नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर इलेक्ट्रिक कार का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि कार के साथ एक पोर्टेबल जनरेटर लगा हुआ है, जिसकी मदद से कार को चलाया जा रहा है।
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि यह वीडियो किसी असली घटना का नहीं, बल्कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से बनाया गया है।
क्या हो रहा है वायरल?
फेसबुक यूजर ‘Anil Kumar Raghav’ ने 24 फरवरी 2026 को वायरल वीडियो को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा, “इस वीडियो को देखकर ‘न्यूटन’ अपनी कब्र में करवटें ले सकता है।”
पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

एक्स पर भी यह वीडियो वायरल हो रहा है।
पड़ताल
वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स की मदद से सर्च किया। हमें दावे से जुड़ी कोई न्यूज रिपोर्ट नहीं मिली।
वीडियो को गौर से देखने पर हमने पाया कि इसमें कई तकनीकी कमियां हैं। वीडियो में नजर आ रही गाड़ियों की नंबर प्लेट्स काफी अटपटी हैं और कई कारों की नंबर प्लेट्स पर कुछ भी नहीं लिखा हुआ है। ऐसे में वीडियो के एआई से बने होने का हमें संदेह हुआ।
पड़ताल को आगे बढ़ाते हुए हमने एआई डिटेक्शन टूल्स का इस्तेमाल किया। ‘Hive Moderation’ ने इस वीडियो के 99.6 फीसदी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से बने होने का संकेत दिया।

एक दूसरे टूल ‘undetectable’ ने वीडियो के 88 फीसदी एआई होने की संभावना जताई।

हमने गूगल डीपमाइंड के Synth ID टूल का भी इस्तेमाल किया। यहां वायरल वीडियो को सर्च करने पर नतीजों से पता चला कि यह वीडियो एआई की मदद से बनाया गया है।

वीडियो के बारे में अधिक जानकारी हासिल करने के लिए हमने इसके कई कीफ्रेम निकाले और उन्हें गूगल रिवर्स इमेज की मदद से सर्च किया। हमें वायरल वीडियो ‘viiztrrix’ के इंस्टाग्राम अकाउंट पर मिला। वीडियो को 22 फरवरी 2026 को शेयर किया गया था। अकाउंट के बॉयो में मौजूद जानकारी के मुताबिक, यूजर ऐसे एआई वीडियो बनाकर शेयर करता है।

हमने वायरल पोस्ट को एआई टेक्नोलॉजी में काम कर रहे एक्सपर्ट अजहर माचवे के साथ शेयर किया। उन्होंने हमें बताया कि यह वीडियो “सिंथेटिक मीडिया” का उदाहरण है। इसे बनाने के लिए वीडियो जनरेटिव एआई टूल का उपयोग किया गया है। वीडियो में देखा जा सकता है कि गाड़ियों की नंबर प्लेट्स नहीं हैं और कई नंबर प्लेट्स काफी अटपटी हैं और नजर नहीं आ रही हैं। वीडियो में एक थ्री-व्हीलर जब कार के पास से गुजरती है, तब पहले अचानक उसकी छत गायब हो जाती है और फिर वह आगे जाकर गायब हो जाती है। कार के सिंबल में भी बदलाव हो रहे हैं।
अंत में हमने वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले फेसबुक यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर को पांच हजार से ज्यादा लोग फेसबुक पर फॉलो करते हैं। यूजर ने प्रोफाइल में खुद को हरियाणा का रहने वाला बताया है।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि पोर्टेबल जनरेटर के साथ चलती इलेक्ट्रिक कार का वायरल वीडियो किसी असली घटना का नहीं, बल्कि AI निर्मित है।
The post Fact Check: पोर्टेबल जनरेटर के साथ चलती इलेक्ट्रिक कार का वीडियो AI निर्मित appeared first on Vishvas News.
0 Comments