What's Hot

6/recent/ticker-posts

Fact Check: सुखोई फाइटर जेट क्रैश के बाद खराब रखरखाव के कारण उड़ान भरने से इनकार करते पायलट का वीडियो AI निर्मित

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। असम में 5 मार्च को भारतीय वायुसेना का सुखोई-30 फाइटर जेट क्रैश हो गया। इस दुघर्टना में दो पायलट की मृत्यु हो गई थी। अब इसी घटना से जोड़ते हुए एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में पायलट की तरह ड्रेस पहने हुए एक शख्स को रोते हुए देखा जा सकता है। वीडियो में शख्स कह रहा है कि हमें फाइटर जेटउड़ाते हुए डर लग रहा है। इनकी कोई मेंटेनेंस नहीं होती है। इतनी दुर्घटनाएं हो रही हैं, लेकिन सरकार इस बारे में कुछ नहीं कर रही है। इस वीडियो को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि यह भारतीय वायुसेना का पायलट है। 

विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा गलत है। असल में वीडियो किसी असली घटना या शख्स का नहीं है। वीडियो को एआई की मदद से बनाया गया है और दुष्प्रचार की मंशा से शेयर किया जा रहा है। सरकार ने भी वीडियो और इसमें किए गए दावे का खंडन किया है। 

क्या हो रहा है वायरल?

इंस्टाग्राम यूजर ‘samacharsaar0’ ने 10 मार्च 2026 को वायरल वीडियो को शेयर करते हुए अंग्रेजी कैप्शन लिखा, “2300 विमान क्रैश, 1300 पायलटों की मौत: IAF के सामने बड़ी चुनौती।”

पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल 

वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स की मदद से सर्च किया। हमें दावे से जुड़ी एक रिपोर्ट नवभारत टाइम्स की वेबसाइट पर मिली। रिपोर्ट को 10 मार्च 2026 को प्रकाशित किया गया है। रिपोर्ट के अनुसार, पीआईबी फैक्ट चेक ने दावे का खंडन करते हुए इस वीडियो को एआई निर्मित बताया है।

पड़ताल को आगे बढ़ाते हुए हमने एआई डिटेक्शन टूल्स का इस्तेमाल किया। ‘Hive Moderation’ ने इस वीडियो के 99.9 फीसदी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से बने होने का संकेत दिया।

हमने ‘undetectable’ टूल का भी इस्‍तेमाल किया। यहां वायरल वीडियो को सर्च करने पर नतीजों से पता चला कि इसे एआई की मदद से बनाया गया है। टूल ने 82 फीसदी तक वीडियो के एआई टूल से बने होने की संभावना जताई। टूल ने वीडियो के ‘सोरा’ एआई टूल से बनाए जाने की संभावना जताई।

अधिक जानकारी के लिए हमने एआई टेक्नोलॉजी में काम कर रहे एक्सपर्ट अजहर माचवे से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि वीडियो में देखा जा सकता है कि भ्रामक दावा करने वाले शख्स के चेहरे के हाव-भाव एक जैसे हैं। माथे की लकीरें भी एक समान ही रहती हैं। इस शख्स के बोलने का तरीका भी रोबोटिक लग रहा है। इन सभी चीजों से समझा जा सकता है कि यह वीडियो एआई की मदद से बनाया गया है।

दैनिक जागरण की वेबसाइट पर 6 मार्च 2026 को प्रकाशित एक रिपोर्ट के अनुसार, “असम के कार्बी आंगलोंग जिले में दुर्घटनाग्रस्त सुखोई एम-30 एमकेआई लड़ाकू फाइटर जेट में सवार वायुसेना के दोनों पायलट मारे गए। भारतीय वायुसेना ने इस जेट क्रैश में दोनों पायलटों की मृत्यु होने की पुष्टि की। बताया जाता है कि दुघर्टना में मौत के शिकार हुए एक पालयट ने पाकिस्तान के खिलाफ ऑपरेशन सिंदूर की कार्रवाई में हिस्सा लिया था।”

एनडीटीवी की वेबसाइट पर 6 मार्च 2026 को प्रकाशित एक रिपोर्ट के अनुसार, असम में हुए सुखोई-30 फाइटर जेट क्रैश में स्क्वाड्रन लीडर अनुज और फ्लाइट लेफ्टिनेंट पुरवेश दुरागकर की मौत हो गई है। भारतीय वायु सेना ने स्क्वाड्रन लीडर अनुज और फ्लाइट लेफ्टिनेंट पुरवेश दुरागकर के निधन पर गहरा शोक जताया है। सेना ने कहा कि भारतीय वायु सेना शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करती है और इस दुख की घड़ी में उनके साथ मजबूती से खड़ी है। आईएएफ का सुखोई एसयू-30एमकेआई लड़ाकू फाइटर जेट लापता हो गया था। सुखोई एसयू-30एमकेआई जब असम के कार्बी आंगलोंग जिले के ऊपर उड़ान भर रहा था, तब रडार से उसका संपर्क टूट गया था। रक्षा जनसंपर्क अधिकारी (पीआरओ) के मुताबिक, फाइटर एयरक्राफ्ट एक रूटीन मिशन पर था, जब वह रडार से गायब हो गया। सुखोई क्रैश में मारे गए एक पायलट गुरुग्राम से और दूसरे नागपुर से हैं।

अंत में हमने वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर को इंस्‍टाग्राम पर एक लाख से ज्यादा लोग फॉलो करते हैं। 

निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि रोते हुए पायलट के वायरल वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा गलत है। असल में वीडियो किसी असली घटना या शख्स का नहीं है। वीडियो को एआई की मदद से बनाया गया है। सरकार ने भी वीडियो और इसमें किए गए दावे का खंडन किया है। 

The post Fact Check: सुखोई फाइटर जेट क्रैश के बाद खराब रखरखाव के कारण उड़ान भरने से इनकार करते पायलट का वीडियो AI निर्मित appeared first on Vishvas News.

Post a Comment

0 Comments