ने राहुल गांधी को नहीं बताया ‘राजा’, वायरल वीडियो एडिटेड appeared first on Vishvas News.
0 Comments