नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। न्यूजीलैंड ने 2-1 से वनडे सीरीज में जीत हासिल कर ली है और अब दोनों देशों के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज खेली जा रही है। इसे से जोड़ते हुए भारत के पूर्व कोच रवि शास्त्री के नाम से एक पोस्ट तेजी से वायरल हो रहा है। पोस्ट में दावा किया जा रहा है कि रवि शास्त्री ने टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर को इस हार का जिम्मेदार ठहराया है और तंज कसते हुए कहा है कि उन्हें दोबारा घरेलू क्रिकेट और रणजी ट्रॉफी में जाकर खुद को साबित करना चाहिए।
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा गलत है। रवि शास्त्री के नाम से वायरल हो रहा बयान फर्जी है। उन्होंने गौतम गंभीर या फिर न्यूजीलैंड के साथ खेली गई सीरीज को लेकर इस तरह का कोई बयान नहीं दिया है। फेक बयान को गलत दावे के साथ वायरल किया जा रहा है।
क्या हो रहा है वायरल?
फेसबुक यूजर ‘Cricket Ed’ ने 21 जनवरी 2026 को वायरल पोस्ट को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा है, “रवि शास्त्री ने कहा जो कोच घरेलू मैदान पर मैच नहीं जिता सकते, उन्हें दोबारा घरेलू क्रिकेट और रणजी ट्रॉफी में जाकर खुद को साबित करना चाहिए।”
पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल
वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स की मदद से सर्च किया। हमें दावे से जुड़ी कोई न्यूज रिपोर्ट नहीं मिली।
पड़ताल को आगे बढ़ाते हुए हमने रवि शास्त्री के आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट्स को भी खंगाला। लेकिन हमें दावे से जुड़ी कोई जानकारी वहां पर भी नहीं मिली।
अधिक जानकारी के लिए हमने स्पोर्ट्स एनालिस्ट, जर्नलिस्ट और कमेंटेटर सैयद हुसैन से संपर्क किया। हमने वायरल पोस्ट को उनके साथ शेयर किया। उन्होंने वायरल बयान को फेक बताया है।
टीवी9 की आधिकारिक वेबसाइट पर 19 जनवरी 2026 को प्रकाशित एक रिपोर्ट के अनुसार, “भारत और न्यूजीलैंड के बीच 3 मैचों की वनडे सीरीज का आखिरी मैच इंदौर के होलकर स्टेडियम में खेला गया। इस मैच में टीम इंडिया को 41 रनों से हार का सामना करना पड़ा। इसी के साथ न्यूजीलैंड ने ये सीरीज 2-1 से अपने नाम कर ली। न्यूजीलैंड ने क्रिकेट के इतिहास में पहली बार भारत में वनडे सीरीज जीती है। इससे पहले उसे लगातार 7 सीरीज में हार का सामना करना पड़ा था।”

अंत में हमने फेक पोस्ट को शेयर करने वाले यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर को 28K लोग फॉलो करते हैं।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि न्यूजीलैंड से मिली हार को लेकर रवि शास्त्री ने गौतम गंभीर पर कोई तंज नहीं कसा है। रवि शास्त्री के नाम से वायरल हो रहा बयान फर्जी है। उन्होंने गौतम गंभीर या फिर न्यूजीलैंड के साथ खेली गई सीरीज को लेकर इस तरह का कोई बयान नहीं दिया है। फेक बयान को गलत दावे के साथ वायरल किया जा रहा है।
The post Fact Check: वनडे सीरीज में न्यूजीलैंड से मिली हार को लेकर रवि शास्त्री ने गौतम गंभीर पर नहीं कसा तंज, वायरल पोस्ट फर्जी appeared first on Vishvas News.
0 Comments